Maharani 5: रानी भारती दिखाई देंगी गंजे लुक में, पॉपुलर सीरीज ‘महारानी 5’ में हुमा कुरैशी का बदला अंदाज

डिजिटल डेस्क, भोपाल। ओटीटी सीरीज ‘महारानी’ के पांचवें सीजन में रानी भारती की राजनीतिक जिंदगी एक नया मोड़ लेने जा रही है। सोनीलिव ने सीरीज का पहला प्रोमो जारी कर नए सीजन की पहली झलक दिखाई है। इसमें हुमा कुरैशी एक बिल्कुल नए और चौंकाने वाले अंदाज में नजर आ रही हैं। वह इस बार गंजे लुक में दिखाई देंगी। उनका यह नया रूप रानी भारती के किरदार में आने वाले बड़े बदलावों की ओर इशारा करता है। सीरीज के पिछले चार सीजन में रानी भारती ने राजनीति की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है।
सत्ता, महत्वाकांक्षा और राजनीतिक फैसलों के बीच उनका सफर लगातार आगे बढ़ा है। हर सीजन में उनके सामने नई चुनौतियां आई हैं। अब पांचवें सीजन में उनकी जिंदगी में आने वाले नए घटनाक्रम और उतार-चढ़ाव कहानी को आगे बढ़ाएंगे। हालांकि, प्रोमो में कहानी के कई पहलुओं को फिलहाल रहस्य रखा गया है।
यह भी पढ़े -रेजीनगर उपचुनाव पुलिस को धमकाने और एक पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ने के बाद हुमायूं कबीर गिरफ्तार
पहली बार अपनाया गंजा लुक
नए सीजन में अपने लुक को लेकर हुमा कुरैशी ने कहा, ‘इस सीजन में मुझे कुछ ऐसा करने की जरूरत थी, जो मैंने पहले कभी नहीं किया था। गंजा लुक अपनाना एक कलाकार के तौर पर मेरे लिए चुनौतीपूर्ण था। मैं इसे लेकर थोड़ी घबराई हुई थी, लेकिन उतनी ही उत्साहित भी थी। इस बदलाव ने मुझे रानी भारती के व्यक्तित्व को और गहराई से समझने में मदद की।’ हुमा के मुताबिक, रानी ऐसा किरदार है जो पारंपरिक सोच और सही-गलत की तय परिभाषाओं से आगे बढ़कर अपनी राह बनाता है।
यह भी पढ़े -रिलीज हुआ फिल्म पूजा मेरी जान का ट्रेलर, बुरी मुसीबत में फंसी मृणाल ठाकुर, मदद करेंगी हुमा कुरैशी!
उन्होंने कहा, ‘रानी भारती जैसा किरदार बार-बार नहीं मिलता। वह लगातार मुझे एक कलाकार के रूप में चुनौती देता है। हर नए सीजन में उसे निभाने का उत्साह इसी वजह से बना रहता है। मुझे खुशी है कि मैंने इस किरदार के लिए यह नया प्रयोग किया और निर्माताओं ने भी मुझ पर भरोसा जताया।’ उनके मुताबिक हर सीजन के साथ इस किरदार के अलग-अलग पहलू सामने आए हैं और पांचवें सीजन में भी दर्शकों को उसका नया रूप देखने को मिलेगा। महारानी का नया सीजन फरवरी 2027 में प्रसारित होगा।
Created On :  
