हवाला कनेक्शन!: मुंबई और गुजरात से जुड़े तार - नागपुर में विदेशी दूल्हा बनकर 20 लाख की ठगी, शादी और कारोबार का दिया झांसा, 8 गिरफ्तार

मुंबई और गुजरात से जुड़े तार - नागपुर में विदेशी दूल्हा बनकर 20 लाख की ठगी, शादी और कारोबार का दिया झांसा, 8 गिरफ्तार
  • मुंबई और गुजरात से जुड़े आरोपियों का दुबई हवाला कनेक्शन होने का संदेह
  • क्राइम ब्रांच ने आठ आरोपियों को दबोचा, कार-बाइक और मोबाइल समेत 18.45 लाख का माल जब्त
  • साइबर सेल की मदद से बिछाया जाल

डिजिटल डेस्क, नागपुर. विदेशी दूल्हा बनकर शादी का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का क्राइम ब्रांच यूनिट-3 और साइबर सेल ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुंबई और गुजरात से जुड़े आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में गिरोह का नेटवर्क नागपुर से संचालित होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को आरोपियों के दुबई से हवाला कनेक्शन होने का भी संदेह है।

गणेशपेठ थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, 50 वर्षीय महिला को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच पहचान और दोस्ती हो गई। आरोपी ने खुद को विदेश में कारोबार करने वाला बताते हुए भारत आकर महिला से शादी करने और यहीं बसने की बात कही। उसने अपने सोने के कारोबार के साथ ही यूके में कपड़ों का मॉल होने की जानकारी देकर महिला और उसके परिवार का विश्वास हासिल किया।

आरोपी ने कथित तौर पर महिला को बताया कि वह उसके लिए 70 तोला सोना और 70 हजार अमेरिकी डॉलर लेकर भारत आ रहा है। इसके बाद उसने दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों द्वारा पकड़े जाने की कहानी सुनाई। कस्टम शुल्क के नाम पर 13.92 लाख रुपए जमा करने की बात कहकर अलग-अलग बहानों से महिला से रुपए मांगे गए। इस तरह आरोपी ने कथित तौर पर करीब 20 लाख रुपए ऐंठ लिए।

साइबर सेल की मदद से बिछाया जाल

मामला दर्ज होने के बाद क्राइम ब्रांच के उपायुक्त दीपक अग्रवाल के मार्गदर्शन में यूनिट-3 ने साइबर सेल की सहायता से मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी जानकारी का विश्लेषण शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले।

इसके बाद पुलिस ने पीड़िता को साथ लेकर जाल बिछाया। ठगी की तैयारी कर रहे आरोपियों को पकड़ने के लिए की गई कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बाद में जांच के दौरान एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

  • जयेश अमृतजी ठाकुर (20) — चंद्रमाना, पाटण, गुजरात
  • यशपाल आमसिंह चौहान (24) — चंदाना, वाव, बनासकांठा, गुजरात
  • कुलदीपसिंह विक्रमजी जडेजा (26) — सहातलपुर, पाटण, गुजरात
  • राजेंद्र सिंह राणाजी वाघेला (34) — किडाणा, गांधीधाम, कच्छ, गुजरात
  • नरपत बाबू सिंह (27) — वातम, दियोदर, बनासकांठा, गुजरात
  • उपेंद्र नागजीभाई जोशी (28) — ईसा, बनासकांठा, गुजरात
  • भानुसिंह जसवंतसिंह वाघेला (29) — दियोदर, वावथरात, गुजरात
  • एक आरोपी — मुंबई निवासी

यह भी पढ़े -कन्हान नदी से रेत चोरी, 4 ब्रास रेत से भरा ट्रक जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार

18.45 लाख रुपए का माल जब्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 लाख रुपए कीमत की एक चारपहिया कार, 1.60 लाख रुपए कीमत की दो बाइक, 1.70 लाख रुपए के आठ मोबाइल फोन और 15 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। जब्त किए गए माल की कुल कीमत 18.45 लाख रुपए बताई गई है। गणेशपेठ थाने में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2), 204, 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Created On :   29 Sept 2026 7:08 PM IST

Tags

Next Story