शादी के बाद दुल्हन नहीं, दूल्हा जाएगा ससुराल: आयुष्मान-शरवरी की 'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर रिलीज, आयुष्मान खुराना बोले- सलमान से अच्छा प्रेम कोई नहीं

डिजिटल डेस्क, मुंबई। सूरज बड़जात्या की आगामी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर बुधवार को मुंबई में रिलीज किया गया। आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ अभिनीत यह फिल्म राजश्री प्रोडक्शन की 61 वीं फिल्म है। यह पारिवारिक फिल्म रिश्तों, प्रेम और शादी के बाद निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों को एक नए नजरिए से पेश करती है। ट्रेलर में सूरज बड़जात्या की पारंपरिक पारिवारिक कहानी के साथ आधुनिक सोच का मेल नजर आता है। ट्रेलर लॉन्च पर आयुष्मान ने बताया कि अब तक फिल्मों में दिखाए गए प्रेम में से उनके सबसे ज्यादा पसंदीदा प्रेम सलमान खान हैं।
कैसा है ट्रेलर?
ट्रेलर की शुरुआत प्रेम मिश्रा (आयुष्मान खुराना) के इस खुलासे से होती है कि उसके पिता वेद मिश्रा (अनुपम खेर) ने उसकी होने वाली पत्नी पूर्वा सोलंकी (शरवरी) के परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसके बाद कहानी सोलंकी निवास पहुंचती है, जहां छह महिलाएं रहती हैं। पूर्वा पर अपने माता-पिता और परिवार की जिम्मेदारी है। ऐसे में वह शादी के बाद अपना घर छोड़कर नहीं जाना चाहती। पूर्वा की परिस्थिति समझते हुए प्रेम एक अलग प्रस्ताव रखता है। वह शादी के बाद दुल्हन को अपने घर लाने के बजाय खुद उसके घर जाकर रहने का फैसला करता है। यहीं से दो लोगों के साथ दो परिवारों के रिश्तों और विचारों के बीच दिलचस्प टकराव शुरू होता है। फिल्म में प्रेम के किरदार के जरिए सूरज बड़जात्या ने शादी के बाद लड़की के घर छोड़ने की पुरानी परंपरा पर सवाल उठाया है। फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
यह भी पढ़े -करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण 9' में नजर आएंगे समय रैना? कॉमेडियन ने शेयर किए पोस्ट से बढ़ी अटकलें
सलमान खान से अच्छा प्रेम कोई नहीं
ट्रेलर लॉन्च पर आयुष्मान ने कहा कि राजश्री की फिल्मों के प्रेम के किरदार को हमेशा सलमान खान ने अच्छी तरह से निभाया है। उनसे अच्छा प्रेम और कोई नहीं हो सकता । उन्हें जब प्रेम निभाने का मौका मिला तो उन्होंने भी इस किरदार के लिए खुद में बहुत बदलाव किए।
Created On :  

