Short Film Pyar: फिल्म 'पायर' के शो घटाने पर ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने जताया विरोध, केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र

फिल्म पायर के शो घटाने पर ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने जताया विरोध, केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र
फिल्मकार विनोद कापड़ी की फिल्म 'पायर' के सिनेमाघरों में शो कम किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने इस पर विरोध जताते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। फिल्मकार विनोद कापड़ी की फिल्म 'पायर' के सिनेमाघरों में शो कम किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने इस पर विरोध जताते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। संगठन ने मंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने और छोटी फिल्मों के लिए निष्पक्ष स्क्रीन आवंटन नीति बनाने की मांग की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने पत्र में कहा कि करीब 2.5 करोड़ रुपए के बजट में बनी फिल्म 'पायर' शुरुआत में लगभग 80 स्क्रीन पर रिलीज हुई थी।

दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद इसके शो और स्क्रीन की संख्या बढ़कर करीब 400 हो गई। हालांकि, फिल्मकार विनोद कापड़ी ने आरोप लगाया कि बाद में फिल्म के लगभग 75 प्रतिशत शो हटा दिए गए और देशभर में इसके 100 से भी कम शो रह गए विनोद कापड़ी ने आरोप लगाया कि हाल ही में रिलीज हुई फिल्म रामायण के मेकर्स ने सारे स्क्रीन ले लिए हैं। एसोसिएशन ने अपने पत्र में चार प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें फिल्मों के लिए निष्पक्ष स्क्रीन आवंटन नीति बनाने, 'पायर' के शो घटाए जाने के मामले की निष्पक्ष जांच कराने, फिल्म को अधिकतम स्क्रीन और शो उपलब्ध कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करने की मांग शामिल है।

संगठन का कहना है कि उसे बड़े बजट की फिल्मों से कोई विरोध नहीं है, क्योंकि ऐसी फिल्में भारतीय सिनेमा को विस्तार देती हैं। हालांकि, छोटी और स्वतंत्र फिल्में भी सिनेमा का अहम हिस्सा हैं। हर बड़ा नाम कभी छोटे स्तर से ही शुरू हुआ था। ऐसे में छोटी फिल्मों को भी दर्शकों तक पहुंचने का उचित अवसर मिलना चाहिए। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि स्क्रीन आवंटन में पारदर्शिता और निष्पक्षता नहीं आई तो स्वतंत्र फिल्मकारों के सपने प्रभावित होंगे।

Created On :  

Tags

Next Story