बढ़ा स्टॉक: एक्सपोर्ट ऑर्डर रद्द होने से लुढ़के अंडों के दाम, थोक में 100 रुपए प्रति सैकड़ा की गिरावट

एक्सपोर्ट ऑर्डर रद्द होने से लुढ़के अंडों के दाम, थोक में 100 रुपए प्रति सैकड़ा की गिरावट
  • शनिवार को 665 रुपए प्रति सैकड़ा बिकने वाला अंडा लुढ़ककर 565 रुपए पर आया
  • खुदरा बाजार में 6 रुपए प्रति नग हुए भाव
  • स्थानीय बाजार में बढ़ा स्टॉक, और गिर सकते हैं दाम

डिजिटल डेस्क, नागपुर. विदेशी बाजार खासकर ओमान से मिलने वाले निर्यात (एक्सपोर्ट) ऑर्डर रद्द होने का सीधा असर स्थानीय अंडा बाजार पर पड़ा है। इसके चलते अंडों की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। महज एक दिन के भीतर थोक बाजार में अंडों के दाम 100 रुपए प्रति सैकड़ा टूटकर 565 रुपए पर आ गए हैं, जबकि खुदरा बाजार में अब अंडा 6 रुपए प्रति नग की दर से बिक रहा है। बाजार के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार तक नागपुर के थोक बाजार में अंडा 665 रुपए प्रति सैकड़ा (100 नग) के ऊंचे भाव पर बिक रहा था। लेकिन एक्सपोर्ट ऑर्डर कैंसल होने की खबर के साथ ही कीमतों में तेज गिरावट आई और सोमवार को थोक भाव 565 रुपए प्रति सैकड़ा रह गए। थोक कीमतों में आई इस नरमी का सीधा लाभ आम उपभोक्ताओं को खुदरा बाजार में मिल रहा है।

स्थानीय बाजार में बढ़ा स्टॉक, और गिर सकते हैं दाम

नागपुर के थोक व्यापारी अमर मूलचंदानी ने बाजार की स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि प्रमुख अंडा उत्पादक केंद्रों (आंध्र प्रदेश और नमक्कल) से ओमान भेजे जाने वाले एक्सपोर्ट ऑर्डर बड़ी मात्रा में रद्द हो गए हैं। निर्यात रुकने की वजह से उत्पादक केंद्रों पर अंडों का भारी स्टॉक जमा हो गया है। अब निर्यात के लिए तैयार किया गया यह माल घरेलू और स्थानीय बाजारों में खपाया जा रहा है, जिससे नागपुर सहित देश के अन्य हिस्सों में अंडों की उपलब्धता अचानक बढ़ गई है। व्यापारियों का मानना है कि यदि निर्यात की स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में अंडों के दामों में और भी गिरावट देखने को मिल सकती है।

Created On :  

Tags

Next Story