संदेश: मास कम्युनिकेशन विभाग में कैंपस पब्लिकेशन का विमोचन, कुलपति डॉ. मनाली क्षीरसागर ने कहा - पत्रकारिता में गरिमा और जिम्मेदारी जरूरी

मास कम्युनिकेशन विभाग में कैंपस पब्लिकेशन का विमोचन, कुलपति डॉ. मनाली क्षीरसागर ने कहा - पत्रकारिता में गरिमा और जिम्मेदारी जरूरी
  • नए विद्यार्थियों को विभाग, पाठ्यक्रम और अकादमिक गतिविधियों की दी जानकारी
  • मास कम्युनिकेशन के विद्यार्थियों को प्रिंट, टीवी और डिजिटल मीडिया का दिया जा रहा व्यावहारिक प्रशिक्षण
  • स्टूडेंट्स ने किया कुलपति डॉ. मनाली क्षीरसागर का सत्कार

डिजिटल डेस्क, नागपुर. तजिन्दर सिंह. राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विद्यापीठ के मास कम्युनिकेशन विभाग की ओर से सोमवार को इंडक्शन कम कैंपस पब्लिकेशन अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यापीठ की कुलपति डॉ. मनाली क्षीरसागर ने कैंपस पब्लिकेशन का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को पत्रकारिता के क्षेत्र में जिम्मेदारी, निष्पक्षता और गरिमा के साथ कार्य करने का संदेश दिया।

पुरानी परंपरा तोड़ते हुए इस बार कुलगुरु और मुख्य अतिथि डॉ. मनाली क्षीरसागर का सत्कार छात्र-छात्राओं द्वारा किया गया। अक्सा बग़सरावाला, मानसी तुंबदाम और जानवी काचोरे ने उनका सत्कार किया। कार्यक्रम का संचालन गुरज्योत कौर सिब्बल ने किया। मुख्य अतिथि डॉ. मनाली क्षीरसागर का परिचय सनिका गुलहाने ने दिया। प्राची अग्रवाल और हर्षल पुरी ने गणेश वंदन नृत्य प्रस्तुत किया। ईशा शिपोकर ने आभार प्रदर्शन किया।


कुलपति डॉ. मनाली क्षीरसागर ने कहा कि मास कम्युनिकेशन विभाग के विद्यार्थी भविष्य में पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकार का दायित्व है कि वह बिना अनावश्यक तड़का लगाए तथ्यपरक, स्वच्छ और गरिमापूर्ण पत्रकारिता करें। मीडिया ट्रायल के विषय में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। यदि कोई निर्दोष या कमजोर व्यक्ति मीडिया ट्रायल का शिकार होता है, तो उसके लिए परिस्थितियों का सामना करना कठिन हो सकता है। उन्होंने कहा कि मीडिया का दायित्व समाज को सही दिशा दिखाना है। जब पत्रकार अपने कार्य के प्रति ईमानदार और सत्यनिष्ठ हों, तो उन्हें किसी से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आधुनिक तकनीक के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण

विभागाध्यक्ष डॉ. धर्मेश धवनकर ने कहा कि विभाग के विद्यार्थी देशभर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। विभाग में विद्यार्थियों को आधुनिक कैमरा, स्टूडियो तथा प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए विषय विशेषज्ञों की सेवाएं ली जा रही हैं। विद्यार्थियों को प्रिंट और टेलीविजन समाचारों के निर्माण का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया जा रहा है।

नए विद्यार्थियों को विभाग की गतिविधियों से कराया परिचित

कार्यक्रम के दौरान नए विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन सत्र आयोजित किया गया। इसमें उन्हें विभाग की कार्यप्रणाली, पाठ्यक्रम, अकादमिक गतिविधियों और उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को मीडिया क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों और व्यावहारिक प्रशिक्षण के महत्व से भी अवगत कराया गया।


Created On :   28 Sept 2026 7:11 PM IST

Tags

Next Story