Entertainment News: तलाक ले रहे जोड़े के रिश्ते में पनपेगा प्यार, 4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर आएगी इम्तियाज अली की सीरीज ‘ओ साथी रे’

डिजिटल डेस्क, मुंबई। फिल्ममेकर इम्तियाज अली अब अपनी नई रोमांटिक सीरीज ‘ओ साथी रे’ लेकर आ रहे हैं। यह सीरीज 4 दिसंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। इसमें अदिति राव हैदरी, अविनाश तिवारी और अर्जुन रामपाल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। विंडो सीट फिल्म्स के बैनर तले बनी इस सीरीज की कहानी प्यार, रिश्तों में असमानता और भावनात्मक उलझनों के इर्द-गिर्द घूमती है। इसे इम्तियाज अली ने बनाया, लिखा और शो रन किया है, जबकि निर्देशन आरिफ अली ने किया है।
सीरीज में दिखाया जाएगा कि प्यार हमेशा बराबरी का नहीं होता। कहानी एक ऐसे जोड़े की है, जो तलाक लेने की प्रक्रिया से गुजर रहा है, लेकिन इसी दौरान उनके बीच एक-दूसरे के प्रति स्नेह और भावनाएं नए रूप में सामने आती हैं। इसमें रिश्तों के भीतर अपनी पहचान तलाशने, व्यक्तिगत इच्छाओं, अधिकार और आपसी समझ जैसे पहलुओं को दिखाया जाएगा। कहानी यह सवाल भी उठाती है कि क्या हर प्रेम संबंध में दोनों की भावनाएं बराबर होती हैं और क्या प्यार का मतलब हमेशा साथ रहना ही है?
‘आधुनिक कहानी, लेकिन भावनाएं पुरानी’
सीरीज को लेकर इम्तियाज अली ने कहा, “ओ साथी रे एक आधुनिक रोमांटिक शो है, लेकिन इसका दिल पुराने दौर की प्रेम कहानियों जैसा है। कभी-कभी प्यार जिंदगी के ऐसे मोड़ पर सामने आता है, जहां उसकी उम्मीद भी नहीं होती। यह तलाक ले रहे एक जोड़े के बीच पनपते स्नेह की कहानी है। प्यार खूबसूरत है, लेकिन जरूरी नहीं कि हर रिश्ता बराबरी का हो। प्यार में एक-दूसरे को पाना ही नहीं, कभी-कभी छोड़ना भी शामिल होता है।” उन्होंने बताया कि सीरीज के किरदार कई परतों वाले और वास्तविक जिंदगी के करीब हैं। इसलिए कलाकारों के चयन पर विशेष ध्यान दिया गया। अदिति, अविनाश और अर्जुन ने निर्देशक आरिफ अली के साथ मिलकर संवेदनशील दृश्यों को पर्दे पर उतारा है।
नेटफ्लिक्स के साथ फिर जुड़े इम्तियाज
नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज हेड तान्या बामी के मुताबिक, रोमांस लोकप्रिय विधा है, लेकिन सीरीज के रूप में इस पर अपेक्षाकृत कम काम हुआ है। ‘मुसाफिर कैफे’ के बाद यह रोमांस की दुनिया में उनका अगला प्रोजेक्ट है। उन्होंने कहा कि इम्तियाज अली की कहानियां आम जिंदगी और उससे जुड़ी भावनाओं को अलग नजरिए से दिखाती हैं।
‘जब वी मेट’, ‘रॉकस्टार’, ‘लव आज कल’ और ‘तमाशा’ जैसी फिल्मों में प्रेम कहानियां दिखा चुके इम्तियाज इस सीरीज में रिश्तों का एक नया पहलू सामने लाएंगे। इससे पहले वह नेटफ्लिक्स के साथ ‘शी’ और ‘अमर सिंह चमकीला’ में काम कर चुके हैं।
Created On :  
