Exclusive Interview: ‘अच्छी कहानी मिले तो बड़े पर्दे के लिए फिल्म बनाना चाहूंगा’ - विनय वाइकुल

‘अच्छी कहानी मिले तो बड़े पर्दे के लिए फिल्म बनाना चाहूंगा’ -  विनय वाइकुल
निर्देशक विनय वाइकुल ने ओटीटी के दौर में बदलते सिनेमा, रचनात्मक स्वतंत्रता, नेपोटिज्म और भविष्य की योजनाओं पर रखी अपनी बात।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। ओटीटी की दुनिया में ‘अरण्यक’ और ‘ब्रोकन न्यूज’ जैसी सीरीज के जरिए अपनी अलग पहचान बनाने वाले निर्देशक विनय वाइकुल अब आगे की कहानियों और नए प्रयोगों को लेकर उत्साहित हैं। उनका मानना है कि किसी भी फिल्म या सीरीज की सफलता का आधार स्टारडम नहीं, बल्कि उसकी कहानी और प्रस्तुति होती है। वह भविष्य में बड़े पर्दे के लिए भी फिल्म बनाना चाहते हैं, हालांकि उनके लिए माध्यम से ज्यादा कहानी का महत्व है। दैनिक भास्कर से बातचीत में विनय ने अपने फिल्मकार बनने के सफर, ‘सत्या’ से मिली प्रेरणा, ओटीटी के बदलते दौर, रचनात्मक स्वतंत्रता, नेपोटिज्म और युवा फिल्मकारों के सामने मौजूद चुनौतियों पर खुलकर बात की। पेश हैं बातचीत के प्रमुख अंश:

सवाल: आप ओटीटी और फीचर फिल्मों, दोनों माध्यमों में काम कर चुके हैं। बतौर निर्देशक अब आगे किस तरह की कहानियां और प्रोजेक्ट करना चाहते हैं?

जवाब: मैं निश्चित रूप से फिल्में बनाना चाहता हूं। मेरी परवरिश और सिनेमा से जुड़ाव उसी माध्यम में हुआ है। हालांकि, मैं सीरीज और फीचर फिल्म या सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्म और ओटीटी के बीच बहुत ज्यादा अंतर नहीं करता। मेरे लिए काम, काम है। जरूरी यह है कि कहानी मुझे पसंद आए और दर्शकों का मनोरंजन करे। वह सिनेमाघरों में रिलीज हो या ओटीटी पर, इससे मेरी काम करने की सोच में कोई अंतर नहीं आता।सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्मों का अपना अलग आनंद है। वहां दर्शक पूरी तैयारी के साथ फिल्म देखने आते हैं। आप अपनी बात को इत्मीनान से कह सकते हैं। हालांकि, आखिरकार दर्शक तो दर्शक हैं। उन्हें दो घंटे की कहानी पसंद आए या छह घंटे की, अगर कहानी अच्छी है और उनका मनोरंजन करती है, तो वे उसे पसंद करते हैं। मैं आगे भी अच्छी और अलग तरह की कहानियां सुनाना चाहता हूं।

सवाल: आज ओटीटी पर लगातार अलग-अलग विषयों और विधाओं की कहानियां आ रही हैं। क्या एक निर्देशक के लिए हर नए प्रोजेक्ट में कुछ नया करना जरूरी हो गया है?

जवाब: चुनौती तो निश्चित रूप से है। लेकिन मैं किसी प्रोजेक्ट को इस सोच के साथ शुरू नहीं करता कि दर्शकों को क्या पसंद आएगा या क्या ट्रेंड कर रहा है। मैं सबसे पहले यह सोचता हूं कि मुझे कौन-सी कहानी सुनाने में मजा आएगा। मैं क्या करना और क्या कहना चाहता हूं, यह मेरे लिए ज्यादा मायने रखता है। मेरी कोशिश रहती है कि हर प्रोजेक्ट पिछले काम से अलग हो। ‘अरण्यक’ अलग थी, ‘ब्रोकन न्यूज’ अलग थी और ‘चार यार’ भी अलग थी। एक ही तरह की फिल्में या सीरीज बार-बार बनाने में चुनौती कम हो जाती है और मजा भी कम हो जाता है। मेरे लिए असली आनंद अलग-अलग कहानियों और विधाओं के साथ प्रयोग करने में है। मैं खुद को भी आजमाना चाहता हूं कि किसी नई तरह की कहानी को किस तरह प्रस्तुत कर सकता हूं। अगर एक ही फॉर्मूले पर बार-बार काम करने लगें, तो चीजें तय ढर्रे पर चलने लगती हैं।

सवाल: क्या आपको लगता है कि आज लोकप्रियता और दर्शकों की संख्या की होड़ में निर्देशकों की रचनात्मक स्वतंत्रता प्रभावित हो रही है?

जवाब: संघर्ष तो हर किसी के जीवन में होता है। सिर्फ फिल्म निर्माण ही नहीं, हर क्षेत्र में हर व्यक्ति अपनी लड़ाई लड़ रहा है। मुझे लगता है कि संघर्ष के बिना मजा भी नहीं है। 90 के दशक के आखिरी वर्षों और 2000 की शुरुआत में संसाधन कम थे, इसलिए हम स्वाभाविक रूप से संघर्ष के लिए तैयार रहते थे। हमारी परिस्थितियों से लड़ने की क्षमता मजबूत थी।आज संसाधन बढ़ गए हैं और जानकारी तक पहुंच आसान हो गई है। लेकिन हमने जानकारी को ही ज्ञान समझना शुरू कर दिया है। हमारे पास वास्तविक जीवन के अनुभव कम होते जा रहे हैं। जानकारी तो बहुत है, लेकिन जब वास्तविक जिंदगी में मुश्किलें सामने आती हैं, तो उनसे निपटना जटिल हो जाता है।मुझे लगता है कि आज की पीढ़ी के लिए असफलता को संभालना भी मुश्किल होता जा रहा है। हमें यह समझना होगा कि जिंदगी हमेशा आसान नहीं होगी।

सवाल: ओटीटी के आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में नए कलाकारों और प्रतिभाओं के लिए अवसर बढ़े हैं। क्या अब स्टारडम से ज्यादा कहानी और अभिनय मायने रखते हैं?

जवाब: मेरे अनुभव में नेपोटिज्म जैसी कोई चीज नहीं है। मैं फिल्म इंडस्ट्री के भीतर से आता हूं या बाहर से, इस आधार पर चीजों को नहीं देखता। मैंने खुद कभी इसका सामना नहीं किया। अगर आप अच्छा काम करते हैं, तो लोग आपके साथ काम करना चाहते हैं और आपको अपने प्रोजेक्ट से जोड़ते हैं।खासकर ओटीटी के आने के बाद मुझे नहीं लगता कि सिर्फ स्टारडम के आधार पर चीजें चलती हैं। दर्शक किसी भी प्रोजेक्ट को उसकी गुणवत्ता के आधार पर देखना पसंद करते हैं। अब ऐसा नहीं है कि आपने प्रचार कर लिया और पहले सप्ताहांत में कमाई कर ली, तो फिल्म सफल हो गई। अगर सीरीज या फिल्म अच्छी होगी, तभी चलेगी। उसमें बड़ा स्टार है या छोटा, इससे बहुत ज्यादा फर्क नहीं पड़ता। अच्छे काम को दर्शक एक-दूसरे तक पहुंचाते हैं। अब किसी फिल्म या सीरीज को देखने के लिए सिर्फ रिलीज के शुरुआती दिनों का इंतजार जरूरी नहीं है। अच्छी कहानी अपनी जगह बना ही लेती है।

सवाल: कई ऐसी फिल्में हैं, जो सिनेमाघरों में सफल नहीं हुईं, लेकिन ओटीटी पर आने के बाद दर्शकों ने उन्हें पसंद किया। क्या इसे सिनेमा में सकारात्मक बदलाव मानते हैं?

जवाब: बिल्कुल। कहानी तो चलेगी ही। आज दर्शक वही पसंद करते हैं। स्टारडम को शायद अब थोड़ा पीछे रखना पड़ेगा। अच्छी बात यह भी है कि अच्छे कलाकारों को पहचान मिल रही है। अब यह मायने नहीं रखता कि चेहरा कौन है। यह मायने रखता है कि अभिनय किसका अच्छा है और कहानी कितने अच्छे तरीके से सुनाई गई है। जो लोग संघर्ष कर रहे हैं, उन्हें सफलता जरूर मिलेगी। अगर प्रतिभा है, तो सफलता मिलने का भरोसा रखना चाहिए। मुझे लगता है कि यह बदलाव सिनेमा के लिए अच्छा है, क्योंकि इससे अलग-अलग तरह की कहानियों और कलाकारों को सामने आने का अवसर मिल रहा है।

सवाल: आपके फिल्मकार बनने के सफर में किन फिल्मों और निर्देशकों ने सबसे ज्यादा प्रेरित किया?

जवाब: निर्देशक बनने का विचार भी दरअसल एक फिल्म से आया। वह फिल्म थी ‘सत्या’, जो 1998 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने मुझे प्रेरित किया कि मैं भी फिल्मकार बनना चाहता हूं। हो सकता है कि बचपन से ही कहीं न कहीं यह इच्छा रही हो, लेकिन इस फिल्म को देखने के बाद मुझे लगा कि यही वह काम है, जो मैं करना चाहता हूं। उस दौर में कुछ ऐसी हिंदी फिल्में भी देखीं, जो मुझे बहुत खराब लगीं। उन्हें देखकर यह आत्मविश्वास आया कि मैं इससे बेहतर फिल्म बना सकता हूं। जब आप फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा नहीं होते, तो शुरुआत करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। आपके पास पहले से संपर्क नहीं होते। लेकिन कोशिश करने पर रास्ता बनता है। मैंने भी कोशिश की और आखिरकार एक फिल्म में सहायक के तौर पर काम करने का मौका मिला। फिर एक फिल्म के बाद दूसरी और उसके बाद तीसरी फिल्म का सफर शुरू हुआ। ‘सत्या’ के अलावा ‘द गॉडफादर’ ने भी मुझे काफी प्रभावित किया। रॉबर्टो बेनिनी की ‘लाइफ इज ब्यूटीफुल’, माजिद मजीदी की ‘चिल्ड्रन्स ऑफ हेवन’ और हिंदी सिनेमा में सई परांजपे की फिल्म ‘दिशा’ भी मुझे बहुत पसंद हैं। मेरी प्रेरणा अलग-अलग फिल्मों और फिल्मकारों से आई है।

सवाल: आपकी नजर में आज के युवा फिल्मकारों के लिए सबसे जरूरी बात क्या है?

जवाब: मुझे लगता है कि उन्हें अपने अनुभवों पर भरोसा करना चाहिए। सिर्फ यह देखकर काम नहीं करना चाहिए कि बाजार में क्या चल रहा है या दर्शक क्या देखना चाहते हैं। सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि आप खुद क्या कहना चाहते हैं। अपनी कहानी पर विश्वास होना चाहिए। संघर्ष और असफलता से घबराना नहीं चाहिए। अगर आप ईमानदारी से अच्छा काम करते हैं, तो उसे दर्शकों तक पहुंचने का रास्ता जरूर मिलता है।

Created On :  

Tags

Next Story