आश्वासन: फडणवीस ने कहा - सूखा प्रभावित को मदद से वंचित नहीं रखा जाएगा, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री गडकरी से की मुलाकात

फडणवीस ने कहा - सूखा प्रभावित को मदद से वंचित नहीं रखा जाएगा, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री गडकरी से की मुलाकात
  • 265 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया
  • कोई भी पात्र व्यक्ति मदद से वंचित नहीं रहेगा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राज्य में कम बारिश के कारण 265 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सूखे की स्थिति में कोई भी पात्र व्यक्ति मदद से वंचित नहीं रहेगा। जिन तहसीलों को फिलहाल सूची में शामिल नहीं किया गया है, उनकी भी जांच कर ‘ट्रिगर-3’ के तहत राहत देने पर विचार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि सूखाग्रस्त 265 तहसीलों में 12 तरह की राहत और रियायतें लागू की गई हैं। किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले के लिए पेयजल का अलग प्रारुप तैयार किया गया है। जलाशयों में उपलब्ध पानी में पहले पेयजल की जरूरत पूरी की जाएगी। जुलाई-अगस्त तक पेयजल के लिए आरक्षण रखते हुए अतिरिक्त पानी रबी फसलों के लिए उपलब्ध कराने की संभावनाएं भी देखी जाएंगी। फडणवीस ने कहा कि अल नीनो के प्रभाव का अध्ययन किया जा रहा है । फरवरी के अंत तक स्थिति गंभीर स्तर पर पहुंचने की आशंका है। इससे निपटने के लिए आवश्यक उपाय जल्द पूरे किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से सूखाग्रस्त क्षेत्रों की मदद के लिए अनावश्यक खर्च से बचने की अपील की। वहीं, गडचिरोली के भामरागढ़ में छत्तीसगढ़ की अतिवृष्टि से आई बाढ़ में प्रशासन राहत कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति अब सामान्य हो रही है।

गडकरी से मिले फडणवीस

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी से मुलाकात की। रविवार को दोनों नेताओं की मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधानपरिषद की नागपुर स्नातक निर्वाचन सीट के चुनाव की तैयारी चल रही है। 29 सितंबर में उम्मीदवार आवेदन फार्म भरेंगे। भाजपा का प्रयास है कि इस बार निर्विरोध चुनाव हो। 2020 में यह सीट कांग्रेस ने छीन ली थी। उससे पहले इस सीट पर जनसंघ, भाजपा का कब्जा रहा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पिता गंगाधरराव फडणवीस व नितीन गडकरी इस सीट से चुनाव जीतकर विधानपरिषद में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। फिलहाल भाजपा के इच्छुक उम्मीदवारों की भरमार है। कुछ नेता स्वयं को गडकरी के समर्थक तो कुछ फडणवीस के समर्थक के तौर पर पेश कर रहे हैं। माना जा रहा है कि फडणवीस व गडकरी मिलकर उम्मीदवारी के लिए नामों पर निर्णायक चर्चा करेंगे।

Created On :   27 Sept 2026 5:45 PM IST

Tags

Next Story