Exclusive Interview: ऑस्कर तक पहुंचने के बाद असली परीक्षा शुरू होती है, एक स्क्रीनिंग पर 25 लाख रुपए तक खर्च: संतोष दावखर

डिजिटल डेस्क, मुंबई। किसी भारतीय फिल्म का ऑस्कर तक पहुंचना सिर्फ अच्छी कहानी और बेहतरीन निर्देशन का नतीजा नहीं होता। इसके पीछे चयन की लंबी प्रक्रिया, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म की पहचान बनाने की चुनौती और लाखों रुपए का प्रचार बजट भी शामिल होता है। मराठी फिल्म 'गोंधळ' के निर्देशक संतोष दावखर इन दिनों इसी चुनौती से गुजर रहे हैं। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने 99वें अकादमी अवॉर्ड्स के लिए 'गोंधळ' को भारत की आधिकारिक एंट्री चुना है। 33 फिल्मों के बीच हुए मुकाबले में यह फिल्म चुनी गई, जिनमें बड़े बजट की हिंदी फिल्मों के साथ कई क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्में भी शामिल थीं। लेकिन दावखर के मुताबिक, भारत की ओर से चुना जाना मंजिल नहीं, बल्कि एक लंबी अंतरराष्ट्रीय लड़ाई की शुरुआत है। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने ऑस्कर की चयन प्रक्रिया, वोटिंग, स्क्रीनिंग, प्रचार के खर्च और भारतीय फिल्मों को लेकर अंतरराष्ट्रीय नजरिए पर विस्तार से बात की।
11 हजार वोटर्स तक पहुंचने की चुनौती, एक स्क्रीनिंग पर 22-25 लाख का खर्च
दावखर कहते हैं, "ऑस्कर की प्रक्रिया को मैं पिछले कई वर्षों से करीब से समझने की कोशिश कर रहा हूं। एक फिल्म का वहां तक पहुंचना और फिर वोटर्स के बीच अपनी जगह बनाना दो अलग-अलग बातें हैं। एकेडमी के करीब 11 हजार सदस्य हैं। फिल्म को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना और उन्हें दिखाना जरूरी है।"
उनके मुताबिक, लॉस एंजिलिस में एक स्क्रीनिंग आयोजित करने पर करीब 22 से 25 लाख रुपए तक खर्च हो सकते हैं। इसमें आयोजन और फिल्म को संबंधित दर्शकों तक पहुंचाने से जुड़ी व्यवस्थाएं शामिल होती हैं। वे बताते हैं कि उनकी टीम ने 20, 22 और 24 नवंबर को भी स्क्रीनिंग की योजना बनाई है। स्क्रीनिंग के बाद फिल्म देखने वाले लोग दूसरे सदस्यों के बीच उसकी चर्चा करते हैं। इस तरह फिल्म को लेकर पहचान और रुचि पैदा होती है।
दावखर कहते हैं, "बड़े प्रोडक्शन हाउस के पास प्रचार और स्क्रीनिंग के लिए संसाधन होते हैं। वे लगातार फिल्म दिखा सकते हैं। लेकिन एक स्वतंत्र फिल्ममेकर के लिए यह आसान नहीं है। आप कह सकते हैं कि यह पावर और बजट का खेल भी है। जिसके पास ज्यादा पैसा है, वह ज्यादा लोगों तक पहुंच सकता है। हमें अपनी कहानी पर भरोसा है और उसी के दम पर आगे बढ़ना है।"
भारत में 33 फिल्मों के बीच हुआ चयन, 14 सदस्यीय ज्यूरी ने चुनी 'गोंधळ'
ऑस्कर की अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में भारत की ओर से एक ही आधिकारिक फिल्म भेजी जा सकती है। इसके लिए फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया चयन समिति बनाती है। 99वें ऑस्कर के लिए 33 फिल्मों पर विचार किया गया। इनमें 14 हिंदी, चार मराठी, चार तेलुगु, चार गुजराती और तीन तमिल फिल्में थीं। बाकी फिल्में अन्य भाषाओं की थीं। 14 सदस्यीय ज्यूरी की अध्यक्षता कन्नड़ फिल्ममेकर पी. शेषाद्री ने की। ज्यूरी ने फिल्मों की स्क्रीनिंग और विचार-विमर्श के बाद 'गोंधळ' को चुना।
इस चयन के बाद फिल्म की जानकारी, कलाकारों और तकनीकी टीम का विवरण, निर्देशक की जानकारी, फिल्म की डिजिटल कॉपी और प्रदर्शन से जुड़े प्रमाण एकेडमी को भेजे जाते हैं। एकेडमी के नियमों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म 40 मिनट से अधिक लंबी होनी चाहिए और उसके 50 प्रतिशत से ज्यादा संवाद अंग्रेजी के अलावा किसी अन्य भाषा में होने चाहिए। फिल्म को निर्धारित अवधि में कम से कम सात लगातार दिन व्यावसायिक सिनेमाघर में टिकट लेकर देखने वाले दर्शकों के लिए प्रदर्शित करना भी जरूरी है।
15 से पांच फिल्मों तक पहुंचने के लिए होती है दो चरणों में वोटिंग
भारत की आधिकारिक एंट्री बनने के बाद फिल्म को एकेडमी के सदस्यों की वोटिंग का सामना करना पड़ता है। पहले चरण में पात्र एकेडमी सदस्य योग्य फिल्मों को देखते हैं और गोपनीय मतदान करते हैं। सबसे अधिक वोट पाने वाली 15 फिल्मों को शॉर्टलिस्ट किया जाता है। इसके बाद दूसरे चरण में इन 15 फिल्मों को देखने वाले सदस्य फिर मतदान करते हैं। सबसे ज्यादा वोट पाने वाली पांच फिल्में अंतिम नॉमिनेशन में जगह बनाती हैं। विजेता का फैसला इन पांच फिल्मों को देखने वाले पात्र सदस्यों की अंतिम वोटिंग से होता है।
99वें ऑस्कर की घोषित समय-सारिणी के मुताबिक, 15 फिल्मों की शॉर्टलिस्ट 15 दिसंबर 2026 को और अंतिम पांच नॉमिनेशन 21 जनवरी 2027 को घोषित होंगे। पुरस्कार समारोह 14 मार्च 2027 को होगा। यानी 'गोंधळ' के सामने अभी दो महत्वपूर्ण पड़ाव बाकी हैं।
भारतीय सिनेमा को लेकर दुनिया में बनी है सीमित धारणा
दावखर के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के बीच भारतीय सिनेमा की एक सीमित छवि भी चुनौती है। वे कहते हैं, "मैंने जब अंतरराष्ट्रीय फिल्में देखनी शुरू कीं, तब महसूस किया कि दुनिया में भारतीय फिल्मों को लेकर एक खास तरह की धारणा है। हमारी फिल्मों को अक्सर हीरो, बड़े संवाद और भव्य प्रस्तुतियों से जोड़कर देखा जाता है। अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में सामाजिक समस्याओं, गरीबी और जातिवाद जैसे विषयों पर बनी फिल्मों को भी महत्व मिलता है। मैं चाहता था कि भारत को सिर्फ इन विषयों के जरिए नहीं, बल्कि उसकी सांस्कृतिक विरासत के जरिए भी दुनिया के सामने रखा जाए।"
इसी सोच के साथ उन्होंने महाराष्ट्र की पारंपरिक लोकसंस्कृति और धार्मिक अनुष्ठान 'गोंधळ' को अपनी फिल्म का विषय बनाया। ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि में एक रात के दौरान घटने वाली कहानी में आस्था, रिश्ते, छल और मानवीय भावनाओं को दिखाया गया है। दावखर के लिए यह सिर्फ एक थ्रिलर नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी और परंपरा को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास है।
यह भी पढ़े -करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण 9' में नजर आएंगे समय रैना? कॉमेडियन ने शेयर किए पोस्ट से बढ़ी अटकलें
डेढ़ किलोमीटर लंबा वन-टेक, 350 से 400 लोगों के साथ सात दिन की तैयारी
फिल्म की तकनीकी बनावट भी इसकी खासियत है। दावखर बताते हैं कि फिल्म के एक महत्वपूर्ण दृश्य में करीब डेढ़ किलोमीटर तक फैली लाइटिंग के बीच लंबा वन-टेक फिल्माया गया। इसके लिए सात दिन तक लगातार अभ्यास करना पड़ा। इस दृश्य में करीब 350 से 400 लोगों के बीच तालमेल बैठाना था। बैलगाड़ी, कलाकार, लोककलाकार, गांव के घरों में चल रही गतिविधियां और जानवरों की आवाजाही को एक ही शॉट में कैमरे में कैद करना आसान नहीं था।
वे कहते हैं, "मैं चाहता था कि दर्शक फिल्म देखते हुए ऐसा महसूस करें जैसे वे खुद उस गांव में मौजूद हैं। कहानी का मुख्य किरदार भी पहली बार उस अनुष्ठान को देख रहा है। इसलिए दर्शक भी उसी की नजर से उस दुनिया को महसूस करें। बार-बार कट लगाने से वह अनुभव टूट जाता।"
पहले भी तीन मराठी फिल्में पहुंचीं भारत की ऑस्कर एंट्री तक
'गोंधळ' मराठी सिनेमा की चौथी फिल्म है, जिसे भारत की आधिकारिक ऑस्कर एंट्री बनने का अवसर मिला है। इससे पहले संदीप सावंत की 'श्वास' (2004), परेश मोकाशी की 'हरिश्चंद्राची फैक्टरी' (2009) और चैतन्य ताम्हणे की 'कोर्ट' (2015) भारत की ओर से ऑस्कर की अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में भेजी गई थीं। हालांकि, इनमें से कोई भी अंतिम पांच नॉमिनेटेड फिल्मों में जगह नहीं बना सकी। भारत की ओर से अब तक 'मदर इंडिया', 'सलाम बॉम्बे!' और 'लगान' ही इस श्रेणी में अंतिम नॉमिनेशन तक पहुंची हैं।
2020 में लिखी कहानी, स्टूडियो से नहीं मिला साथ
दावखर बताते हैं कि 'गोंधळ' की कहानी का पहला ड्राफ्ट उन्होंने 2020 में लिखा था। लेकिन स्टूडियो इस विषय पर फिल्म बनाने के लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद उन्होंने खुद फिल्म बनाने का निर्णय लिया। स्क्रीनप्ले राइटिंग सीखने के लिए एफटीआईआई के सहयोग से आयोजित पाठ्यक्रम में हिस्सा लिया और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा की फिल्मों का अध्ययन किया। प्रोडक्शन की व्यवस्था करने में उन्हें करीब तीन साल अतिरिक्त लगे।
अब उनकी अगली फिल्म 'शाहजी राजे' है, जो छत्रपति शिवाजी महाराज के पिता शाहजी राजे के जीवन और उस दौर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित होगी। हालांकि, फिलहाल उनका पूरा ध्यान 'गोंधळ' के ऑस्कर कैंपेन पर है। दावखर के लिए यह उपलब्धि सिर्फ एक मराठी फिल्म का चयन नहीं, बल्कि क्षेत्रीय भारतीय सिनेमा की ताकत दिखाने का अवसर है। अब देखना होगा कि अपनी लोकसंस्कृति और सीमित संसाधनों के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंची 'गोंधळ' शॉर्टलिस्ट और अंतिम नॉमिनेशन की कसौटी पर कितनी दूर तक जाती है।
Created On :  


