मां के गहने बेचकर की पढ़ाई, अब दोगुने गहने लौटाना चाहता हूं : भूषण ठाकरे

मां के गहने बेचकर की पढ़ाई, अब दोगुने गहने लौटाना चाहता हूं : भूषण ठाकरे
कौन बनेगा करोड़पति का मंच कई लोगों के सपनों को नई उड़ान देता है। इस सीजन में महाराष्ट्र के जलगांव के 28 वर्षीय भूषण ठाकरे ने एक करोड़ रुपये जीतकर इतिहास रचा है।

डिजिटल डेस्क, जलगांव। कौन बनेगा करोड़पति का मंच कई लोगों के सपनों को नई उड़ान देता है। इस सीजन में महाराष्ट्र के जलगांव के 28 वर्षीय भूषण ठाकरे ने एक करोड़ रुपये जीतकर इतिहास रचा है। वह इस सीजन के पहले करोड़पति बने चुके हैं। यूपीएससी की तैयारी कर रहे भूषण के लिए यह जीत सिर्फ एक बड़ी धनराशि नहीं, बल्कि उनके परिवार के संघर्ष के कई सालों की मेहनत का फल है। पिता मजदूरी करते हैं, मां ने कई स्वास्थ्य समस्याओं और 7-8 सर्जरी का सामना किया है। पढ़ाई जारी रखने के लिए भूषण को मां के गहने तक बेचने पड़े। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में भूषण ने अपनी दस साल की कोशिश, परिवार के संघर्ष, अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठने के अनुभव और एक करोड़ की राशि से जुड़े अपने सपनों के बारे में बताया।

सवाल: आपके लिए एक करोड़ रुपये की यह राशि कितनी मायने रखती है?

भूषण: एक करोड़ रुपये की राशि मेरे परिवार के अगले 30-40 साल की कमाई के बराबर है। हमारे पूरे परिवार की मासिक आय करीब 15 से 20 हजार रुपये है। ऐसे में एक करोड़ रुपये कमाने के लिए हमें अगले 30-40 साल तक काम करना पड़ता। मुझे इस बात की ज्यादा खुशी है कि मैंने अपने परिवार की मेहनत के अगले 30-40 साल बचा लिए।

सवाल: आप यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं। क्या इसने जितने में मदद की?

भूषण: मैं 2020 से यूपीएससी की तैयारी कर रहा हूं, लेकिन केबीसी की तैयारी 2016 से ही शुरू कर दी थी। जब यूपीएससी के लिए किताबें पढ़ता था तो दिमाग में रहता था कि इस तथ्य को कहीं लिख लूं, शायद केबीसी में पूछ लिया जाए। मैं दोनों की तैयारी साथ-साथ कर रहा था। यह कहना गलत होगा कि सिर्फ यूपीएससी की तैयारी से केबीसी की हॉट सीट तक पहुंचा। दोनों एक-दूसरे पर निर्भर थे। मैं केबीसी में जाना चाहता था, इसलिए भी पढ़ाई करता था।

सवाल: केबीसी में कितनी बार कोशिश की ?

भूषण: मैं लक फैक्टर में विश्वास नहीं करता। मैं सिर्फ कोशिश करने में विश्वास करता हूं। 2016 में जब मैंने कोशिश शुरू की, तब मेरी उम्र 18 साल भी पूरी नहीं हुई थी। शुरुआती चार-पांच साल तक मुझे ऑडिशन के लिए कॉल ही नहीं आया। इसके बाद लगातार पांच बार ऑडिशन के लिए बुलाया गया। हर बार मैंने मुझे पहले राउंड से ही बाहर होना पड़ा । कई बार निराशा हुई, लेकिन उम्मीद नहीं छोड़ी। मुझे पता था कि अगर मेरी जिंदगी 360 डिग्री कोई बदल सकता है तो केबीसी का मंच बदल सकता है। आज वह सपना पूरा हुआ है।

सवाल: जब आप मुंबई आए थे तो आपके बैंक खाते में सिर्फ 24 रुपये थे?

भूषण: यह बिल्कुल सच है। जब मैं मुंबई आया था, तब मेरी जेब में 24 रुपये थे और जब मुंबई से वापस निकला, तब भी 24 रुपये ही थे। केबीसी की टीम ने आने-जाने, रहने और खाने का पूरा खर्च उठाया था। मुझे एक रुपया भी खर्च नहीं करना पड़ा। यहां से टिकट लेकर घर तक पहुंचने का इंतजाम भी उन्होंने ही किया था। इसलिए मेरे 24 रुपये वैसे के वैसे ही वापस गए।

सवाल: अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठने में क्या घबराहट हुई?

भूषण: मेरे लिए वह क्षण ऐसा था, जैसे कोई सिनेमा चल रहा हो। जैसा मैं टीवी पर देखता था, वैसा ही सब सामने हो रहा था। जब तक मैं दूसरे कंटेस्टेंट के साथ बैठा था, ज्यादा डर नहीं लग रहा था। लेकिन जैसे ही खुद हॉट सीट पर गया, घबराहट होने लगी। हार्टबीट भी बढ़ गई थी। हालांकि, जैसे ही अमिताभ जी ने मुझसे बातचीत शुरू की, धीरे-धीरे मेरी घबराहट कम होने लगी। वह इतने भावनात्मक तरीके से बात करते हैं कि आपको महसूस ही नहीं होने देते कि आप कहां से आए हैं या आपकी पृष्ठभूमि क्या है। वह सभी को बराबर का सम्मान देते हैं। इससे मैं सहज हो गया।

सवाल: आपके माता-पिता क्या करते हैं ?

भूषण: मेरे माता-पिता मनरेगा के तहत काम करते हैं। मां सड़क किनारे पेड़ लगाने और उन्हें पानी देने का काम करती हैं। उनकी अब तक सात-आठ सर्जरी हो चुकी हैं। उन्हें किडनी स्टोन की समस्या थी और गर्भाशय भी निकालना पड़ा था। इस वजह से वह ज्यादा भारी काम नहीं कर सकती थीं। पिताजी ने तो पूरी जिंदगी मेहनत और मजदूरी में बिताई है। वह दिहाड़ी पर काम करते हैं। दिक्कत यह रहती थी कि जिस दिन काम मिल गया तो ठीक, नहीं तो उस दिन काम नहीं मिलता था। लेकिन मेरे माता-पिता ने मेरी पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं छोड़ी। वे दोनों केबीसी देखते थे और मुझे हमेशा प्रोत्साहित करते थे। मैं लगभग दस साल से कोशिश कर रहा था। कभी-कभी लगता था कि पता नहीं मेरा चयन होगा भी या नहीं, लेकिन वे कहते थे कि तू एक दिन जरूर जाएगा।

सवाल: अब इन पैसों का क्या करेंगे ?

भूषण: पढ़ाई के दौरान मैंने मां के सारे गहने बेच दिए थे। मां मेहनत-मजदूरी करके पैसे बचाती थीं और धीरे-धीरे गहने खरीदती थीं। मैं घर आता था और पढ़ाई के लिए कोई न कोई कारण बताकर उनसे गहने ले जाता था। फिर उन्हें बेचकर अपनी पढ़ाई का खर्च निकालता था। अब मेरी इच्छा है कि जितने गहने मैंने मां के बेचे हैं, उससे दोगुने गहने उन्हें वापस दूं। सबसे पहले मैं अपनी मां के लिए नए गहने खरीदूंगा।

सवाल: क्या यूपीएससी की तैयारी जारी रहेगी?

भूषण: मैं किसी सीनियर की सलाह लेकर इन पैसों को ऐसी जगह निवेश करना चाहता हूं, जहां से हर महीने स्थायी आय आती रहे। भले ही वह राशि कम हो, लेकिन नियमित हो। यूपीएससी की तैयारी भी जारी रखूंगा। मैं अपनी पढ़ाई नहीं छोड़ना चाहता।

सवाल: युवाओं को क्या संदेश देना चाहेंगे, जो हार मान लेते हैं?

भूषण: केबीसी के मंच को लेकर लोगों में कई तरह की अफवाहें हैं। कुछ लोग सोचते हैं कि वहां जाने के लिए पैसे देने पड़ते हैं, कोई सेटिंग होती है या किसी की जान-पहचान जरूरी होती है। ऐसा बिल्कुल नहीं है। वहां सिर्फ आपका ज्ञान मायने रखता है। अगर आपके पास ज्ञान है, क्षमता है और आप उन चीजों को समझकर उनका जवाब दे सकते हैं तो आप भी केबीसी तक पहुंच सकते हैं। हिम्मत बिल्कुल मत हारिए। दृढ़ रहिए, एक न एक दिन आप भी सफल होंगे।

Created On :  

Tags

Next Story