- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- स्पीड लॉक से रेंग रहीं एसटी की...
Nagpur News: स्पीड लॉक से रेंग रहीं एसटी की बसें, लंबी दूरी के यात्रियों को हो रही परेशानी

Nagpur News बहुत कम रफ्तार पर स्पीड लॉक किए जाने से एसटी की लंबी दूरी की बसें गंतव्य तक पहुंचने में देरी कर रही हैं। इससे यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। यही नहीं यह बसें चढ़ाई पर भी जवाब दे रही हैं। काफी संघर्ष कर चढ़ाई पर चढ़ाना पड़ रहा है। तडेगांव, यवतमाल, अमरावती, धारणा, औरंगाबाद, पचमढ़ी, छिंदवाड़ा, सिवनी के बसों के साथ इस तरह का हाल हो रहा है।
कई बार यात्रियों से विवाद : एसटी की लाल बसों को 65 किलोमीटर प्रति घंटे और शिवशाही बसों को 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर स्पीड लॉक करना अपेक्षित है, ताकी सुरक्षा बनी रहे और गाड़ियां निर्धारित समय पर गंतव्य तक पहुंच सके। वर्तमान में दोनों श्रेणी की बसों को इससे भी कम रफ्तार पर लॉक कर रखा है। इससे हाई-वे पर यह बसें रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है। वही गंतव्य तक पहुंचने में देरी कर रही है। कुछ कंडक्टरों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि कई बार यात्रियों के साथ विवाद भी होता है। बसों को कम रफ्तार पर लॉक करने के कारण केवल यही एक समस्या से नहीं जूझना पड़ रहा है। कम रफ्तार के कारण चढ़ाई पर भी यह बसें जवाब दे रही हैं। 2 या 3 नंबर गियर में बस चढ़ाई को पार नहीं कर पाती, ऐसे में पहले गियर पर ही बसों को आगे धीमे-धीमे बढ़ाया जाता है। रफ्तार कम रहने से बसें लहराते हुए चढ़ाई पार करती हैं। कई बार पीछे आने का डर भी बना रहता है।
समय लाल बसों के बराबर ही लग रहा है : वर्तमान में हाईटेक शिवशाही बसों का बोलबाला है। इन बसों में सफर करना हर यात्रियों के लिए खास होता है, लेकिन रफ्तार के मामले में बसों को लॉक कर रखा है। 140 की रफ्तार तक भागने वाली इन बसों को 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भी कम पर लॉक किया है। सुरक्षा के हिसाब सेतो यह ठीक है, लेकिन फासले तय करने में देरी होती है। शिवशाही बसों का किराया लाल बसों की तुलना ज्यादा रहने के बावजूद सफर पूरा करने के लिए इन बसों को लाल बसों के समान ही समय लगता है। रफ्तार लॉक होने से नागपुर से गड़चिरोली व नागपुर से यवतमाल के लिए दोनों बसों को 4 घंटे ही लगते हैं।
यह भी पढ़े -गलती से खाते में आए 5.70 लाख रुपए परिवार ने लौटाने से किया इनकार, तीन के खिलाफ मामला दर्ज
Created On :   29 Sept 2026 4:38 PM IST












