क्राइम ब्रांच: बड़ी कार्रवाई - 76 गोवंश तस्करों के चंगुल से मुक्त, दो ट्रकों में ठूंसकर ले जाने की थी तैयारी

बड़ी कार्रवाई - 76 गोवंश तस्करों के चंगुल से मुक्त, दो ट्रकों में ठूंसकर ले जाने की थी तैयारी
  • हनी डेयरी फार्म पर तड़के छापा, दो ट्रकों से 47 और फार्म परिसर से 29 गोवंश बरामद
  • 64.80 लाख रुपए का माल जब्त, ट्रक मालिक, चालक-क्लीनर समेत सात लोगों पर मामला दर्ज
  • गादा क्षेत्र में पहले भी 110 गोवंश कराए जा चुके हैं मुक्त, पुलिस ने आपराधिक रिकॉर्ड खंगालना शुरू किया

डिजिटल डेस्क, नागपुर. गोवंशों को छोटे-छोटे रस्सों से बेरहमी से बांधकर क्षमता से अधिक संख्या में ट्रकों में ठूंसकर ले जाने की तैयारी का मामला सामने आया है। नागपुर शहर अपराध शाखा के भूमाफिया विरोधी दस्ते ने गुप्त सूचना के आधार पर नवीन कामठी थाना क्षेत्र के गादा-नेरी रोड स्थित हनी डेयरी फार्म पर रविवार तड़के छापा मारकर 76 गोवंशों को मुक्त कराया। पुलिस के अनुसार, इन गोवंशों को कथित तौर पर अवैध रूप से बूचड़खाने ले जाने की तैयारी की जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो 10 पहिया ट्रक, दोपहिया वाहन, गोवंशों को बांधने के लिए इस्तेमाल की गई नायलॉन रस्सियां और अन्य सामान समेत कुल 64.80 लाख रुपए का माल जब्त किया है।

दो ट्रकों में ठूंसकर बांधे थे 47 गोवंश

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार तड़के करीब 3.50 बजे भूमाफिया विरोधी दस्ते को सूचना मिली थी कि गादा शिवार स्थित हनी डेयरी फार्म में गोवंशों को अवैध रूप से बाहर ले जाने की तैयारी चल रही है। पुलिस निरीक्षक संजीवनी थोरात के नेतृत्व में दस्ते ने तत्काल मौके पर छापा मारा।

छापे के दौरान टाटा ट्रक क्रमांक एमएच-40-सीवी-7517 में 21 और ट्रक क्रमांक एमएच-40-सीटी-4076 में 26 गोवंश मिले। दोनों ट्रकों से कुल 47 गोवंश बरामद किए गए। इसके अलावा फार्म परिसर से 29 गोवंश और मिले। इस तरह पुलिस ने कुल 76 गोवंशों को मुक्त कराया।

पुलिस के मुताबिक, मवेशियों को छोटे रस्सों से बांधकर ट्रकों में क्षमता से अधिक संख्या में रखा गया था। उनके लिए पर्याप्त चारा-पानी और देखभाल की व्यवस्था भी नहीं थी।

64.80 लाख का माल जब्त, सात लोगों पर मामला

पुलिस ने दोनों ट्रकों की कीमत करीब 44 लाख रुपए और 76 गोवंशों की कीमत 19.10 लाख रुपए बताई है। कार्रवाई में कुल 64.80 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है। इसमें ट्रक, दोपहिया वाहन, 76 गोवंश और पशुओं को बांधने के लिए इस्तेमाल की गई नायलॉन रस्सियां सहित अन्य सामान शामिल है।

इस मामले में हनी डेयरी फार्म के मालिक मोहम्मद आसिम के अलावा दोनों ट्रकों के मालिक, चालक और क्लीनर समेत सात लोगों के खिलाफ नवीन कामठी थाने में महाराष्ट्र प्राणी सुरक्षा अधिनियम और पशुओं के प्रति क्रूरता रोकथाम अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, रिकॉर्ड सामने आने के बाद महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत कार्रवाई की संभावना भी जांची जाएगी।

गादा क्षेत्र में पहले भी 110 गोवंश मिले थे

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गादा क्षेत्र में इससे पहले भी गोवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। 26 सितंबर से पहले पुलिस उपायुक्त परिमंडल क्रमांक-6 के विशेष दस्ते और नवीन कामठी पुलिस ने संयुक्त रूप से रुद्र डेयरी फार्म पर छापा मारा था।

इस कार्रवाई में पुलिस ने 110 गोवंशों को मुक्त कराया था। पुलिस के अनुसार, इन पशुओं को कथित तौर पर अवैध रूप से कत्तल के उद्देश्य से रखा गया था। सभी गोवंशों को मुक्त कराकर पारडी स्थित गोरक्षण केंद्र भेजा गया था। उस कार्रवाई में करीब 19.15 लाख रुपए का माल जब्त किया गया था।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई

कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेंद्र दाभाड़े, क्राइम ब्रांच के उपायुक्त (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल और एसीपी अपराध वैभव जाधव के मार्गदर्शन में की गई।

दस्ते की पुलिस निरीक्षक संजीवनी थोरात, पुलिस निरीक्षक प्रशांत ठवरे तथा भूमाफिया विरोधी दस्ते और अपराध शाखा के पुलिसकर्मियों हवलदार सारंग बालपांडे, भागवत वानखेडे, महेश सेलोकर, प्रमोद पिंपलीकर, अमर गणवीर, विवेक लांबे, शेख इमरान और सुभान गलाकाटू ने कार्रवाई में हिस्सा लिया।

Created On :   27 Sept 2026 6:09 PM IST

Tags

Next Story