Mumbai News: वंदे भारत ट्रेन में खाद्य पदार्थों का मेन्यू हुआ छोटा, व्यंजनों की गुणवत्ता बनाए रखने रेलवे का फैसला

Mumbai News ट्रेन में यात्रियों को दिए परोसे जानेवाले खाने को लेकर मिल रही शिकायतों से निपटने भारतीय रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत लंबी दूरी की ट्रेनों में खाने का मेन्यू छोटा किया जा रहा है। शुरुआत हाल ही में शुरू हुई वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों से की गई है। ये कवायद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के मद्देनजर की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक आईआरसीटीसी को निर्देश दिया गया है कि अब यात्रियों को थाली में 8-10 आइटम परोसने के बजाय सिर्फ 4 व्यंजन परोसे जाएं। यहां तक कि चिप्स, बिस्कुट जैसे पैकेज्ड फूड आइटम भी आनेवाले दिनों में बंद कर दिए जाएंगे। रेलवे का मानना है कि कम व्यंजन होंगे तो गुणवत्ता पर ज्यादा ध्यान दिया जा सकेगा।
क्यों लिया गया यह फैसला : रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बड़ी थाली का मतलब है ज्यादा काम। पेंट्री कार में सीमित स्टाफ, सीमित जगह और सीमित समय में 8-10 आइटम बनाना और उन्हें गरमा-गरम परोसना आसान नहीं है। इसी वजह से अक्सर कोई आइटम ठंडा हो जाता है, किसी का स्वाद बिगड़ जाता है और शिकायतें बढ़ जाती हैं।
अब क्या मिलेगा थाली में : नए मेन्यू में अब सिर्फ 4 चुनिंदा व्यंजन रहेंगे। इनमें एक सब्जी, दाल, चावल, रोटी और सलाद या मिठाई होगी। नाश्ते में भी अब 2-3 आइटम के बजाय कोई एक नाश्ता परोसा जाएगा।
यात्रियों में मिली-जुली प्रतिक्रिया : इस फैसले पर यात्रियों की राय बंटी हुई है। यात्री संजय मकवाना का कहना है कि वंदे भारत का किराया खाने के दाम समेत लिया जाता है। मेन्यू छोटा करना मतलब पैसा वही, खाना कम। यह यात्रियों के साथ धोखा है। वहीं, यात्री चंद्रशेखर राजपूत ने इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि 4 व्यंजन ही सही, लेकिन ताजा और स्वादिष्ट मिलें तो यही बेहतर है।
वंदे भारत स्लीपर से शुरू हुआ यह प्रयोग अगर सफल रहा, तो इसे धीरे-धीरे राजधानी, शताब्दी, दुरंतो और अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों में भी लागू किया जाएगा। आईआरसीटीसी हर हफ्ते यात्रियों से मिलनेवाली प्रतिक्रियाओं की समीक्षा करेगा। अगर शिकायतें कम हुईं, तो नया मेन्यू स्थायी कर दिया जाएगा। गौरव झा, विभागीय महाप्रबंधक, आईआरसीटीसी वेस्ट जोन
Created On :  


