मनपा स्थायी समिति की बैठक में मुद्दे - 90 लाख से तीन दहनघाटों पर लगेंगे प्रदूषण नियंत्रण उपकरण

मनपा स्थायी समिति की बैठक में मुद्दे - 90 लाख से तीन दहनघाटों पर लगेंगे प्रदूषण नियंत्रण उपकरण
  • 6 विधानसभा क्षेत्रों में शुरू होंगे स्पर्धा परीक्षा मार्गदर्शन केंद्र
  • जरूरतमंद महिलाओं को 80 लाख रुपए की लागत से मिलेंगी सिलाई मशीनें
  • हुड़केश्वर में स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज लाइन समेत कई विकास कार्यों के प्रस्ताव

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महानगरपालिका की स्थायी समिति की बैठक गुरुवार, 26 नवंबर को सुबह 11 बजे मनपा मुख्यालय स्थित स्थायी समिति सभागृह में आयोजित की जाएगी। बैठक में शहर के विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और सामाजिक कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी के लिए रखा जाएगा। इनमें तीन दहनघाटों पर वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरण लगाने, जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें देने और 6 विधानसभा क्षेत्रों में स्पर्धा परीक्षा मार्गदर्शन केंद्र शुरू करने के प्रस्ताव प्रमुख हैं।

बैठक में हुड़केश्वर में स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज लाइन डालने, धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस पर श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए 600 अस्थायी शौचालयों के रखरखाव और अन्य खर्च को मंजूरी देने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके अलावा धरमपेठ जोन में कुओं की सफाई, लक्ष्मीनगर जोन में सीवेज लाइन डालने और विभिन्न क्षेत्रों में सीमेंट रोड बनाने के प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी।

तीन दहनघाटों पर लगेंगे प्रदूषण नियंत्रण उपकरण

मनपा प्रशासन अंबाझरी, वाठोड़ा और वैशालीनगर स्थित तीन दहनघाटों पर करीब 90 लाख रुपए की लागत से वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरण लगाएगा। इसके लिए प्रत्येक दहनघाट पर लगभग 29.97 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। इन उपकरणों के माध्यम से लकड़ी से होने वाले अंतिम संस्कार के दौरान निकलने वाले धुएं और कार्बन उत्सर्जन को कम करने का प्रयास किया जाएगा। इसके तहत बंद शेड बनाने, चिमनी लगाने और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की जाएंगी।

शहर के सभी श्मशान घाटों पर लकड़ी से अंतिम संस्कार की सुविधा उपलब्ध है। वहीं अंबाझरी, सहकारनगर, मोक्षधाम, मानकापुर, मानेवाड़ा और गंगाबाई घाट पर ब्रिकेट से शवदहन की सुविधा भी है। नाग नदी प्रदूषणमुक्त अभियान के तहत मोक्षधाम में शहर का पहला इलेक्ट्रिक श्मशान घाट भी विकसित किया जा रहा है।

जरूरतमंद महिलाओं को मिलेंगी सिलाई मशीनें

मनपा के समाज विकास विभाग की ओर से गरीब, जरूरतमंद, विधवा, परित्यक्ता और तलाकशुदा महिलाओं को सिलाई मशीनें देने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके लिए करीब 80 लाख रुपए के खर्च को मंजूरी के लिए समिति के समक्ष रखा जाएगा। प्रति मशीन की अनुमानित कीमत 14,602 रुपए है।

पिछले आर्थिक वर्ष तक इस योजना के तहत प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से महिलाओं के बैंक खातों में राशि दी जाती थी। हालांकि, कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण कई महिलाओं को मशीन खरीदने में परेशानी होती थी। इसे देखते हुए अब मनपा प्रशासन ने स्वयं सिलाई मशीनें खरीदकर लाभार्थियों को उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

Created On :  

Tags

Next Story