भारत में टेलीविजन का सफर: एंटीना से एल्गोरिदम तक... बदला टीवी का चेहरा, देखने का अंदाज, लेकिन स्क्रीन से रिश्ता आज भी बरकरार

भास्कर ब्यूरो, मुंबई। कभी रविवार की सुबह का मतलब होता था रामायण, महाभारत और चित्रहार। घरों में सुबह से ही टीवी के सामने बैठने की तैयारियां शुरू हो जाती थीं। जिन घरों में टीवी होता था, वहां सिर्फ परिवार के सदस्य नहीं, पूरा मोहल्ला जुटता था। बच्चे पहले से जगह घेरकर बैठ जाते और कार्यक्रम शुरू होते ही घर में सन्नाटा छा जाता था। आज वही टीवी स्मार्ट स्क्रीन में बदल चुका है। हर हाथ में मोबाइल है और ओटीटी के अनगिनत विकल्प हैं। लेकिन सवाल है कि क्या टीवी ने अपनी अहमियत खो दी है या उसने सिर्फ खुद को नए दौर के मुताबिक ढाल लिया है?
‘रुकावट के लिए खेद है' सुनते ही छाती थी मायूसी
भारत में टेलीविजन का सफर 15 सितंबर 1959 को दिल्ली में प्रायोगिक प्रसारण के साथ शुरू हुआ था। शुरुआती दौर में यह कुछ चुनिंदा घरों और संस्थानों तक सीमित था। 1982 में एशियाई खेलों के दौरान रंगीन प्रसारण की शुरुआत ने इसे नई पहचान दी। 90 के दशक में केबल और सैटेलाइट चैनलों के आगमन ने मनोरंजन की दुनिया बदल दी। दूरदर्शन के सीमित कार्यक्रमों से निकलकर दर्शकों के सामने चैनलों की लंबी दुनिया खुल गई।वह दौर भी यादगार था, जब टीवी देखने के लिए छत पर जाकर एंटीना घुमाना पड़ता था। नीचे से आवाज आती थी- बस, अब मत घुमाना, तस्वीर साफ आ रही है! कभी स्क्रीन पर ‘रुकावट के लिए खेद है' दिखाई देता तो घर में मायूसी छा जाती थी। लकड़ी के शटर वाले टीवी कैबिनेट और दूरदर्शन की सिग्नेचर ट्यून उस दौर की पहचान थे।
मुंगेरीलाल के हसीन सपनों से मोगली के जंगल तक...
यादों में आज भी जिंदा हैं टीवी के किरदार
'मालगुडी डेज' का स्वामी, मुंगेरीलाल के ख्वाबों की दुनिया, मोगली की जंगल में रोमांचक यात्राएं और शक्तिमान की अच्छाई के लिए लड़ाई... ये महज टीवी के किरदार नहीं थे, बल्कि एक पूरी पीढ़ी के बचपन के साथी थे। इनके साथ बच्चों ने सपने देखे, रोमांच महसूस किया और जिंदगी के छोटे-बड़े सबक सीखे। तब मनोरंजन के विकल्प गिनती के थे, लेकिन कहानियों का असर इतना गहरा था कि धारावाहिक खत्म होने के बाद भी उनके किरदार घरों में चर्चा का विषय बने रहते थे। न सोशल मीडिया था, न फैन क्लब, फिर भी इन किरदारों की लोकप्रियता किसी सितारे से कम नहीं थी। दरअसल, उस दौर का टेलीविजन सिर्फ आंखों को स्क्रीन से नहीं जोड़ता था, वह दर्शकों को भावनाओं, कल्पनाओं और रिश्तों से जोड़ता था। यही वजह है कि वक्त और तकनीक के इतने बदलाव के बाद भी इन कार्यक्रमों की यादें आज तक धुंधली नहीं पड़ी हैं।
रामायण-महाभारत का ऐसा जादू, जब रविवार को थम जाती थी जिंदगी
रामानंद सागर की ‘रामायण' और बीआर चोपड़ा की ‘महाभारत' ने भारतीय टेलीविजन को लोकप्रियता के उस मुकाम पर पहुंचाया, जहां धारावाहिक सिर्फ कार्यक्रम नहीं, राष्ट्रीय अनुभव बन गए थे। रविवार की सुबह सड़कें सूनी हो जाती थीं, दुकानें देर से खुलती थीं और जिन घरों में टीवी नहीं था, वहां के लोग पड़ोसियों के घर पहुंच जाते थे। इन धारावाहिकों के किरदार दर्शकों के लिए परिवार के सदस्य जैसे बन गए थे। इनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 2020 के लॉकडाउन में दोबारा प्रसारण के दौरान भी ‘रामायण' ने एक दिन में 7.7 करोड़ दर्शकों का आंकड़ा छुआ। यह सिर्फ किसी धारावाहिक की सफलता नहीं, बल्कि भारतीय दर्शकों के साथ टेलीविजन के गहरे भावनात्मक रिश्ते का प्रमाण था।
निजी स्क्रीन ने बदली देखने की आदत
इंटरनेट और मोबाइल ने मनोरंजन को व्यक्तिगत बना दिया है। अब दर्शक अपनी पसंद और सुविधा के अनुसार कभी भी फिल्म या सीरीज देख सकते हैं। परिवार के चार सदस्य एक कमरे में बैठकर चार अलग-अलग स्क्रीन पर अपनी पसंद का कंटेंट देख सकते हैं। फरवरी 2026 में प्रकाशित अध्ययन के मुताबिक, 2019 से 2024 के बीच टीवी और डिजिटल वीडियो देखने वालों की भागीदारी 54.5% से बढ़कर 62.1% हुई, जबकि रोजाना देखने का औसत समय 120.2 मिनट से घटकर 117 मिनट रह गया। यानी स्क्रीन तक पहुंच बढ़ी है, लेकिन देखने का समय थोड़ा घटा है। इसके बावजूद क्रिकेट विश्व कप, चुनावी नतीजों, गणतंत्र दिवस की परेड और बड़े लाइव आयोजनों के दौरान टीवी आज भी परिवार को एक बड़ी स्क्रीन के सामने ले आता है।
यह भी पढ़े -करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण 9' में नजर आएंगे समय रैना? कॉमेडियन ने शेयर किए पोस्ट से बढ़ी अटकलें
पूरा गांव साथ बैठकर देखता था टीवी -आतिफ खान, निर्माता
आतिफ खान टेलीविजन इंडस्ट्री के जाने-माने निर्देशक हैं। उन्होंने जोधा अकबर और इश्क का रंग सफेद जैसे धारावाहिकों का निर्माण किया है। इसके बाद नज़र, नमक इश्क का, आशिकाना और बरसातें - मौसम प्यार का जैसे शोज के निर्देशन की जिम्मेदारी संभाली। टेलीविजन की दुनिया में अपने लंबे अनुभव के साथ आतिफ खान ने छोटे पर्दे पर कई तरह की कहानियों को पर्दे पर उतारा है। उन्होंने दैनिक भास्कर से टेलीविजन से जुड़ी अपनी बचपन की यादें साझा करते हुए बताया , मेरा सफर ब्लैक एंड व्हाइट टीवी के दौर से शुरू हुआ था।टेलीविजन से मेरी बहुत-सी यादें जुड़ी हैं। मैंने ब्लैक एंड व्हाइट टीवी के दौर से लेकर आज तक का सफर देखा है। वह समय भी याद है, जब टीवी का सिग्नल ठीक करने के लिए एंटीना घुमाना पड़ता था। मैं उत्तर प्रदेश के एक छोटे से गांव से आता हूं, इसलिए टेलीविजन के शुरुआती दौर का संघर्ष भी करीब से देखा है। उस समय टीवी बैटरी से चलता था और एक साथ करीब 50 लोग बैठकर कार्यक्रम देखा करते थे।टेलीविजन भारतीय घरों का अभिन्न हिस्सा रहा है। उस दौर में मनोरंजन का हमारे पास एकमात्र साधन टीवी ही हुआ करता था। शाम के सात से आठ बजे का एक तय समय होता था, जब पूरा परिवार या गांव के लोग एक साथ बैठकर टीवी देखते थे। आज भी टेलीविजन से जुड़ी वे यादें मेरे लिए बेहद खास हैं।
दूरदर्शन के वो आइकॉनिक शो, जिन्हें आज भी याद करते हैं दर्शक
- मालगुडी डेज (1986): आरके नारायण की कहानियों पर आधारित धारावाहिक। स्वामी और मालगुडी कस्बे की मासूम दुनिया ने दर्शकों का दिल जीता।
- मुंगेरीलाल के हसीन सपने (1989): रघुवीर यादव का मुंगेरीलाल, जो अपनी कल्पनाओं में हर मुश्किल का मनचाहा हल ढूंढ लेता था। आम आदमी के सपनों और इच्छाओं पर गुदगुदाने वाला व्यंग्य।
- जंगल बुक (1989): मोगली, बघीरा और बालू की दोस्ती ने बच्चों की पूरी पीढ़ी को रोमांचित किया। 'जंगल-जंगल बात चली है' आज भी याद किया जाता है।
- विक्रम और बेताल (1985): राजा विक्रमादित्य और बेताल की कहानियों ने रोमांच के साथ बुद्धिमत्ता और नैतिकता के सवालों से रूबरू कराया।
- ब्योमकेश बख्शी (1993): रजित कपूर अभिनीत जासूसी धारावाहिक, जिसने रहस्य और रोमांच के शौकीनों के बीच खास पहचान बनाई।
- सुरभि (1990): रेणुका शहाणे और सिद्धार्थ काक का कार्यक्रम, जिसने भारतीय कला, संस्कृति, परंपराओं और विविधता को घर-घर पहुंचाया।
- फ्लॉप शो (1989): जसपाल भट्टी का व्यंग्यात्मक धारावाहिक, जिसने सरकारी व्यवस्था और सामाजिक विसंगतियों पर हास्य के जरिए चोट की।
- देख भाई देख (1993): दीवान परिवार की तीन पीढ़ियों की कहानी। पारिवारिक हास्य और रिश्तों की नोकझोंक ने इसे लोकप्रिय बनाया।
- हम लोग (1984): भारत का पहला टेलीविजन सोप ओपेरा। मध्यमवर्गीय परिवार की जिंदगी और सामाजिक समस्याओं को पर्दे पर उतारा।
- उड़ान (1989): कविता चौधरी अभिनीत धारावाहिक, जिसने एक महिला के पुलिस अधिकारी बनने के संघर्ष और आत्मनिर्भरता की कहानी दिखाई।
- शक्तिमान (1997): मुकेश खन्ना का सुपरहीरो किरदार बच्चों के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ। अच्छाई और बुराई की लड़ाई को नई पहचान मिली।
- चित्रहार: हिंदी फिल्मों के लोकप्रिय गीतों का कार्यक्रम, जिसके लिए दर्शक पूरे सप्ताह इंतजार करते थे।
- रामायण (1987): रामानंद सागर का धारावाहिक, जिसने रविवार की सुबह को पूरे देश का सामूहिक टेलीविजन अनुभव बना दिया।
- महाभारत (1988): बीआर चोपड़ा की प्रस्तुति, जिसके संवाद, किरदार और भव्यता ने भारतीय टेलीविजन के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी।
- भारत एक खोज (1988): श्याम बेनेगल का ऐतिहासिक धारावाहिक, जिसने जवाहरलाल नेहरू की पुस्तक के आधार पर भारत के इतिहास और सभ्यता की यात्रा कराई।
Created On :  


