वर्चुअल दुनिया: अब नागपुर स्टेशन पर बैठे-बैठे होगी वंदे भारत ट्रेन की सैर, प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर शुरू नि:शुल्क वीआर कियोस्क

अब नागपुर स्टेशन पर बैठे-बैठे होगी वंदे भारत ट्रेन की सैर, प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर शुरू नि:शुल्क वीआर कियोस्क
  • रोलर कोस्टर राइड और 3D गेमिंग का भी मिलेगा रोमांच
  • रोज सुबह 7 से रात 9 बजे तक यात्रियों के लिए रहेगी सुविधा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अब नागपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करना यात्रियों के लिए उबाऊ नहीं रहेगा। मध्य रेल के नागपुर मंडल ने प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर वर्चुअल रियलिटी (वीआर) कियोस्क शुरू किया है। इसके माध्यम से यात्री बिना कहीं जाए वंदे भारत ट्रेन की आभासी सैर कर सकेंगे। खास बात यह है कि इस सुविधा का लाभ पूरी तरह नि:शुल्क मिलेगा। मुंबई मंडल के बाद पूरे मध्य रेल में यह दूसरा वीआर कियोस्क है। यह कियोस्क प्रतिदिन सुबह 7 से रात 9 बजे तक संचालित होगा। रेलवे ने इसके संचालन के लिए समय भी निर्धारित किया है। कुल समय का 50 प्रतिशत हिस्सा रेलवे से जुड़ी जानकारी देने के लिए इस्तेमाल होगा, जबकि शेष 50 प्रतिशत समय में यात्रियों को मनोरंजक वीआर अनुभव उपलब्ध कराए जाएंगे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों के प्रतीक्षा समय को मनोरंजक और यादगार बनाने के उद्देश्य से यह सुविधा शुरू की गई है।

वंदे भारत की सैर और 360 डिग्री कॉकपिट अनुभव

इस कियोस्क का सबसे खास आकर्षण वंदे भारत ट्रेन का वर्चुअल अनुभव है। वीआर चश्मा पहनते ही यात्रियों को ऐसा महसूस होगा, मानो वे ट्रेन के ड्राइवर की सीट पर बैठे हों। 360 डिग्री दृश्य के माध्यम से ट्रेन के संचालन और सफर का रोमांच महसूस कर सकेंगे।

रोलर कोस्टर राइड का रोमांच

एडवेंचर पसंद करने वाले यात्रियों के लिए रोलर कोस्टर राइड का भी विकल्प उपलब्ध होगा। बिना अपनी जगह से हिले-डुले यात्री ऊपर-नीचे और तेज गति से चलने वाली राइड का आभासी रोमांच अनुभव कर सकेंगे।

3D इंटरैक्टिव गेमिंग

बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए 3D वर्चुअल रियलिटी गेमिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसमें यात्री खेलों के माध्यम से तकनीक का अनुभव ले सकेंगे।

IMAX 3D थिएटर में रेलवे की जानकारी

कियोस्क में IMAX 3D थिएटर का अनुभव भी मिलेगा। इसमें रेलवे की विभिन्न सेवाओं, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा संबंधी संदेशों को 3D माध्यम से दिखाया जाएगा। इससे मनोरंजन के साथ यात्रियों को रेलवे से जुड़ी उपयोगी जानकारियां भी मिलेंगी।

Created On :  

Tags

Next Story