Nagpur News: डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर सेवानिवृत्त अधिकारी से 54.50 लाख की ऑनलाइन ठगी

Nagpur News साइबर अपराधियों ने सरकारी जांच एजेंसियों के अधिकारियों के नाम का इस्तेमाल कर एक बार फिर डिजिटल अरेस्ट के जरिए बड़ी ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया। इस बार राणा प्रतापनगर थाना क्षेत्र के स्नेहनगर स्थित योगक्षेम कॉलोनी में रहने वाले 65 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी को निशाना बनाया गया। जालसाजों ने खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और मुंबई के कुलाबा पुलिस थाने का अधिकारी बताकर उन्हें कानूनी कार्रवाई तथा गिरफ्तारी का डर दिखाया। इस तरह आरोपियों ने अलग-अलग समय पर कुल 54 लाख 50 हजार रुपये ऐंठ लिए।
ये है मामला : पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता वासुदेवराव पिंपलकर (65) योगक्षेम कॉलोनी, स्नेहनगर निवासी हैं, यह सेवानिवृत्त अधिकारी बताए गए हैं। गत 14 नवंबर से 21 नवंबर 2026 के बीच आरोपियों ने उनसे संपर्क कर कथित तौर पर उनके नाम पर सिमकार्ड लिए जाने और किसी आपराधिक मामले में संलिप्तता होने की बात कही। इसके बाद उन्हें विश्वास दिलाया गया कि उनके खिलाफ गंभीर मामला दर्ज है और विभिन्न जांच एजेंसियां इसकी पड़ताल कर रही हैं।
फर्जी दस्तावेज भेजकर बनाया दबाव : ठगों ने डेटा प्रोटेक्शन बोर्ड ऑफ इंडिया, कुलाबा पुलिस थाना, ईडी और आरबीआई के अधिकारी होने का झूठा दावा किया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने ईडी और सर्वोच्च न्यायालय के नाम से कथित फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उन्हें व्हाट्सऐप के जरिए शिकायतकर्ता के मोबाइल पर भेजा। इन दस्तावेजों को असली बताकर बुजुर्ग का भरोसा जीतने की कोशिश की गई। इसके बाद बैंक खाते का सत्यापन करने और जांच प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर उनसे अलग-अलग समय पर रकम जमा कराई गई। आरोपियों ने यह भी बताया कि उनके द्वारा ली गई रकम ईडी के पास जमा हो रही है। इसके समर्थन में फर्जी रसीदें बनाकर व्हाट्सऐप पर भेजी गईं। डिजिटल अरेस्ट और गिरफ्तारी का भय दिखाकर बुजुर्ग को लगातार मानसिक दबाव में रखा गया। इसी दौरान उनसे कुल 54.50 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई।
ठगी का एहसास होने पर थाने में की शिकायत : ठगी का एहसास होने पर पिंपलकर ने साइबर पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित आईटी एक्ट की धाराओं 66 (सी) और 66 (डी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सतीश आडे के मार्गदर्शन में आगे की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों और रकम के लेन-देन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी सामने नहीं आई है। इस मामले की जांच उपनिरीक्षक सागर लगड कर रहे हैं।
Created On :  



