मनपा की आमसभा: हंगामे के आसार - 11 साल से नहीं बढ़ा संपत्ति कर, पुरानी दरें ही रहेंगी मान्य!, विकास कार्यों पर भी होगी चर्चा

हंगामे के आसार - 11 साल से नहीं बढ़ा संपत्ति कर, पुरानी दरें ही रहेंगी मान्य!, विकास कार्यों पर भी होगी चर्चा
  • शिक्षा विभाग में 292 अस्थायी शिक्षकों और बालवाड़ी दीदियों की नियुक्ति का प्रस्ताव
  • सहायक आयुक्तों की पदोन्नति से लेकर ऑरेंज स्ट्रीट के विकास कार्यों पर भी होगी चर्चा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। करीब दो माह के अंतराल के बाद शुक्रवार, 27 नवंबर को महानगरपालिका की आमसभा का आयोजन कवि सुरेश भट सभागृह में किया जा रहा है। 16 सितंबर के बाद होने जा रही इस आमसभा में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे जाएंगे। संभावना जताई जा रही है कि कवि सुरेश भट सभागृह में यह मनपा की अंतिम आमसभा हो सकती है। अगले माह तक नए टाउन हॉल का लोकार्पण होने की उम्मीद है। शुक्रवार की आमसभा में संपत्ति कर की पुरानी दरों को ही मान्य रखने का प्रस्ताव रखा जाएगा। हालांकि, शहर में पिछले 11 वर्षों से संपत्ति कर में बढ़ोतरी नहीं होने के कारण मनपा की आर्थिक स्थिति पर असर पड़ा है। इसके बावजूद पिछले आर्थिक वर्ष 2025-26 में लागू कर दरों को ही वर्ष 2026-27 में जारी रखने का प्रस्ताव है।

इसके अलावा शिक्षा विभाग में 292 अस्थायी शिक्षकों और बालवाड़ी दीदियों की नियुक्ति का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। इन नियुक्तियों पर 10 माह के दौरान वेतन के रूप में मनपा को करीब 5 करोड़ 95 लाख रुपये खर्च करने होंगे। हालांकि, शिक्षकों की नियुक्ति से मनपा स्कूलों में विद्यार्थियों को पढ़ाई की सुविधा मिल सकेगी। वहीं, शांतिनगर पुलिस स्टेशन के लिए मनपा स्कूल की इमारत 30 साल की लीज पर आवंटित करने का प्रस्ताव भी आमसभा के समक्ष रखा जाएगा।

सहायक आयुक्तों की पदोन्नति का प्रस्ताव

मनपा में सहायक आयुक्तों के 22 मंजूर पदों में से 50 प्रतिशत पद सीधी नियुक्ति और 50 प्रतिशत पद पदोन्नति से भरे जाने हैं। पदोन्नति के लिए निर्धारित 11 पदों में से 10 पद रिक्त हैं। ऐसे में 24 अगस्त को विभागीय पदोन्नति समिति ने विजय थुल, टी. खंडाते, नरेंद्र बावनकर, श्याम कापसे, संजय कांबले, धनंजय जाधव और राजेश मेश्राम के नामों को मंजूरी दी थी। इन नामों को राज्य सरकार के पास अंतिम मंजूरी के लिए भेजने से पहले मनपा की आमसभा में स्वीकृति के लिए रखा जाएगा। इसके साथ ही उप अभियंताओं और कनिष्ठ अभियंताओं की पदोन्नति का प्रस्ताव भी पेश किया जाएगा।

ऑरेंज स्ट्रीट में होंगे विविध विकास कार्य

आमसभा में ऑरेंज स्ट्रीट के भूखंड क्रमांक 2 के 9,139.75 वर्गमीटर क्षेत्र को विभिन्न हिस्सों में विभाजित करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार, एक हिस्से में सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए खुली जगह विकसित की जाएगी। वहीं, दूसरे हिस्से में नाना-नानी पार्क, बच्चों के लिए टॉडलर पार्क, भूमिगत पार्किंग और फूड पार्क सहित अन्य सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इन प्रस्तावों पर आमसभा में चर्चा होने के साथ ही कुछ मुद्दों पर हंगामे की भी संभावना जताई जा रही है।

Created On :  

Tags

Next Story