Mumbai News: 3 से 13 दिसंबर तक होगा ऑल्ट ईएफएफ, 42 देशों की 88 पर्यावरण आधारित फिल्में होंगी प्रदर्शित राजश्री देशपांडे जूरी में शामिल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारत के प्रमुख पर्यावरण फिल्म महोत्सवों में शामिल ऑल लिविंग थिंग्स एनवायरनमेंटल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन 3 से 13 दिसंबर 2026 तक होगा। इस साल महोत्सव में 42 देशों की 88 फिल्में दिखाई जाएंगी। इनमें 15 फिल्मों का वर्ल्ड प्रीमियर और 54 फिल्मों का भारत में पहली बार प्रदर्शन होगा। अभिनेत्री और पर्यावरण कार्यकर्ता राजश्री देशपांडे इस बार जूरी का हिस्सा होंगी।
महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम मुंबई, बेंगलुरु और अहमदाबाद में होंगे। इसके अलावा देश के 41 अन्य स्थानों पर भी फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी। दर्शक ऑनलाइन स्क्रीनिंग और वॉच पार्टी के जरिए भी फिल्में देख सकेंगे।
यह भी पढ़े -तलाक ले रहे जोड़े के रिश्ते में पनपेगा प्यार, 4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर आएगी इम्तियाज अली की सीरीज ‘ओ साथी रे’
राजश्री देशपांडे ने 'एंग्री इंडियन गॉडेसेस', 'सेक्रेड गेम्स', 'ट्रायल बाय फायर' और 'ब्लैक वारंट' जैसी फिल्मों और सीरीज में काम किया है। अभिनय के साथ वह पर्यावरण संरक्षण के लिए भी सक्रिय हैं। अपने नभांगण फाउंडेशन के जरिए वह मराठवाड़ा के सूखाग्रस्त गांवों में नदियों को पुनर्जीवित करने और टिकाऊ विकास की दिशा में काम कर रही हैं।
यह भी पढ़े -'कर्मचारियों के आराम की व्यवस्था जरूरी', एयरपोर्ट, होटल और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री से सोनू सूद की अपील
इस बार महोत्सव में जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता, प्रकृति संरक्षण और टिकाऊ भविष्य जैसे विषयों पर आधारित फिल्में दिखाई जाएंगी। फिल्मों के अलावा कला प्रदर्शनियों, इंटरैक्टिव इंस्टॉलेशन और अन्य रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन होगा। महोत्सव के सह-संस्थापक और फेस्टिवल डायरेक्टर कुणाल खन्ना के मुताबिक, इस आयोजन का उद्देश्य पर्यावरण से जुड़ी कहानियों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना और इन मुद्दों पर संवाद को बढ़ावा देना है।
Created On :  

