16 साल बाद भी वही मोहब्बत, रोया के नाम अदनान सामी का प्यार भरा संदेश
मुंबई, 29 जनवरी (आईएएनएस)। गायक और संगीतकार अदनान सामी ने पत्नी रोया सामी खान के साथ 16 साल पूरे होने पर सोशल मीडिया पर दिल छू लेने वाला पोस्ट किया। उन्होंने रोया को अपनी जिंदगी का सबसे खूबसूरत तोहफा बताया। अदनान ने लिखा कि 16 साल पहले जब रोया ने उन्हें 'हां' कहा था, तब से उनकी जिंदगी को असली मकसद और सुकून मिलना शुरू हुआ।
अदनान ने पोस्ट में लिखा, "मेरी प्यारी रोया, तुम मेरे हर कदम के पीछे मेरी शांत ताकत की तरह खड़ी रही हो। हर तूफान में मेरा सुकून, जब मैं लड़खड़ाता हूं तो मुझे संभालने वाला हाथ और जब मुझे खुद पर विश्वास नहीं होता, तो मुझ पर विश्वास करने वाला दिल।"
वह रोया को अपनी सफलता और खुशी का सबसे बड़ा आधार मानते हैं। उन्होंने रोया को अपनी बेटी मदीना सामी खान की 'सुपर-मदर' करार दिया और कहा कि उन्हें दोनों को प्यार करते देखकर प्यार का नया और गहरा मतलब समझ आया है। सामी ने आगे लिखा, "तुम और मदीना सिर्फ मेरी दुनिया का हिस्सा नहीं हो, बल्कि मेरी पूरी दुनिया हो, मेरा पूरा यूनिवर्स, वह केंद्र जिसके चारों ओर मेरा दिल घूमता है।"
अदनान ने लिखा कि उन्हें इतनी खूबसूरत पत्नी, मजबूत दोस्त और बेटी के लिए शानदार मां मिली। अदनान ने शादी की 16वीं सालगिरह मुबारकबाद देते हुए लिखा, "हर साल, हर समझौते, हर मुस्कान के लिए धन्यवाद, और मेरी जिंदगी को ऐसे प्यार से भरने के लिए जिसके बारे में मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि यह मुमकिन है।"
अदनान सामी ने 29 जनवरी 2010 को रोया से शादी की थी। उनकी बेटी मदीना का जन्म 10 मई 2017 को हुआ था। यह अदनान की तीसरी शादी है। उनकी पहली शादी साल 1993 में पाकिस्तानी अभिनेत्री जेबा बख्तियार से हुई थी। दूसरी शादी साल 2001 में सबा गलादारी से हुई थी। रोया उनकी तीसरी पत्नी हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 Jan 2026 9:28 AM IST












