बेच रहे सपने: विवादो में प्रोजेक्ट- रिवरसाइड लाइफ के नाम पर प्लॉटों की मार्केटिंग, मौके पर नदी में नहीं मिला पानी

  • वेबसाइट-ब्रोशर से लेकर प्रोजेक्ट तक ‘रिवर व्यू’ पर जोर
  • कंपनी का कहना- रिवरसाइड शब्द सिर्फ लोकेशन के लिए
  • विवादो में गोदरेज प्रॉपर्टीज का रिवरशोर एस्टेट प्रोजेक्ट

डिजिटल डेस्क, नागपुर. नदी किनारे घर, सामने बहता पानी और हरियाली के बीच रहने का अनुभव....प्रॉपर्टी की मार्केटिंग में ऐसे दृश्य ग्राहकों को आकर्षित करते हैं। हिंगना तहसील के सुमठाना स्थित गोदरेज प्रॉपर्टीज के ‘रिवरशोर एस्टेट’ में भी नदी को प्रोजेक्ट की खासियत के तौर पर प्रचारित किया जा रहा है। वेबसाइट, ब्रोशर और प्रोजेक्ट की प्रचार सामग्री में ‘रिवरसाइड प्लॉट्स’ और ‘रिवर व्यू’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, लेकिन सितंबर में मानसून के दौरान भी प्रोजेक्ट के पास बहने वाली वेना नदी का बड़ा हिस्सा सूखा है। यह हाल साल के अधिकांश महीने में रहता है। गोदरेज ने भी माना कि नदी अधिकांश समय सूखी रहती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जिस नदी को प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी विशेषता बताकर ग्राहकों को आकर्षित किया जा रहा है, वहीं कितना सही है, क्योंकि जमीनी हकीकत इससे उलट है। ऐसे में देश की नामी कंपनियों में शुमार गोदरेज की विश्वसनीयता पर सवाल उठना लाजिमी है।

होर्डिंग से प्रचार सामग्री तक नदी पर जोर

प्रोजेक्ट परिसर में लगे होर्डिंग, कार्यालय की स्क्रीन, मॉडल और अन्य प्रचार सामग्री में प्राकृतिक वातावरण और नदी को प्रमुखता दी गई है। इससे ग्राहक के सामने नदी के करीब प्लॉट और प्राकृतिक जलदृश्य वाली लोकेशन की तस्वीर बनती है। हालांकि, मौके पर नदी और प्लॉट के बीच करीब 600 मीटर की दूरी है। नदी के पात्र में भी सितंबर में पानी नहीं मिला।

सेल्स अधिकारी ने भी बताई नदी की स्थिति

प्रोजेक्ट की जानकारी लेने के लिए एक ग्राहक ने कंपनी के सेल्स अधिकारी से संपर्क किया। बातचीत में अधिकारी ने प्रोजेक्ट को रिवरसाइड लोकेशन बताया। नदी में पानी और बाढ़ की स्थिति को लेकर सवाल पूछने पर अधिकारी ने बताया कि नदी करीब 600 मीटर दूर है और साल के अधिकांश समय इसमें पानी नहीं रहता। अधिकारी ने यह भी कहा कि नदी के कारण प्रोजेक्ट में बाढ़ के जोखिम की चिंता नहीं है।

खरीदार के लिए नदी की दूरी और स्थिति जानना जरूरी

रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े एक कारोबारी के अनुसार किसी प्रोजेक्ट की प्राकृतिक लोकेशन को उसकी मार्केटिंग में प्रमुखता देना सामान्य है। हालांकि, खरीदार के लिए यह जानना महत्वपूर्ण है कि बताई जा रही लोकेशन की वास्तविक दूरी क्या है और प्राकृतिक विशेषता पूरे साल किस स्थिति में रहती है। ऐसे में ‘रिवरसाइड’ या ‘रिवर व्यू’ जैसे दावों के साथ नदी की वास्तविक दूरी और जल स्थिति की जानकारी भी स्पष्ट रूप से सामने आने से ग्राहक को निवेश से पहले पूरी तस्वीर समझने में मदद मिल सकती है।

कंपनी ने कहा- प्राकृतिक नदी में पानी मौसम पर निर्भर

गोदरेज प्रॉपर्टीज ने अपने जवाब में कहा कि रिवरशोर एस्टेट वेना नदी के पास स्थित है। यह नोटिफाइड नदी है और लागू डेवलपमेंट प्लान में इसे सही ढंग से दर्शाया गया है। कंपनी ने कहा कि ‘रिवरसाइड’ शब्द का इस्तेमाल केवल प्रोजेक्ट की लोकेशन बताने के लिए किया गया है। इसका अर्थ लगातार या सालभर नदी में पानी का बहाव होना नहीं है। कंपनी के अनुसार प्राकृतिक नदी में पानी का स्तर और बहाव मौसम, जलवायु तथा अन्य प्राकृतिक परिस्थितियों पर निर्भर करता है।

Created On :   27 Sept 2026 8:04 PM IST

Tags

Next Story