करवाचौथ के बाद अब बॉलीवुड पर चढ़ा छठ का रंग: ‘भैया’ से ‘द वन’ और ‘ये प्रेम मोल लिया’ तक, 65 साल में सिनेमा के पर्दे पर कैसे बदला छठ का स्वरूप

‘भैया’ से ‘द वन’ और ‘ये प्रेम मोल लिया’ तक, 65 साल में सिनेमा के पर्दे पर कैसे बदला छठ का स्वरूप
भारतीय सिनेमा में त्योहार हमेशा से कहानियों का अहम हिस्सा रहे हैं। करवाचौथ हो, होली, दिवाली या नवरात्रि, इन त्योहारों ने फिल्मों को कई यादगार दृश्य और गीत दिए हैं। खासकर करवाचौथ को हिंदी फिल्मों में रोमांस और वैवाहिक रिश्तों के प्रतीक के रूप में खूब दिखाया गया है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय सिनेमा में त्योहार हमेशा से कहानियों का अहम हिस्सा रहे हैं। करवाचौथ हो, होली, दिवाली या नवरात्रि, इन त्योहारों ने फिल्मों को कई यादगार दृश्य और गीत दिए हैं। खासकर करवाचौथ को हिंदी फिल्मों में रोमांस और वैवाहिक रिश्तों के प्रतीक के रूप में खूब दिखाया गया है। लेकिन अब बॉलीवुड की दिलचस्पी बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े लोक आस्था के पर्व छठ में भी बढ़ती दिखाई दे रही है। हाल के दिनों में दो हिंदी फिल्मों में छठ पूजा की मौजूदगी इस बदलाव की ओर इशारा करती है। एकता कपूर निर्मित सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन’ और सूरज बड़जात्या की आयुष्मान खुराना-शरवरी वाघ स्टारर ‘ये प्रेम मोल लिया’ में छठ के दृश्य और गीत देखने को मिले हैं।

तमन्ना हुईं भावुक

‘द वन’ में तमन्ना भाटिया पर फिल्माया गया गीत ‘छठी मैया’ खास चर्चा में रहा। गीत में तमन्ना लाल साड़ी पहने महिलाओं के साथ छठ पूजा करती नजर आती हैं। तमन्ना ने बताया कि वह बचपन से जुहू बीच पर छठ पूजा के दौरान उमड़ने वाली भीड़ देखती आई हैं, लेकिन उन्हें इस पर्व की कठिन परंपराओं की जानकारी नहीं थी। शूटिंग के दौरान उन्हें पता चला कि व्रती 36 घंटे तक बिना पानी के उपवास रखते हैं। उन्हें यह बात विशेष रूप से प्रभावित कर गई कि छठ में डूबते और उगते, दोनों सूर्य को समान श्रद्धा से अर्घ्य दिया जाता है। तमन्ना ने बताया कि छठ का दृश्य शूट करते समय उनकी आंखें भर आई थीं। उन्हें खुद भी समझ नहीं आया कि वह इतनी भावुक क्यों हो गईं।

टीवी पर भी छठ

एकता कपूर ने अपने लोकप्रिय धारावाहिक ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में भी छठ पूजा को जगह दी। इसमें स्मृति ईरानी के किरदार तुलसी और परिवार की महिलाओं को छठ मनाते दिखाया गया। गौरी प्रधान भी इस दृश्य का हिस्सा थीं।

शरवरी और आयुष्मान के साथ दिखा छठ का रंग

छठ को हिंदी सिनेमा में जगह देने वाली दूसरी फिल्म है सूरज बड़जात्या की ‘ये प्रेम मोल लिया’। इसके गीत ‘बुलाए छठी मां’ में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ छठ पूजा करते नजर आते हैं। गीत में घाट की तैयारियां, महिलाओं का सामूहिक सहयोग, सूर्य को अर्घ्य और पारिवारिक उत्सव की झलक है। इसमें गीता अग्रवाल शर्मा, सौम्या टंडन और सुरभि तिवारी भी दिखाई देती हैं। हालांकि गीत को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं मिली-जुली रही हैं। कुछ लोगों ने हिंदी फिल्मों में छठ को जगह मिलने का स्वागत किया, वहीं कुछ दर्शकों को इसके संगीत और बोल में पारंपरिक छठ गीतों वाला भक्तिभाव महसूस नहीं हुआ। कई लोगों ने शारदा सिन्हा के लोकगीतों का उदाहरण देते हुए कहा कि छठ की आत्मा उसके पारंपरिक संगीत में बसती है।

1961 में ‘भैया’ से पर्दे पर पहुंचा था छठ

दिलचस्प बात यह है कि छठ का सिनेमा से रिश्ता नया नहीं है। 1961 में आई मगही फिल्म ‘भैया’ में छठ पूजा का गीत ‘सुपवे नरियरवे’ शामिल था। इसे उषा मंगेशकर ने आवाज दी थी। बाद के वर्षों में भोजपुरी फिल्मों और लोकसंगीत ने इस पर्व को अपनी कहानियों और गीतों में लगातार जगह दी। अब हिंदी सिनेमा की बड़ी फिल्मों में इसकी मौजूदगी बताती है कि क्षेत्रीय संस्कृति की कहानियां मुख्यधारा के दर्शकों तक पहुंच रही हैं।

बदलते दर्शक वर्ग की पसंद भी है वजह

बिहार, झारखंड और पूर्वांचल से निकलकर देश के अलग-अलग शहरों और विदेशों में बसे लोगों के बीच छठ का गहरा सांस्कृतिक जुड़ाव है। मुंबई जैसे महानगरों में भी यह पर्व बड़े स्तर पर मनाया जाता है। ऐसे में फिल्मकारों के लिए छठ एक बड़े दर्शक वर्ग की भावनाओं से जुड़ने का माध्यम भी है। छठ चार दिनों तक चलने वाला कठिन पर्व है, जिसमें नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य की परंपरा निभाई जाती है। व्रती निर्जला उपवास रखते हैं और डूबते तथा उगते सूर्य को अर्घ्य देकर प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। इस पर्व में सादगी, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का विशेष महत्व है।

छठ प्रमुखता से मनाने वाले कलाकार

नीतू चंद्रा

बिहार के पटना की रहने वाली नीतू चंद्रा हर साल छठ पर अपने घर बिहार जाती हैं। उन्होंने कहा, ‘कुछ भी हो जाए, छठ पर आप मुझे बिहार में पाएंगे।' वह सभी परंपराओं के साथ यह पर्व मनाती हैं।

अक्षरा सिंह

भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह बताती हैं कि बचपन में उनकी दादी और बुआ छठ करती थीं। करीब पांच साल की उम्र में एक बार शारदा सिन्हा का छठ गीत सुनकर वह हंसने और तालियां बजाने लगी थीं। इस पर मां ने उन्हें कलछुल से मारा था। उस घटना ने उन्हें छठ की पवित्रता और महत्व का एहसास कराया। अक्षरा ने अविवाहित रहते हुए भी व्रत रखा और इस सोच पर सवाल उठाया कि अगर लड़के बिना शादी के छठ कर सकते हैं, तो लड़कियां क्यों नहीं? वह चाहती हैं कि युवा पीढ़ी भी अपनी परंपराओं और जड़ों से जुड़ी रहे।

नेहा मर्दा

‘बालिका वधू' से लोकप्रिय हुईं अभिनेत्री नेहा मर्दा पटना से हैं। वह छठ पर व्रत भी रखती हैं और परिवार के साथ इस पर्व को मनाती हैं

गुरमीत चौधरी

अभिनेता गुरमीत चौधरी के लिए छठ पूजा अपनी मिट्टी और पारिवारिक परंपराओं से जुड़े रहने का अवसर है। बिहार के भागलपुर से ताल्लुक रखने वाले गुरमीत हर साल पत्नी देबीना बनर्जी और अपनी दोनों बेटियों के साथ मुंबई के जुहू बीच पर छठ मनाते हैं। व्यस्त शूटिंग शेड्यूल के बावजूद वह इस पर्व के लिए समय निकालते हैं। देबीना भी शादी के बाद से इस परंपरा का हिस्सा बनी हुई हैं।

2026 में रिलीज हुए छठ गीत

- खेसारी लाल यादव - ‘जोड़े जोड़े फलवा': 11 नवंबर को रिलीज हुआ। गीत में छठ पूजा की तैयारियों, ठेकुआ और अर्घ्य की परंपरा दिखाई गई है।

- खेसारी लाल यादव - ‘अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के': 9 नवंबर को रिलीज हुआ।

- खेसारी लाल यादव - ‘माई बिया पनिया में खाड़': 5 नवंबर को रिलीज हुआ।

- अरविंद अकेला कल्लू -‘श्रृंगार ह बिहार के': 12 नवंबर को यूट्यूब पर रिलीज हुआ।

Created On :  

Tags

Next Story