IFFI 2026: कल से शुरू होगा 57वां इफ्फी, भारतीय सिनेमा की विविधता के साथ दिखेगा दुनिया भर की कहानियों का रंग

कल से शुरू होगा 57वां इफ्फी, भारतीय सिनेमा की विविधता के साथ दिखेगा दुनिया भर की कहानियों का रंग
गोवा में 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) 2026 का आगाज होने जा रहा है। नौ दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव की थीम 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' रखी गई है। इसमें 'कांतारा: ए लीजेंड-चैप्टर 1' समेत कई भारतीय फिल्में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। पहली बार विशेष एनीमेशन सेक्शन भी होगा, जिसमें पांच देशों की फिल्में दिखाई जाएंगी। इसके अलावा इंडियन पैनोरमा, क्लासिक फिल्मों की स्क्रीनिंग और दिग्गज कलाकारों को श्रद्धांजलि इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। गोवा में 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (इफ्फी ) 2026 का आगाज कल से होगा। ओपनिंग ‘फादरलैंड' फिल्म के प्रदर्शन के साथ होगी। नौ दिनों तक चलने वाले इस फिल्म महोत्सव की इस साल की थीम ‘स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' रखी गई है। इसमें दुनियाभर के फिल्मकार, कलाकार और सिनेमा प्रेमी शामिल होंगे। महोत्सव में भारतीय सिनेमा की विविधता के साथ वैश्विक कहानियों और नजरियों को भी बड़े पर्दे पर पेश किया जाएगा। इस साल के प्रमुख आकर्षणों में इंडियन पैनोरमा सेक्शन शामिल है, जिसमें 30 फीचर फिल्में, 20 नॉन-फीचर फिल्में और बेस्ट वेब सीरीज (ओटीटी) अवॉर्ड के लिए नामांकित पांच वेब सीरीज दिखाई जाएंगी। भारतीय फिल्मों की मौजूदगी इंटरनेशनल कॉम्पिटिशन में भी रहेगी, जहां ‘कांतारा: ए लीजेंड-चैप्टर 1', ‘पारो-द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ब्राइड स्लेवरी' और ‘द केरल स्टोरी 2 गोज बियॉन्ड' प्रतिस्पर्धा करेंगी।

वहीं, लद्दाखी भाषा की ‘बर्ड्स ऑन आइस' और कश्मीरी फिल्म ‘स्लेज' बेस्ट डेब्यू फीचर फिल्म श्रेणी में शामिल होंगी। ‘कबीर सर का आखिरी लेसन', ‘प्लेयर 5' और ‘सेव मिच्छर' आईसीएफटी -यूनेस्को गांधी मेडल के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। महोत्सव में भारतीय सिनेमा की विरासत को सम्मान देते हुए ‘तुलाभारम', ‘साधी मानेसे', ‘वक्त', ‘कश्मीर की कली' और ‘चौदहवीं का चांद' जैसी फिल्मों की शताब्दी वर्ष विशेष स्क्रीनिंग होगी।

वहीं, ‘भक्त कन्नप्पा' और ‘कभी कभी' को गोल्डन जुबली ट्रिब्यूट दिया जाएगा। दिग्गज फिल्मकारों और कलाकारों भरतिराजा, के. भाग्यराज और नाना पाटेकर को भी विशेष श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके अलावा, ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो' के छठे संस्करण में फिल्म निर्माण से जुड़ी 13 विधाओं के 100 युवा प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा। पर्यावरण और प्रकृति के साथ मनुष्य के संबंधों पर केंद्रित ‘मिशन लाइफ' सेक्शन में पांच अंतरराष्ट्रीय फिल्मों की स्क्रीनिंग भी होगी।

पहली बार होगा विशेष एनीमेशन सेक्शन, पांच देशों की फिल्में होंगी प्रदर्शित

57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (इफ्फी) 2026 में इस बार विशेष एनीमेशन सेक्शन शुरू किया जा रहा है। इसमें जापान, फ्रांस, चीन, सिंगापुर और अमेरिका की पांच अंतरराष्ट्रीय एनीमेशन फिल्में दिखाई जाएंगी। इस सेक्शन का उद्देश्य एनीमेशन के जरिए भावनात्मक और सामाजिक कहानियों को दर्शकों तक पहुंचाना है।

Created On :  

Tags

Next Story