अपनी-अपनी रणनीति: भाजपा में प्रचार पर जोर, कांग्रेस में बन रहा प्लान, बसपा का भी प्रभाव दिखाने का प्रयास

भाजपा में प्रचार पर जोर, कांग्रेस में बन रहा प्लान, बसपा का भी प्रभाव दिखाने का प्रयास
  • राकांपा व शिवसेना के प्रमुख नेता कम ही नजर आएंग
  • मोदी की जनसभा कन्हान में होगी
  • 10 अप्रैल को शाम 6 बजे आयोजित होगी सभा

डिजिटल डेस्क, नागपुर. लोकसभा के पहले चरण के चुनाव के लिए पूर्व विदर्भ में चुनावी हलचल तेज होने लगी है। नागपुर, रामटेक सहित 5 लोकसभा क्षेत्रों के लिए 19 अप्रैल को मतदान किया जाएगा। सामान्य तौर पर इस चुनाव में प्रचार के लिए 15 दिन शेष है। उम्मीदवारों ने पद यात्राएं आरंभ कर दी है। साथ ही प्रमुख नेताओं की सभाएं भी तय होने लगी हैं। वैसे शुरूआती 2-3 दिन में देखा जाए तो भाजपा प्रचार पर जोर दे रही है। कांग्रेस में प्रचार योजना का प्लान बन रहा है। अकेले बल पर चुनाव लड़ रही बसपा भी प्रभाव दिखाने के प्रयास में है। सभाओं की योजनाओं की तैयारी के लिहाज से अनुमान है कि पहले चरण के चुनाव में शिवसेना व राकांपा के प्रमुख नेता कम ही प्रचार करते नजर आएंगे।

मोदी की सभा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा कन्हान में होगी। 10 अप्रैल को शाम 6 बजे आयोजित सभा में नागपुर व रामटेक लोकसभा के महायुति के उम्मीदवार व प्रमुख नेता उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार भी उपस्थित रहेंगे। मोदी की सभा के लिए भाजपा व शिवसेना शिंदे गुट के अलावा राकांपा अजित गुट के नेता नियोजन कार्य में लगे हुए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने अन्य नेताओं के साथ सभा स्थल का जायजा िलया है। शिवसेना शिंदे गुट के उपनेता उदय सामंत व पूर्व मंत्री दीपक सामंत भी क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी नागपुर शहर में लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए अब तक नहीं आए हैं। 2014 में उनकी सभाएं गोंदिया, अमरावती में हुई थीं। 2019 में भी वे नागपुर में नहीं आए। इस बार रामटेक लोकसभा क्षेत्र यानी नागपुर जिले में सभा लेकर मोदी महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 6 अप्रैल को गोंदिया में प्रचार सभा को संबोधित करेंगे।

बसपा की सभा

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती 11 अप्रैल को बेझनबाग मैदान में चुनाव सभा को संबोधित करेंगी। पार्टी के प्रचारक उत्तम शेवडे के अनुसार महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर मायावती मार्गदर्शन करेंगी। इस सभा में पूर्व विदर्भ की 5 लोकसभा सीटों के बसपा उम्मीदवार रहेंगे। सभा की तैयारी के लिए बसपा के प्रदेश स्तर के नेताओं ने दौरा किया है।

Created On :   4 April 2024 1:04 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story