Exclusive Interview: ‘छठ में कोई पराया नहीं होता, अनजान लोग भी अपने लगते हैं’, अभिनेता क्रांति प्रकाश झा से बातचीत

डिजिटल डेस्क, मुंबई। छठ महापर्व अभिनेता क्रांति प्रकाश झा के लिए सिर्फ आस्था का पर्व नहीं, बल्कि बचपन की यादों, परिवार और अपनी मिट्टी से जुड़ने का अवसर भी है। बिहार से गहरा रिश्ता रखने वाले क्रांति के लिए यह पर्व अपनों के साथ समय बिताने और प्रकृति के प्रति आभार जताने का माध्यम है। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने छठ से जुड़ी अपनी यादें और अनुभव साझा किए।
सवाल: छठ महापर्व से आपका गहरा जुड़ाव रहा है। बचपन की कौन-सी यादें आज भी आपके मन में ताजा हैं?
क्रांति प्रकाश झा: बचपन की बहुत सारी यादें हैं। उस समय आज जैसी सुविधाएं नहीं थीं। हम सबसे पहले घाटों की सफाई करने जाते थे। पटना में रहते हुए दूसरे घाट पर भी सफाई करते थे। इससे पहले जब पिता की पोस्टिंग पटना से पहले पूर्णिया में थी, तब हमारे घर में एक बड़ा हौज बना हुआ था। दादी उसे बहुत सुंदर तरीके से सजाती थीं। अब दादी हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके बाद मां ने यह परंपरा संभाल ली। बचपन की यादें बहुत खूबसूरत हैं। उस उम्र में व्रत का महत्व तो ज्यादा समझ नहीं आता था, लेकिन पटाखे फोड़ने, ठेकुआ खाने, घाटों के गीत सुनने और सभी भाई-बहनों के एक साथ जुटने का उत्साह रहता था। यह आपसी जुड़ाव समाज के लिए भी बड़ा संदेश है। अगर लोग तीन दिन भी इस तरह एक साथ रहें, तो उन पलों को जीवनभर याद रख सकते हैं।
यह भी पढ़े -करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण 9' में नजर आएंगे समय रैना? कॉमेडियन ने शेयर किए पोस्ट से बढ़ी अटकलें
सवाल: घर की महिलाएं कठिन व्रत रखती हैं और तैयारियों में उनकी बड़ी भूमिका होती है। बचपन में आपकी क्या जिम्मेदारी रहती थी?
क्रांति: बचपन में हम थोड़े शरारती थे और ज्यादा कुछ समझते नहीं थे। मां का डर हमेशा बना रहता था। खूब डांट सुनी और दो-एक बार थप्पड़ भी पड़े। पटाखे फोड़ने के उत्साह में एक-दो बार हाथ भी जला लिया था, जिसके लिए और मार पड़ी। आज हमारा योगदान यही है कि घर की महिलाएं जो कहें, उनकी बात मानकर काम करें और उनके कठिन तीन दिन के व्रत को थोड़ा आसान बनाएं। उनमें इतना कठिन व्रत रखने की क्षमता है और यह छठी मैया की कृपा है। मेरी भी इच्छा है कि जब उनकी कृपा होगी, तो मैं भी छठ का व्रत शुरू करूंगा। अभी वह समय नहीं आया है।
सवाल: बिहार की मिट्टी से आपका गहरा रिश्ता है। मुंबई में रहते हुए छठ मनाना कितना मुश्किल रहा?
क्रांति: मेरा अनुभव शुरू से बहुत अच्छा रहा है। मुंबई शहर बहुत अपनापन देने वाला है। विवाद कहीं भी हो सकते हैं, लेकिन वहां के लोग बहुत स्वीकार करने वाले हैं। शुरुआती दिनों में जब मैं घर नहीं आ पाता था, तब मुंबई में जहां भी छठ होती थी, वहां चला जाता था। कई बार ऐसे लोगों से भी प्रसाद ग्रहण किया, जिन्हें जानता तक नहीं था। वहां हर कोई अपना लगता है। कोई अजनबी नहीं होता।
यह भी पढ़े -तलाक ले रहे जोड़े के रिश्ते में पनपेगा प्यार, 4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर आएगी इम्तियाज अली की सीरीज ‘ओ साथी रे’
सवाल: इस बार आप पटना में हैं?
क्रांति: हां, इस बार पटना में हूं। छठ पर यहां से अपने गांव और ननिहाल जाना चाहता हूं। वहां बहुत बड़े स्तर पर आयोजन होता है और लोग हमारा इंतजार करते हैं। यह हमारे लिए हर साल की परंपरा बन गई है। गांव जाने से जो आध्यात्मिक खुशी मिलती है, वह कहीं और नहीं मिल सकती। वहां हर कोई खुश रहता है और एक-दूसरे से गले मिलता है। गांव में तैयारियां जोरों पर हैं। मुझे लगता है कि वह दिन दूर नहीं, जब छठ पर्यटन भी शुरू हो जाएगा। इस पर्व से बहुत बड़ी संख्या में लोग जुड़ रहे हैं और इसकी चर्चा दूर-दूर तक होती है। छठ की सबसे अच्छी बात यह है कि यह प्रकृति की पूजा है। इसमें जाति, धर्म, अमीर-गरीब का कोई भेद नहीं है। मेरे कई दोस्त, जो बिहार से नहीं हैं, वे भी इसमें गहरी रुचि रखते हैं और अब छठ मनाने लगे हैं। दिल्ली में भी बिहार और उत्तर प्रदेश से बाहर के लोग छठ मनाते हैं। यह वसुधैव कुटुंबकम की भावना का बहुत सुंदर उदाहरण है।
सवाल: पहले छठ मुख्य रूप से भोजपुरी फिल्मों और गीतों में दिखाई देता था, लेकिन अब हिंदी फिल्मों और दुनिया भर में इसकी पहुंच बढ़ रही है। इसे कैसे देखते हैं?
क्रांति: बिल्कुल। छठ में न पुरोहित की जरूरत होती है और न मूर्ति पूजा की। इसमें हम सीधे प्रकृति की पूजा करते हैं, जो सारी ऊर्जा का स्रोत है। इस पर्व में भक्ति का भाव इतना गहरा होता है कि छोटी-मोटी गलतियों को भी महत्व नहीं दिया जाता। इस बार कई लोगों को ट्रेन और फ्लाइट के टिकट नहीं मिले। मैंने सोशल मीडिया पर इस बारे में पोस्ट भी किया था। इसके बाद लोग कार, बाइक और यहां तक कि ऑटो से भी घर पहुंचे। लोग पूरे साल छठ का इंतजार करते हैं। इस पर्व की परंपरा भक्ति, एक-दूसरे के प्रति प्रेम और प्रकृति के प्रति आभार जताने की है, जो हमें सब कुछ देती है।
सवाल: आप लोकप्रिय छठ गीत का भी हिस्सा रहे हैं। बचपन में छठ को देखने और एक कलाकार के रूप में उसका हिस्सा बनने का अनुभव कैसा रहा?
क्रांति: यह मेरे लिए बहुत खास अनुभव है। मुझे लगता है कि पिछले जन्म के अच्छे कर्मों का फल है कि मुझे छठ गीत का हिस्सा बनने का अवसर मिला। सबसे खास बात यह थी कि उस गीत में हमारी आदरणीय शारदा दीदी भी थीं। यह छठी मैया और शारदा दीदी का आशीर्वाद है। करीब 10 साल पहले वह गीत वायरल हुआ था। उसे देखकर विदेश में रहने वाले कई लोग छठ पर घर आने के लिए प्रेरित हुए। कुछ लोग तो 50 हजार रुपये का टिकट छोड़कर एक लाख रुपये तक खर्च करके घर आए। यह सोचकर आज भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं। हमने मुंबई की एक छत पर इस गीत की शूटिंग की थी। अपने ही कपड़े पहने थे। मैंने जो लाल कुर्ता पहना था, वह आज भी मेरे पास यादगार के रूप में रखा है। नितिन चंद्रा की यह सोच थी और सभी ने इसमें सहयोग किया। उसके बाद छठ गीतों की बाढ़ आ गई, लेकिन वह गीत आज भी मेरे दिल में बसा है।
Created On :  

