पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव: बाप्पा की विदाई के लिए 450 से अधिक कृत्रिम विसर्जन कुंड, बड़ी मूर्तियों के विसर्जन के लिए 6 आरसीसी कृत्रिम तालाब तैयार

बाप्पा की विदाई के लिए 450 से अधिक कृत्रिम विसर्जन कुंड, बड़ी मूर्तियों के विसर्जन के लिए 6 आरसीसी कृत्रिम तालाब तैयार
  • निर्माल्य संकलन के लिए 16 मोबाइल वाहनों समेत अतिरिक्त रथ तैनात
  • बड़ी मूर्तियों के विसर्जन के लिए 6 आरसीसी कृत्रिम तालाब तैयार
  • 225 स्थानों पर 450 कृत्रिम टैंक की व्यवस्था

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव के लिए महानगरपालिका प्रशासन ने शहर में 225 स्थानों पर 450 कृत्रिम विसर्जन टैंक तैयार किए हैं। सार्वजनिक मंडलों की 6 फीट और उससे अधिक ऊंचाई की मूर्तियों के विसर्जन के लिए कच्छी विसा, गोरेवाड़ा, पुलिस लाइन टाकली, कोराड़ी, सोनेगांव और गांधीसागर स्थित आरसीसी कृत्रिम तालाबों में विसर्जन की व्यवस्था की गई है। सभी कृत्रिम टैंकों के समीप निर्माल्य संकलन कुंड की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 16 मोबाइल निर्माल्य संकलन वाहनों को तैनात किया गया है।

शहरभर में 200 से अधिक बड़े सार्वजनिक गणेश मंडलों से निर्माल्य का संकलन किया जा रहा है। प्रत्येक जोन में एक निर्माल्य रथ के साथ ही चार अतिरिक्त निर्माल्य रथ तैनात किए गए हैं। महापौर नीता ठाकरे, सत्ता पक्ष नेता बाल्या उर्फ नरेंद्र बोरकर, आयुक्त डॉ. विपिन, उपायुक्त राजेश भगत और मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. गजेंद्र महल्ले द्वारा पूरी व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।

शहर के सक्करदरा तालाब, गांधीसागर तालाब, पुलिस लाइन टाकली, कोराड़ी तालाब, सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान-कच्छीविसा और नाईक तालाब परिसर में कृत्रिम विसर्जन कुंड की नागरिक सुविधा तैयार की गई है। महापौर नीता ठाकरे ने विसर्जन के लिए आने वाले भक्तों को पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।


विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा रक्षकों की नियुक्ति और विद्युत विभाग की ओर से पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। परिसर में कुएं के पानी की व्यवस्था के साथ ही आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैराकों की नियुक्ति की गई है। अग्निशमन विभाग की ओर से तैराकों के साथ सुरक्षा बोट और अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।

6 फीट और अधिक ऊंचाई की मूर्तियों के विसर्जन के लिए 6 आरसीसी कृत्रिम टैंक

  • कच्छीविसा
  • गोरेवाड़ा
  • पुलिस लाइन टाकली
  • कोराड़ी कृत्रिम तालाब
  • सोनेगांव कृत्रिम तालाब
  • गांधीसागर कृत्रिम तालाब

Created On :   24 Sept 2026 7:49 PM IST

Tags

Next Story