Exclusive Interview: 'गीत ने मुझे नई पहचान दी, भारत ने अपनापन’-अदनान सामी, लंबे समय बाद नए सिंगल ‘लिपस्टिक’ के साथ कर रहे वापसी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। एक समय अपनी आवाज और अनोखे अंदाज से संगीत की दुनिया पर राज करने वाले अदनान सामी अब लंबे समय बाद नए सिंगल ‘लिपस्टिक’ के साथ वापसी कर रहे हैं। पाकिस्तान में जन्म लेकर भारत में अपनी पहचान बनाने तक अदनान सामी की यात्रा उतार-चढ़ाव, संघर्ष और कई बड़े फैसलों से भरी रही है। भारतीय नागरिकता लेने से लेकर संगीत से लंबे ब्रेक और फिर नए दौर के म्यूजिक के साथ खुद को दोबारा स्थापित करने तक, उनकी जिंदगी हमेशा चर्चा में रही। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में अदनान सामी ने अपने नए गाने ‘लिपस्टिक’, बदलते म्यूजिक ट्रेंड, भारत से अपने जुड़ाव और सालों के सफर पर खुलकर बात की।
लिपस्टिक सारे काम करता है
अदनान सामी ने कहा कि लिपस्टिक एक ऐसी चीज है जो किसी भी वर्ग या उम्र के साथ नहीं जुड़ी है। इसे हर कोई लगाना चाहता है। मेरी 8 साल की बेटी है, वह भी लगाती है। मेरे घर के उम्र दराज महिलाएं भी यह लगाती हैं। इसके अलावा शहरों के रईस शाही परिवारों से लेकर गांव या देहातों तक हर कोई इसे लगाता है। चेहरे पर सिर्फ आप जल्दबाजी में सिर्फ लिपस्टिक लगा ले तो आपका मेकअप पूरा हो जाता है। सिन्दूर , बिंदी, या ग्लो के लिए भी इसे लगाया जाता है। इसलिए मुझे इस पर गाना बनाने का विचार आया।
मुझे अपनी सभ्यता पर गाना बनाना था
मेरे एलबम में अक्सर फिल्म कलाकार रहते हैं। मैं चाहता तो बड़ा नाम या चेहरा ले सकता था लेकिन इस बार मुझे कुछ अपनी संस्कृति से जुड़ी चीज बनानी थी। मुझे हम लोगों के बीच का कोई चेहरा चाहिए था। मैंने खुद को थोड़ा देसी राजस्थानी लुक दिया जिसमे मैंने गेटअप में खूब जेवर भी पहने हैं। आजकल लोग अपने म्यूजिक एल्बम में आलीशान गाड़ियां और मॉडल्स को खड़ा कर पूरा गाना शूट कर लेते हैं। मैं इन्हे गलत नहीं कहता लेकिन मुझे देश की सभ्यता से बेहद प्यार है इसलिए मैंने लिपस्टिक गाने को बनाया।
म्यूजिक का पूरा सिस्टम बदल चुका है
वक्त के साथ हर चीज बदलती है। एक जमाना था जब सीडी और कैसेट्स से गाने सुने जाते थे। अब डिजिटल और सब्सक्रिप्शन का जमाना है। आपने एक कैसेट्स खरीदी तो आप बार-बार एक सिंगर को ही सुनते थे। आज आपके पास लाखों गायक हैं। पहले गिनकर 4 कंपनियां संगीत जारी करती थी। जो स्ट्रगलर्स थे उन्हें उन तक पहुंचने में सालों लग जाते थे, और आपसे उनकी अनबन हो गयी तो आप बेरोजगार हो गए। लेकिन आज आप यूट्यूब पर अपना खुद का गाना अपलोड कर सकते हैं। लाखों आवाजें हैं और सुनने वाले पहले से ज्यादा संगीत के जानकर हो गए हैं। ऐसे में अपनी आवाज को पहचान बनाये रखना पहले से ज्यादा मुश्किल है।
एआई आपका असिस्टेंट है
एआई पर लोगों ने पहले भी बात की होगी लेकिन मैंने एआई को सिर्फ टूल की तरह इस्तेमाल किया है। आपको उसकी भी जानकारी होनी चाहिए यही आज की जरुरत है। मैं पहले जब किसी भी प्रोजेक्ट के लिए रफ गाने बनाता था तो मुझे बार बार उन्हें गाना गाकर सुनाना पड़ता था लेकिन आज मैंने एआई की मदद से अपने ही ड्राफ्ट को कई तरीको से ठीक कर लिया है जब भी कोई सुनना चाहे मैं उन्हें रफ वर्जन सुना देता हूं, इससे मैं अपना गला बचा लेता हूं। और जब फाइनल गाना तैयार करना होता है तो मैं उसमे अपनी क्रिएटिविटी ले आता हूं।
यह भी पढ़े -डॉक्टर का जवाब सुन सदमे में चले गए थे ‘लिफ्ट’ कराने वाले गायक, पिता ने कहा था- ‘मैं तुम्हें नहीं, तुम मुझे दफनाना’
खुद को थोड़ा समय दिया
मैंने गानों से ब्रेक नहीं लिया था बल्कि खुद को मैंने थोड़ा समय दिया था। जब आप किसी एक चीज के लिए फेमस हो जाते हैं तो लोग आपसे उसी प्रकार के काम की डिमांड करते हैं। मैं एक ही चीज करते करते बोर हो गया था। मैं हु भी वैसे स्वभाव का इंसान मुझे एक ही जैसी काम करने से दिक्कत है। हमेशा नयी धुन या गाने चाहिए। इसलिए कुछ समय के लिए मैं थोड़ा रुका और अब यही चीज मुझे नयी लग रही है।
मुझे शुरुआत से भारतीय बनना था
भारत की नागरिकता पर अदनान कहते हैं पाकिस्तान से आने के बाद मुझे वहां के लोगों ने जमकर कोसा। उनका नाराज होना सही भी है। एक साधारण व्यक्ति अगर चुपचाप नागरिकता लेता तो उन्हें शायद खास फर्क नहीं पड़ता लेकिन यहां मैं पाकिस्तान का नामचीन चेहरा था लेकिन मैं शुरुआत से ही क्लियर था कि मुझे भारत में ही बसना है.यहां की संस्कृति से मैं बहुत प्रभावित था। आज मैं कोशिश करता तो शायद मुझे नागरिकता नहीं मिलती। इसलिए मुझे अपना फैसला सही लगता है कि सही समय पर मैंने सही फैसला लिया।
वहां के लोग भी अब हैं खुश
मुझे आज भी नफरत भरे संदेश आते हैं। जब भी दोनों देशों के बीच तनाव होता है। पहला सोशल मीडिया हमला मुझ पर होता है। पर मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। पाकिस्तान में मेरे कुछ लोग जो मुझसे नाराज थे वो आज मेरे लिए खुश हैं। कहते हैं कि अच्छा किया जो भारत में रह गए। जिस तरह के हालात हैं उसे देखकर वह मेरे लिए खुश हैं। पाकिस्तान से मुझे कोई शिकायत नहीं लेकिन लोग जब मुझ पर कटाक्ष करते हैं तो जवाब देना जरुरी हो जाता है।
Created On :  
