पर्यावरणपूरक विसर्जन: 13वें दिन तक 4,188 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन, 4,087 मिट्टी और 101 पीओपी प्रतिमाएं शामिल

13वें दिन तक 4,188 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन, 4,087 मिट्टी और 101 पीओपी प्रतिमाएं शामिल
  • मनपा ने 10 जोन में बनाए 465 कृत्रिम कुंड, पर्यावरणपूरक विसर्जन व्यवस्था जारी
  • बड़ी सार्वजनिक प्रतिमाओं के लिए कच्छी विसा, गोरेवाड़ा, पुलिस लाइन टाकली और कोराडी में आरसीसी टैंक
  • विसर्जन के बाद करीब 2 हजार कर्मचारियों ने संभाली सफाई व्यवस्था, मार्गों और चौराहों की तत्काल सफाई

डिजिटल डेस्क, नागपुर. महानगरपालिका के पर्यावरणपूरक गणेश विसर्जन अभियान के तहत 13वें दिन तक शहर के कृत्रिम कुंडों और निर्धारित विसर्जन स्थलों पर कुल 4188 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इनमें 4087 मिट्टी की और 101 पीओपी प्रतिमाएं शामिल हैं। मनपा प्रशासन ने शहर के 10 जोन में विभिन्न स्थानों पर कुल 465 कृत्रिम कुंड तैयार किए हैं।

इसके अलावा 6 फीट और उससे बड़ी सार्वजनिक गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए कोराडी सहित शहर में चार स्थानों पर आरसीसी टैंकों की व्यवस्था की गई है। इनमें कच्छी विसा, गोरेवाड़ा, पुलिस लाइन टाकली और कोराडी शामिल हैं। नागरिकों को कृत्रिम कुंडों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए क्यूआर कोड और संकेतस्थल भी लगाए गए हैं।

महापौर नीता ठाकरे के मार्गदर्शन में उपमहापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी, सत्तापक्ष नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर, विरोधी पक्ष नेता संजय महाकालकर, मनपा आयुक्त डॉ. विपीन और स्वास्थ्य सभापति मनीषा अतकरे के नेतृत्व में पर्यावरणपूरक विसर्जन व्यवस्था संचालित की जा रही है। रविवार को घनकचरा व्यवस्थापन कक्ष के उपायुक्त राजेश भगत और मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. गजेंद्र महल्ले ने विभिन्न विसर्जन स्थलों का जायजा लिया।


बड़ी सार्वजनिक प्रतिमाओं के लिए बनाए गए आरसीसी टैंकों में कच्छी विसा में 375, गोरेवाड़ा में 185, पुलिस लाइन टाकली में 76 और कोराडी में 234 प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इन चारों स्थानों पर कुल 870 प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ।

कृत्रिम कुंडों और आरसीसी टैंकों के आंकड़ों को मिलाकर 13वें दिन तक कुल 4188 प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ है। इनमें 4087 मिट्टी और 101 पीओपी प्रतिमाएं शामिल हैं।

विसर्जन के बाद तत्काल सफाई

‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विसर्जन के बाद निर्धारित मार्गों और स्थानों की तत्काल सफाई कराई जा रही है। घनकचरा व्यवस्थापन कक्ष के करीब 2 हजार कर्मचारियों को शहर के सार्वजनिक विसर्जन मार्गों, चौराहों और अन्य स्थानों पर तैनात किया गया है। विसर्जन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कर्मचारियों द्वारा संबंधित मार्गों और परिसर की सफाई की जा रही है।

Created On :   27 Sept 2026 6:00 PM IST

Tags

Next Story