धोखाधड़ी: गलती से खाते में आए 5.70 लाख रुपए परिवार ने लौटाने से किया इनकार, तीन के खिलाफ मामला दर्ज

गलती से खाते में आए 5.70 लाख रुपए परिवार ने लौटाने से किया इनकार, तीन के खिलाफ मामला दर्ज
  • अदालत के आदेश पर इमामवाड़ा थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज
  • खाताधारक ने पत्नी और बेटे के साथ रकम वापस करने से किया इनकार
  • लोन की रकम गलती से दूसरे खाताधारक के खाते में हुई थी जमा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। गलती से बैंक खाते में जमा हुए 5 लाख 70 हजार 866 रुपए वापस करने से इनकार करने के मामले में पति, पत्नी और बेटे के खिलाफ इमामवाड़ा थाने में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया है। अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने रविवार को यह कार्रवाई की। शिकायतकर्ता रूपाली यशवंत बारई (41), श्याम नगर निवासी हैं। वह विभिन्न बैंकों और वित्तीय कंपनियों की चैनल पार्टनर हैं। इसके तहत स्वीकृत लोन की रकम ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। इसी क्रम में लोन की 5 लाख 70 हजार 866 रुपए की रकम संबंधित ग्राहक के खाते में जमा की जानी थी, लेकिन गलती से यह राशि कलमेश्वर निवासी शफिक रफिक शेख के खाते में ट्रांसफर हो गई।

रकम गलती से शफिक के खाते में जमा होने का पता चलने के बाद रूपाली ने उससे संपर्क किया और बताया कि रकम किसी अन्य खाते में जमा की जानी थी, लेकिन भूलवश उसके खाते में चली गई है। उन्होंने शफिक से रकम वापस करने के लिए कहा। आरोप है कि शफिक ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया।

इसके बाद रूपाली ने शफिक की पत्नी शबनम (40) और बेटे तालिब (20) से भी रकम वापस करने के लिए शफिक को समझाने को कहा। आरोप है कि दोनों ने भी शफिक का साथ देते हुए रकम वापस करने से इनकार कर दिया। इसके बाद रूपाली ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश पर इमामवाड़ा पुलिस ने शफिक, उसकी पत्नी शबनम और बेटे तालिब के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है।

Created On :   28 Sept 2026 6:09 PM IST

Tags

Next Story