Kareena Pendant Controversy: सैफ की दादी की विरासत हैं शाही गहने, करीना की 200 साल पुरानी कलगी और 30 कैरेट के पन्ने की पूरी कहानी, जिस पर हुआ विवाद

सैफ की दादी की विरासत हैं शाही गहने, करीना की 200 साल पुरानी कलगी और 30 कैरेट के पन्ने की पूरी कहानी, जिस पर हुआ विवाद
करीना कपूर खान ने दिवाली पर 200 साल पुरानी हीरे की कलगी और 30 कैरेट का पन्ना पहना। इन शाही गहनों का संबंध भोपाल के नवाब परिवार और सैफ अली खान की दादी साजिदा सुल्तान से है। जानिए इनकी पूरी ऐतिहासिक कहानी।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान का दिवाली लुक इन दिनों विवादों में है। इस बार उनके कपड़ों से ज्यादा ध्यान उनके शाही गहनों ने खींचा। करीना ने डिजाइनर पुनीत बालाना का सिल्वर वर्क वाला कफ्तान और मैचिंग पगड़ी पहनी थी। इसके साथ उन्होंने करीब 200 साल पुरानी हीरे की कलगी और 30 कैरेट का पन्ना पहना था। इन दोनों गहनों का रिश्ता भोपाल के नवाबी परिवार से है। खास बात यह है कि ये गहने उनके पति सैफ अली खान के परिवार की विरासत हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अब्बास हफीज ने इस पोस्ट को लेकर करीना कपूर को कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने एक्ट्रेस से सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई तस्वीरें हटाने और माफी मांगने की मांग की है। अब्बास के मुताबिक, यह पेंडेंट भोपाल की बेगमों शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम ने अपनी आस्था और इबादत के लिए बनवाया था। इसे फैशन या दिखावे के लिए नहीं बनाया गया था।

सैफ अली खान की दादी से जुड़ा है इस गहने का इतिहास

करीना के इस पेंडेंट का इतिहास भी काफी दिलचस्प है। दरअसल, भोपाल के आखिरी शासक नवाब हमीदुल्लाह खान की बेटी साजिदा सुल्तान, सैफ अली खान की दादी थीं। साजिदा सुल्तान की शादी इफ्तिखार अली खान पटौदी से हुई थी। दोनों के बेटे मंसूर अली खान पटौदी थे, जिन्हें टाइगर पटौदी के नाम से जाना जाता है। वह सैफ अली खान के पिता थे। इसी शाही परिवार की विरासत के जरिए ये गहने सैफ तक पहुंचे और फिर करीना कपूर के पास आए। रिया कपूर ने भी अपनी पोस्ट में इस पारिवारिक इतिहास का जिक्र किया था। नोटिस में भोपाल की बेगमों की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करने की बात भी कही गई है।

400 साल पुराना है करीना का ये शाही पेंडेंट

करीना के इस पूरे लुक को उनकी करीबी दोस्त और सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने तैयार किया था। रिया ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर करते हुए बताया था कि करीना ने करीब 400 साल पुरानी शाही जूलरी पहनी है। इसमें भोपाल के नवाब की कलगी और भोपाल की बेगम का 30 कैरेट का पन्ना शामिल है, जिस पर आयत-अल-कुर्सी उकेरी गई है। रिया ने यह भी बताया था कि ये गहने भोपाल के शाही परिवार की विरासत हैं और सैफ अली खान के परिवार के जरिए करीना तक पहुंचे हैं। यानी इस खास पेंडेंट का कनेक्शन सीधे पटौदी और भोपाल के शाही खानदान से जुड़ा हुआ है।


30 कैरेट के पन्ने पर कुरान की आयत

करीना के गहनों में दूसरा खास हिस्सा 30 कैरेट का पन्ना था। यह कभी भोपाल की बेगम साजिदा सुल्तान का था। इस पन्ने पर इस्लाम की पवित्र किताब कुरान की आयत-उल-कुर्सी उकेरी गई है। यह सूरह अल-बकरा की 255वीं आयत है। इस वजह से यह गहना केवल अपनी कीमत या खूबसूरती के लिए नहीं, बल्कि धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के लिए भी खास है।


200 साल पुरानी कलगी की कहानी

करीना ने अपनी पगड़ी पर हीरे जड़ी एक खास कलगी लगाई थी। इसे लगभग 200 साल पुराना बताया जा रहा है। यह कभी भोपाल के नवाब के पास थी। इस कलगी को सैफ अली खान ने 2012 में करीना से शादी के दौरान भी पहना था। इसकी बनावट भी खास है। इसमें तीन पंखों जैसा डिजाइन बनाया गया है और हीरों को मोतियों की कतारों से सजाया गया है। सांस्कृतिक इतिहासकार दीप्ति ससीधरन ने इस कलगी के डिजाइन को प्रिंस ऑफ वेल्स के तीन पंखों वाले प्रतीक से जोड़ा है। इसका संबंध नवाब हमीदुल्लाह खान से बताया जाता है, जो 1921-22 में प्रिंस ऑफ वेल्स की भारत यात्रा के दौरान उनके मानद एडीसी थे।



Created On :  

Tags

Next Story