मुंबई का ऐतिहासिक सिनेमा कॉम्प्लेक्स: 74 दिन बाद फिर गूंजेंगी सीटियां, लौट आई गैटी-गैलेक्सी की रौनक

भास्कर ब्यूरो, मुंबई। मुंबई में सिनेमा सिर्फ पर्दे पर चलती कहानी नहीं, बल्कि दर्शकों का उत्साह, तालियां, सीटियां और अपने पसंदीदा सितारों के लिए दीवानगी भी है। बांद्रा का गैटी-गैलेक्सी इसी सिनेमाई जुनून की एक पहचान रहा है। 74 दिनों तक खामोश रहने के बाद 20 नवंबर को इस ऐतिहासिक थिएटर के दरवाजे फिर दर्शकों के लिए खुल गए। इसके साथ ही उन फिल्म प्रेमियों के चेहरे भी खिल उठे, जिनके लिए यहां फिल्म देखना किसी उत्सव से कम नहीं होता। खास बात यह है कि थिएटर अपनी 54वीं वर्षगांठ से महज चार दिन पहले दोबारा शुरू हुआ है। गैटी-गैलेक्सी 7 सितंबर 2026 से बंद था। इसकी बंदी की वजह को लेकर दो तरह की बातें सामने आई थीं। बांद्रा पुलिस ने थिएटर का एंटरटेनमेंट लाइसेंस 2021 से रिन्यू नहीं होने की बात कही थी। पुलिस ने परिसर में बंदी का नोटिस लगाया था और थिएटर के मालिक, मैनेजर तथा संचालन करने वाली कंपनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस के मुताबिक, सिनेमाघरों के लिए लाइसेंस का सालाना नवीनीकरण और सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन जरूरी है। वहीं, थिएटर के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मनोज देसाई ने बंदी की वजह तकनीकी खराबी बताई थी। उनका कहना था कि थिएटर की कुछ बिजली की केबल जल गई थीं और उन्हें बदलने के लिए दक्षिण मुंबई के लोहार चॉल से नई केबल मंगाई जा रही थीं। इस दौरान थिएटर के संचालन पर विराम लग गया।
यह भी पढ़े -छोटे कारोबार और स्वतंत्र कारीगरों को पहचान दिला रहीं श्वेता त्रिपाठी, मुफ्त में कर रहीं क्रिएटिव कोलैबोरेशन
शो हुए शुरू
अब 20 नवंबर से यहां फिर फिल्मों के शो शुरू हो गए हैं और एडवांस बुकिंग भी खोली गई। शुरुआती शेड्यूल में ‘रामायण', ‘ओएम: ऑपरेशन मोल', ‘रजनी: द जेलर 2' और ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन' जैसी फिल्में शामिल हैं।
1972 में ‘सीता और गीता' से हुई थी शुरुआत
24 नवंबर 1972 को शुरू हुए इस कॉम्प्लेक्स की पहली फिल्म रमेश सिप्पी की 'सीता और गीता' थी। शुरुआत में यहां गैटी, गैलेक्सी और जेमिनी नाम के तीन थिएटर थे। बाद में चार और स्क्रीन जुड़ीं और यह जी 7 के नाम से पहचाना जाने लगा। बड़े सितारों की फिल्मों के पहले दिन के शो, दर्शकों की सीटियां और जश्न इसे मुंबई की सिंगल स्क्रीन संस्कृति का खास ठिकाना बनाते रहे हैं। 74 दिन बाद इसकी वापसी सिर्फ एक थिएटर का दोबारा खुलना नहीं, बल्कि शहर की उस सिनेमाई परंपरा का लौटना है, जहां फिल्म देखने का अपना अलग ही रोमांच है।
Created On :  

