संविधान दिवस कार्यक्रम: संविधान के पालन से देश बनेगा मजबूत, पश्चिम नागपुर में 28-29 नवंबर को विशेष मतदाता पंजीयन शिविर

संविधान के पालन से देश बनेगा मजबूत, पश्चिम नागपुर में 28-29 नवंबर को विशेष मतदाता पंजीयन शिविर
  • जिलाधीश कुमार आशीर्वाद ने संविधान दिवस पर नागरिकों से की जिम्मेदारी निभाने की अपील
  • मतदाता सूची में नाम और जानकारी की जांच के लिए सभी मतदान केंद्रों पर लगेंगे शिविर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। संविधान दिवस के अवसर पर जिलाधीश कुमार आशीर्वाद ने भारतीय संविधान को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ संविधान बताते हुए प्रत्येक नागरिक से इसका ईमानदारी से पालन करने की अपील की। वहीं, चुनाव आयोग के निर्देश पर पश्चिम नागपुर विधानसभा क्षेत्र में 28 और 29 नवंबर को विशेष मतदाता पंजीयन शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने का प्रयास किया जाएगा। डॉ. बाबासाहब आंबेडकर सामाजिक न्याय भवन में 26 नवंबर को समाज कल्याण कार्यालय की ओर से संविधान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। उद्घाटन अवसर पर जिलाधीश कुमार आशीर्वाद ने कहा कि भारतीय संविधान ने प्रत्येक नागरिक को मौलिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों की जिम्मेदारी भी दी है। संविधान का पालन करना सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि बदलती दुनिया में कई तरह के संकट सामने आ रहे हैं, लेकिन भारतीय संविधान में हर परिस्थिति से निपटने के प्रावधान मौजूद हैं। यदि प्रत्येक नागरिक ईमानदारी से संविधान का पालन करे, तो देश अधिक सुरक्षित और मजबूत बनेगा। कार्यक्रम में जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमल किशोर फुटाने, सुरेंद्र पवार, प्रसाद कुलकर्णी, विजय वाकुलकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर गृहपाल सुजाता रामटेके, ईश्वर चंदनशिव और घरकुल योजना के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।

मतदाता सूची की जांच के लिए विशेष शिविर

दूसरी ओर, स्पेशल इन-डेप्थ रिवीजन प्रोग्राम-2026 (एसआईआर) के तहत पश्चिम नागपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर 28 और 29 नवंबर को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इनमें मतदाता सूची में दर्ज नामों और जानकारियों का सत्यापन किया जाएगा। विशेष रूप से अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरे नामों वाली प्रविष्टियों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शिविरों में मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने, जमा करने तथा सूची में दर्ज जानकारी में सुधार और अपडेट कराने के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर नाम और विवरण की जांच करने तथा आवश्यक दस्तावेज और जानकारी बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की गई है। अधिकारियों ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताया है।

Created On :  

Tags

Next Story