International Men’s Day Special: माचो इमेज से इमोशनल हीरो तक, बॉलीवुड में बदल रही है मर्दानगी की परिभाषा

माचो इमेज से इमोशनल हीरो तक, बॉलीवुड में बदल रही है मर्दानगी की परिभाषा
हिंदी सिनेमा में लंबे समय तक हीरो की एक तय छवि रही। मजबूत शरीर, भारी आवाज, चेहरे पर गुस्सा और हर मुश्किल से अकेले लड़ने का जज्बा। वह रोता नहीं था, डरता नहीं था और अपनी कमजोरियां किसी के सामने जाहिर नहीं करता था। परिवार की जिम्मेदारी उठाना, पत्नी और बच्चों की सुरक्षा करना और हर फैसले में अपनी बात मनवाना ही उसकी मर्दानगी का पैमाना माना जाता था। लेकिन अब यह परिभाषा बदल रही है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। हिंदी सिनेमा में लंबे समय तक हीरो की एक तय छवि रही। मजबूत शरीर, भारी आवाज, चेहरे पर गुस्सा और हर मुश्किल से अकेले लड़ने का जज्बा। वह रोता नहीं था, डरता नहीं था और अपनी कमजोरियां किसी के सामने जाहिर नहीं करता था। परिवार की जिम्मेदारी उठाना, पत्नी और बच्चों की सुरक्षा करना और हर फैसले में अपनी बात मनवाना ही उसकी मर्दानगी का पैमाना माना जाता था। लेकिन अब यह परिभाषा बदल रही है। आज का हीरो अपनी भावनाएं जाहिर करता है, असफलता से टूटता है, जरूरत पड़ने पर मदद मांगता है और रिश्तों में बराबरी को महत्व देता है।अब हीरो होने का मतलब सिर्फ मजबूत दिखना, गुस्सा करना या हर जिम्मेदारी अकेले उठाना नहीं है। अपनी भावनाओं को स्वीकारना, महिलाओं को बराबरी देना और रिश्तों में साझेदारी निभाना भी असली मर्दानगी है।

मर्दानगी के मायने अब बदल चुके हैं - अनुपम खेर

अभिनेता अनुपम खेर कहते हैं आज के दौर में मर्दानगी और पितृसत्तात्मक सोच के मायने बदल चुके हैं। फिल्मों के जरिए हम समाज के पहलू को दिखाते आये हैं इसमें से मर्दानगी भी एक विषय है। मुझे ख़ुशी है कि परदे पर भी समाज के साथ मर्दानगी के मायने बदल रहे हैं। आज के सीरीज में या फिल्म में आप देखेंगे कि हीरो रोता भी है और महिलाओं के साथ मिलकर अपनी जिम्मेदारियां भी निभाता है। यह उस सोच को बदलने की जरूरत बताती है, जिसमें घर के काम को महिलाओं का और बाहर की दुनिया की जिम्मेदारी को पुरुषों का काम मान लिया गया है। अब यह समझ विकसित हो रही है कि घर चलाना और परिवार संभालना दोनों की साझा जिम्मेदारी है।

पत्नी का साथ देना कमजोरी नहीं, साझेदारी है - सूरज बड़जात्या

फिल्मकार सूरज बड़जात्या भी मर्दानगी की बदलती परिभाषा को रिश्तों में बराबरी और साथ निभाने से जोड़ते हैं। वह अपने अनुभव साझा करते हुए कहते हैं, ‘मुझे याद है, जब मैं अपनी पत्नी से मिलने जाता था तो मेरी मां मुझे टोकती थीं। वह कहती थीं कि तुम कैसे मर्द हो, जो बार-बार अपनी पत्नी से मिलने जाते हो? तुम्हें और कोई काम नहीं है क्या?' वह आगे कहते हैं कि आज उनके बच्चे अपनी पत्नियों के काम और जिम्मेदारियों में पूरा साथ देते हैं। वे बच्चों को भी मिलकर बड़ा कर रहे हैं। मुझे लगता है कि इससे खूबसूरत बदलाव और कुछ नहीं हो सकता। यही असली मर्दानगी है।

फिल्मों और सीरीज में बदलती मर्दानगी की सोच

इस साल फिल्मों और वेब सीरीज में मर्दानगी की पारंपरिक परिभाषा को चुनौती देने वाले कई उदाहरण देखने को मिले। रणवीर सिंह की धुरंधर: द रिवेंज में जस्किरत सिंह रंगी का किरदार एक ऐसे पुरुष की कहानी है, जो देश के लिए लड़ते हुए अपने परिवार, प्यार और निजी जिंदगी को खोने का दर्द भी अपने भीतर समेटे रहता है। उसकी खामोशी और भावनात्मक टूटन बताती है कि बहादुरी का मतलब भावनाओं से परे होना नहीं है। वहीं, अली फजल, आमिर बशीर और सोनाली बेंद्रे की सीरीज राख पुरुषों के अहंकार, असुरक्षा और जहरीली मर्दानगी के पहलुओं को सामने लाती है। इसमें पुरुषों पर हमेशा मजबूत बने रहने और अपनी कमजोरियां छिपाने के सामाजिक दबाव को भी दिखाया गया है। दूसरी ओर सीरीज सतरंगी: बदले का खेल में लौंडा नाच की दुनिया के जरिए यह सवाल उठता है कि क्या पुरुष का श्रृंगार करना, नृत्य करना या स्त्री-सुलभ अभिव्यक्ति अपनाना उसकी मर्दानगी को कम कर देता है? बाबलू महतो का किरदार इस धारणा को चुनौती देता है। पंकज त्रिपाठी की फिल्म पारिवारिक मनोरंजन भी एक अलग तरह के पुरुष किरदार को सामने रखती है, जो पारंपरिक दबंग हीरो की छवि से अलग है। पंकज ने भी फिल्मों में छाती ठोककर ताकत दिखाने वाली मर्दानगी पर सवाल उठाते हुए कहा है कि अब ‘अल्फा मेल' की परिभाषा बदलने की जरूरत है। दिव्या दत्ता अभिनीत चिरैया काफी सराही गयी। यह सीरीज वैवाहिक रिश्तों में सहमति और पुरुषों के अधिकारवादी रवैये पर सवाल उठाती है। ये उदाहरण बताते हैं कि आज का सिनेमा पुरुष को सिर्फ उसकी ताकत से नहीं, बल्कि उसकी संवेदनशीलता, असुरक्षाओं, व्यवहार और रिश्तों में निभाई जाने वाली भूमिका से भी पहचानने लगा है।

मर्दानगी की नई परिभाषा गढ़ रहा है फैशन

इस बदलाव का असर सिर्फ फिल्मों और रिश्तों में नहीं, बल्कि पुरुषों के पहनावे और लाइफस्टाइल में भी दिखाई दे रहा है। रणवीर सिंह जैसे अभिनेता फैशन के मामले में पारंपरिक पुरुषवादी सोच को चुनौती देते रहे हैं। कभी स्कर्ट, कभी ज्वेलरी तो कभी बोल्ड आउटफिट्स के साथ वह यह संदेश देते हैं कि कपड़ों और स्टाइल का कोई जेंडर नहीं होता। वहीं, पुरुषों में स्किनकेयर, फिटनेस और खुद की देखभाल को लेकर बढ़ती जागरूकता भी इस बदलाव का हिस्सा है। अब खुद पर ध्यान देना या अपनी खूबसूरती को लेकर सजग रहना पुरुषों के लिए असहजता का विषय नहीं रह गया है।

पिछले एक साल में आईं फिल्में, जिन्होंने बदली मर्दानगी की परिभाषा

- ‘डोरोथी' (2026): लड़कों को बचपन से भावनाएं छिपाने और न रोने की सीख देने वाली सामाजिक सोच पर सवाल उठाती है।

- ‘मोथा रात्रि' (2026): रिश्ते में अधिकार जताने के बजाय पत्नी की इच्छा, पसंद और स्वतंत्रता का सम्मान करने वाले पुरुष की कहानी है।

- ‘बाथ्था' (2026): एक खतरनाक गैंगस्टर के भीतर छिपी संवेदनशीलता और एक बच्चे के साथ उसके भावनात्मक जुड़ाव को दिखाती है।

- ‘बाप्या' (2026): जेंडर पहचान और सामाजिक सोच के बीच अपनी पहचान के साथ सम्मानपूर्वक जीने के अधिकार की बात करती है।

- ‘मैं वापस आऊंगा' (2026): प्रेम, बिछड़ने के दर्द और पुरुषों की उन भावनाओं को सामने लाती है, जिन्हें अक्सर वे अपने भीतर दबाकर रखते हैं।

Created On :  

Tags

Next Story