Bollywood News: ‘पहाड़ों में जाकर हम खोते नहीं, खुद को पाते हैं’ : अमित साध

‘पहाड़ों में जाकर हम खोते नहीं, खुद को पाते हैं’ : अमित साध
भिनेता अमित साध अपनी दमदार अदाकारी और किरदारों में पूरी तरह ढल जाने के लिए पहचाने जाते हैं। इस बार वह फिल्म ‘प्रताप’ में एक ऐसे पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आने वाले हैं, जिसकी जिंदगी सत्ता, कानून, संघर्ष और भावनात्मक उथल-पुथल के बीच उलझ जाती है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अभिनेता अमित साध अपनी दमदार अदाकारी और किरदारों में पूरी तरह ढल जाने के लिए पहचाने जाते हैं। इस बार वह फिल्म ‘प्रताप’ में एक ऐसे पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आने वाले हैं, जिसकी जिंदगी सत्ता, कानून, संघर्ष और भावनात्मक उथल-पुथल के बीच उलझ जाती है। फिल्म का ट्रेलर 90 के दशक के सिनेमा की याद दिलाता है। दैनिक भास्कर से बातचीत में अमित ने बताया कि एक पुलिस अधिकारी के किरदार को समझने के लिए किस तरह की सोच जरूरी थी और बीते कुछ वर्षों में उनके भीतर किस तरह का बदलाव आया है। बातचीत में उन्होंने सिनेमा, अभिनय, जिंदगी और खुद को खोजने के अपने अनुभव भी साझा किए।

‘प्रताप’ सिर्फ ताकत नहीं, बेबसी की कहानी भी है

अमित साध ने कहा, पुलिस अधिकारियों और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट पर पहले भी कई फिल्में बन चुकी हैं, लेकिन इस कहानी में मुझे एक अलग पहलू देखने को मिला। फिल्म में दिखाया गया है कि एक ताकतवर पुलिस अधिकारी कैसे परिस्थितियों के चलते कानून के दूसरी तरफ पहुंच जाता है। उसकी सत्ता और ताकत छिनने के बाद जेल में उसके साथ क्या होता है । पुलिस समाज में कानून-व्यवस्था की आखिरी कड़ी होती है। उसका जनता से बहुत करीबी रिश्ता होता है। इसलिए पुलिस और आम लोगों के बीच प्यार और नाराजगी, दोनों देखने को मिलते हैं। कई बार लोग पुलिस को निशाना बनाते हैं, लेकिन संकट के समय उसी से मदद की उम्मीद भी करते हैं।

पुलिस की जिंदगी में कई ग्रे शेड्स हैं।

मुझे लगता है, पुलिस की जिम्मेदारियां दूसरे सुरक्षा बलों से अलग और काफी मुश्किल होती हैं। पुलिस को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ कई बार राजनीतिक दबाव और अलग-अलग परिस्थितियों के बीच भी काम करना पड़ता है। उनके मुताबिक, किसी भी पुलिस अधिकारी की जिंदगी को सिर्फ सही और गलत के दायरे में नहीं समझा जा सकता। उसमें कई ऐसे पहलू होते हैं, जिन्हें देखना जरूरी है।

‘पहाड़ों में जाकर हम खोते नहीं, खुद को पाते हैं’

मैं काम के बाद पहाड़ों में चला जाता हूं क्योंकि यही से मुझे सुकून मिलता है। लोग मुझसे पूछते हैं इंडस्ट्री से दूर होकर खोने का डर नहीं लगता ? तो मैं इन्हें कहता हूं,पहाड़ों में जाकर हम कभी खोते नहीं हैं, बल्कि खुद को पाते हैं। मुझे इस बात का डर नहीं है कि कुछ समय तक पर्दे से दूर रहने पर दर्शक मुझे भूल जाएंगे। किसी को उनकी जरूरत होगी तो वह उनके साथ काम करना जरूर चाहेगा, भले वह कहीं भी हों।

‘यह ग्लैमर नहीं, सिनेमा इंडस्ट्री है’

फिल्म इंडस्ट्री को ग्लैमर की दुनिया नहीं कहना चाहिए, यह ग्लैमर इंडस्ट्री नहीं, सिनेमा इंडस्ट्री है। हम ग्लैमर नहीं बनाते, सिनेमा बनाते हैं। ग्लैमर उसका एक छोटा-सा हिस्सा है। सिनेमा एक सामूहिक प्रयास है, जिसमें कलाकारों के साथ पत्रकारों, तकनीशियनों, लेखकों और पर्दे के पीछे काम करने वाले सैकड़ों लोगों का योगदान होता है। इस इंडस्ट्री में हर कोई मेहनत करता है और सभी एक-दूसरे के काम से जुड़े हैं। अगर कोई प्रशंसक मुझसे किसी खास अंदाज में मिलने या तस्वीर खिंचवाने की इच्छा जताता है तो मैं उसे भी खुशी-खुशी पूरा करने की कोशिश करता हूं।

‘आज मैं चुपचाप जाता हूं और अपना काम करता हूं’

मुझमे समय के साथ बहुत बदलाव आया है। मैं जब नया नया आया था तो मेरे भीतर अपनी मेहनत और तैयारी दिखाने का उत्साह होता था। मै सबको बताना चाहता था कि मुझे किरदार के लिए क्या-क्या करना है। लेकिन समय के साथ यह सोच बदलती गई। आज वह सेट पर चुपचाप जाता हूं और अपना काम करता हूं। एक किस्सा बताता हूं एक शॉट के बाद सेट पर मौजूद लोगों ने मेरे लिए तालियां बजाईं। उस दृश्य में जूनियर कलाकारों का भी योगदान था, इसलिए मैने उसके बाद सभी को धन्यवाद दिया। तभी वहां मौजूद दो बुजुर्ग कलाकार मेरे पास आए और कहा कि वे उन्हें लंबे समय से देख रहे हैं और यह अंदाज देखकर काफी सम्मानित महसूस कर रहे हैं । उन्होंने मुझे आशीर्वाद भी दिया।

90 के दशक के कलाकारों से मिली प्रेरणा

फिल्म के लुक और 90 के दशक के सिनेमा की झलक है। नाना पाटेकर, सनी देओल, अमिताभ बच्चन और मार्लन ब्रैंडो जैसे कलाकारों से मैं हमेशा प्रभावित रहा हूं । हालांकि, किसी किरदार की तैयारी के लिए मेरी पहली प्राथमिकता स्क्रिप्ट और निर्देशक का नजरिया होता है लेकिन इसमें हमने 90के दशक का स्टाइल और लुक भी दिया है।

बॉक्स ऑफिस से ज्यादा दर्शकों का जुड़ाव जरूरी

फिल्म की रिलीज और बॉक्स ऑफिस को लेकर यही कहूंगा कि जब भी फिल्म रिलीज़ होती है घबराहट तो होती ही है। फिल्म अच्छा कारोबार करे, लेकिन उनके लिए इससे भी ज्यादा जरूरी है कि दर्शक फिल्म देखकर उससे जुड़ाव महसूस करें। मैं चाहता हूं कि लोग फिल्म देखने जाएं, उसमें कुछ अच्छा खोजें, किसी किरदार या संवाद से जुड़ें और हमें बताएं कि उन्हें फिल्म केवल पर्दे पर दिखने वाले कलाकार की मेहनत नहीं होती। इसे बनाने में 300 से 500 लोगों की ऊर्जा और मेहनत लगी होती है। इसलिए इसकी सफलता पूरी टीम की सफलता होगी।

Created On :  

Tags

Next Story