- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- गांधी हत्या के आरोपों के बीच आरएसएस...
Nagpur News: गांधी हत्या के आरोपों के बीच आरएसएस विचारों से जुड़ी समिति का स्वदेशी संकल्प, गांधी-शास्त्री जयंती पर होंगे कार्यक्रम

- गांधीजी के स्वदेशी विचारों से लेकर संविधान और स्वदेशी तक विभिन्न विषयों पर होगी चर्चा
- 1 अक्टूबर को स्वदेशी विषय पर सभा, 2 अक्टूबर को शंकरनगर चौक से निकलेगी स्वदेशी संकल्प यात्रा
- विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों सहित नागरिक होंगे शामिल, महापौर नीता ठाकरे करेंगी यात्रा का उद्घाटन
Nagpur News महात्मा गांधी की हत्या को लेकर कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर लगाए जाने वाले आरोपों के बीच नागपुर में संघ विचारों से जुड़ी स्वदेशी संकल्प यात्रा समिति ने गांधी जयंती और लालबहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए हैं। कार्यक्रमों में गांधीजी के स्वदेशी विचारों से लेकर संविधान और स्वदेशी तक विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।
1 अक्टूबर को स्वदेशी पर सभा : गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर गुरुवार, 1 अक्टूबर को शाम 5 बजे स्वदेशी विषय पर सभा होगी। यह कार्यक्रम धरमपेठ एक्सटेंशन के शिवाजीनगर स्थित बाजीप्रभू देशपांडे चौक के पास डॉ. हेडगेवार भवन परिसर में, डॉ. हेडगेवार ब्लड बैंक स्थित वनवासी कल्याण आश्रम के सभागृह में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट उल्हास औरंगाबादकर करेंगे।सभा में डॉ. श्रद्धा भारद्वाज स्वदेशी और गांधीजी, सुनील कितकरू स्वदेशी और संघ, धनंजय भिड़े च्चला जागरण करूया स्वदेशीचेज् और एडवोकेट अविनाश काले संविधान और स्वदेशी विषय पर विचार रखेंगे।
गांधी हत्या को लेकर राजनीतिक विवाद का जिक्र : महात्मा गांधी की हत्या को लेकर कांग्रेस नेताओं की ओर से आरएसएस से संबंध जोड़ने वाले आरोपों का राजनीतिक विवाद लंबे समय से चला आ रहा है। राहुल गांधी ने 6 मार्च 2014 को भिवंडी की एक चुनावी सभा में संघ के लोगों पर महात्मा गांधी की हत्या का आरोप लगाया था। इसके बाद एक संघ कार्यकर्ता ने मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। 2016 में राहुल गांधी के वकीलों ने सुप्रीम कोर्ट में यह स्पष्ट किया था कि बयान पूरे संगठन को दोषी ठहराने के बजाय संबंधित व्यक्तियों के संदर्भ में था। इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के बीच नागपुर के कार्यक्रमों में गांधीजी के स्वदेशी विचारों को प्रमुखता दी जा रही है।
2 अक्टूबर को निकलेगी स्वदेशी संकल्प यात्रा : शुक्रवार, 2 अक्टूबर को सुबह 9 बजे शंकरनगर चौक से स्वदेशी संकल्प यात्रा शुरू होगी। यात्रा लक्ष्मीभवन चौक होते हुए रामनगर के श्री बाजीप्रभू चौक पहुंचेगी। इसके बाद धरमपेठ महिला सोसायटी के सीताराम भवन में सभा के साथ यात्रा का समापन होगा। आयोजकों के अनुसार, यात्रा में विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों के साथ नागरिक भी शामिल होंगे।
महापौर करेंगी उद्घाटन : यात्रा का उद्घाटन महापौर नीता ठाकरे के हाथों होगा। पद्मश्री डॉ. विकास महात्मे कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। समिति के उपाध्यक्ष एवं महाराष्ट्र राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष सतीश डागोर, जिन्हें राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त है, और वासंती भागवत प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। आयोजकों की ओर से धनश्री देशपांडे, समिति के सचिव संजय बांगले, मार्गदर्शक एडवोकेट अविनाश काले, कांचनताई गडकरी, नीलिमाताई बावणे सहित अन्य पदाधिकारियों ने नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
Created On :   1 Oct 2026 4:42 PM IST















