सरकार पर निशाना: वोटचोरी के आरोप के साथ सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करेगी युवक कांग्रेस

वोटचोरी के आरोप के साथ सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करेगी युवक कांग्रेस
  • चुनाव प्रक्रिया पर पारदर्शिता के सवाल
  • मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महाराष्ट्र युवक कांग्रेस ने बेरोजगारी, सरकारी विभागों में खाली पदों, भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सरकार पर निशाना साधा। बुधवार को प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में महाराष्ट्र प्रदेश युवक कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं नागपुर संभाग प्रभारी कपिल ढोके ने कहा कि युवाओं को रोजगार और मतदाताओं को उनके मतों का भरोसा मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। कपिल ढोके ने कहा, देश के युवाओं को उनकी नौकरी का हिसाब नहीं मिल रहा और मतदाताओं को उनके वोट का हिसाब नहीं मिल रहा। इसलिए ‘नौकरीचोर’ और ‘मतचोर’ सरकार के खिलाफ युवक कांग्रेस का संघर्ष और तेज किया जाएगा।

खाली पदों पर भर्ती की मांग

युवक कांग्रेस ने आरोप लगाया कि विभिन्न सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं, लेकिन युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। संगठन ने भर्ती प्रक्रियाओं में पेपर लीक और कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया। युवक कांग्रेस का कहना है कि ऐसी घटनाओं से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है।

चुनाव प्रक्रिया पर पारदर्शिता के सवाल

पत्रकार वार्ता में मतदाता सूचियों और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठाए गए। ढोके ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं के मन में किसी भी प्रकार की शंका नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए निर्वाचन आयोग को उठाए जा रहे सवालों का स्पष्ट जवाब देना चाहिए और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखना चाहिए।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

युवक कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की भी मांग की। कहा गया कि निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए ज्ञानेश कुमार को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक युवक कांग्रेस शांत नहीं बैठेगी। चुनाव प्रक्रिया पर जनता का विश्वास कायम रखने के लिए निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता जरूरी है। उनके इस्तीफे की मांग को लेकर युवक कांग्रेस अपना संघर्ष और तेज करेगी।

युवक कांग्रेस की प्रमुख मांगें

  • -सरकारी विभागों में खाली पदों पर तत्काल भर्ती की जाए।
  • -युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
  • -पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
  • -मतदाता सूचियों और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों का निर्वाचन आयोग स्पष्ट जवाब दे।
  • -चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
  • -प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
  • - मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें।

ये पदाधिकारी थे मौजूद

पत्रकार वार्ता में महाराष्ट्र प्रदेश युवक कांग्रेस के उपाध्यक्ष कपिल ढोके, प्रदेश महासचिव अभिषेक धवड़, सागर चव्हाण, अनुष्का वानखेड़े, सुशांत लोखंडे, रौनक चौधरी, निखिल वानखेड़े, हेमंत कातुरे, अक्षय हेटे, मेहुल अडवाणी, रोमा चौधरी, अझर शेख, मिथिलेश कन्हेरे, राज संतापे, ऋषभ धुले, नुपूर मते, आयुष राऊत, नकील शेख सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Created On :   30 Sept 2026 8:19 PM IST

Tags

Next Story