तड़के हादसा: झोपड़पट्टी में भीषण आग से चार घरों की सामग्री स्वाहा, अग्निशमन दल की सतर्कता से टली जनहानि

झोपड़पट्टी में भीषण आग से चार घरों की सामग्री स्वाहा, अग्निशमन दल की सतर्कता से टली जनहानि
  • वायुसेना नगर की दीवार से सटी झोपड़पट्टी में तड़के लगी आग
  • दो दोपहिया वाहन और सिलेंडर भी आग की चपेट में आए
  • अग्निशमन दल ने घरों में फंसे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला

डिजिटल डेस्क, नागपुर। हजारीपहाड़ क्षेत्र में वायुसेना नगर की दीवार से सटी झोपड़पट्टी में सोमवार तड़के आग लग गई। आग में करीब चार घरों की घरेलू सामग्री, दो दोपहिया वाहन और सिलेंडर जलने से लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, एक घर में अगरबत्ती से कपड़ों में आग लगी। इसके बाद आग दोपहिया वाहनों और सिलेंडर तक पहुंच गई, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तड़के घरों के सदस्य नींद में होने के कारण बड़ी दुर्घटना की आशंका थी, लेकिन मनपा के सिविल और त्रिमूर्तिनगर अग्निशमन केंद्र के कर्मचारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।

सोमवार सुबह करीब 3.30 बजे भावेश पाटील के घर में अगरबत्ती से कपड़े में आग लगने की प्राथमिक जानकारी है। यह आग फैलकर ज्योतिष होले के एक्टिवा क्रमांक एमएच-31-डीक्यू-1485 तक पहुंच गई। देखते ही देखते बाइक क्रमांक एमएच-31-एफके-1682 भी आग की चपेट में आ गई। इसके बाद आग ज्योतिष होले के घर तक पहुंच गई। सिलेंडर में ब्लास्ट होने से आग तेजी से फैलकर परिसर के अन्य घरों तक पहुंच गई। बाद में मेघा खोब्रागड़े के घर के रसोईघर में रखे दो सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गए। आग में भावेश पाटील, ज्योतिष होले, मेघा खोब्रागड़े और धावनलाल भोयर के घरों में रखे टीवी, फ्रिज, कपड़े समेत अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

अग्निशमन दल की तत्परता

आग लगने की सूचना परिसर के ओमप्रकाश जायसवाल ने अग्निशमन विभाग के कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही सिविल अग्निशमन दल के देवानंद शामकुले के नेतृत्व में कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके साथ ही त्रिमूर्तिनगर अग्निशमन केंद्र से भी वाहन और कर्मचारियों को भेजा गया। अग्निशमन दल के कर्मचारियों ने प्राथमिकता से घरों में मौजूद बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते की गई इस कार्रवाई से बड़ी जनहानि टल गई।

Created On :   28 Sept 2026 5:18 PM IST

Tags

Next Story