शुरुआत में दिन-रात करता था लगातार काम, अब समझ आई जिंदगी में संतुलन की अहमियत हितेन तेजवानी

शुरुआत में दिन-रात करता था लगातार काम, अब समझ आई जिंदगी में संतुलन की अहमियत  हितेन तेजवानी
टीवी इंडस्ट्री की दुनिया बाहर से जितनी चमकदार दिखाई देती है, उसके पीछे उतनी ही मेहनत और संघर्ष छिपा होता है। कलाकारों को लगातार शूटिंग करनी पड़ती है और कई बार दिन-रात काम करना पड़ता है। इस कड़ी में टीवी अभिनेता हितेन तेजवानी ने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में अपने करियर के शुरुआती सालों की मेहनत और आज के बदले हुए नजरिए के बारे में खुलकर बात की।

नई दिल्ली, 16 मार्च (आईएएनएस)। टीवी इंडस्ट्री की दुनिया बाहर से जितनी चमकदार दिखाई देती है, उसके पीछे उतनी ही मेहनत और संघर्ष छिपा होता है। कलाकारों को लगातार शूटिंग करनी पड़ती है और कई बार दिन-रात काम करना पड़ता है। इस कड़ी में टीवी अभिनेता हितेन तेजवानी ने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में अपने करियर के शुरुआती सालों की मेहनत और आज के बदले हुए नजरिए के बारे में खुलकर बात की।

उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा भी था, जब वह 24 घंटे में करीब 18 से 19 घंटे तक काम किया करते थे।

आईएएनएस से बात करते हुए हितेन तेजवानी ने अपने पुराने दिनों को याद किया और कहा, ''टीवी इंडस्ट्री में शुरुआत के समय मेरा पूरा ध्यान सिर्फ काम पर ही रहता था। उस समय मैं लगातार शूटिंग में बिजी रहता था, नींद के लिए बहुत कम समय मिल पाता था और बाकी किसी चीज के बारे में सोचने का समय भी नहीं होता था। कई बार तो ऐसा होता था कि मैं 24 घंटे में 18 से 19 घंटे तक लगातार काम करता रहता था और मुश्किल से कुछ घंटे ही सो पाता था।''

हितेन ने कहा, ''उस समय मेरे अंदर काम को लेकर जबरदस्त जुनून था। मैं सिर्फ यही सोचता था कि मैं अपने काम को और बेहतर कैसे करूं। वही मेहनत और लगातार काम करने का जज्बा मुझे आज इस मुकाम तक लेकर आया है। अगर मैंने उस समय इतनी मेहनत न की होती, तो शायद आज मैं यहां तक नहीं पहुंच पाता और इतने लंबे समय तक इंडस्ट्री में टिक भी नहीं पाता।''

अभिनेता ने कहा, ''समय के साथ इंसान का नजरिया बदलता है। दो दशक से ज्यादा समय तक इंडस्ट्री में काम करने के बाद अब मुझे यह महसूस होता है कि जिंदगी में सिर्फ काम ही सब कुछ नहीं होता। लंबे समय तक लगातार काम करने के बाद एक ऐसा दौर आता है, जब इंसान को संतुलन की अहमियत समझ आने लगती है। अब मैं कोशिश करता हूं कि काम के घंटे सीमित हों, ताकि मुझे आराम और परिवार के लिए भी पर्याप्त समय मिल सके।''

हितेन ने कहा, ''आज मैं अपने काम को पूरी ईमानदारी और मेहनत से करता हूं, लेकिन साथ ही यह भी ध्यान रखता हूं कि जीवन के दूसरे पहलुओं को नजरअंदाज न करूं। परिवार के साथ समय बिताऊं, आराम करूं और मानसिक शांति बनाए रखूं, क्योंकि यह उतना ही जरूरी है, जितना कि पेशेवर सफलता हासिल करना।''

बातचीत के दौरान उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाले नए कलाकारों को भी सलाह दी। हितेन ने कहा, ''जो लोग इस इंडस्ट्री में आना चाहते हैं, उन्हें सबसे पहले अपने आप को समझना चाहिए। उन्हें यह जानना चाहिए कि उनकी ताकत क्या है और उनकी कमजोरियां क्या हैं। जब इंसान अपनी कमजोरियों को पहचान लेता है, तभी वह उन्हें सुधारने की दिशा में काम कर सकता है और खुद को बेहतर बना सकता है।''

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 March 2026 4:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story