Mumbai News: मंत्रालय की नई इमारत में मार्च से शुरू होगा कामकाज

Mumbai News प्रदेश के सत्ता केंद्र मंत्रालय में निर्माणाधीन नई इमारत (विस्तार-2) का काम अंतिम चरण में हैं। मंत्रालय परिसर के गार्डन गेट के पास तल मंजिल समेत पांच मंजिला नई इमारत बनाई जा रही है। इस नई इमारत में आगामी मार्च महीने से कामकाज शुरू हो जाएगा। राज्य के सार्वजनिक निर्माण कार्य विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक अधिकारी ने ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत में यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि नई इमारत का बाहरी काम पूरा हो चुका है। जबकि नई इमारत के भीतर फर्नीचर का काम लगभग पूरा हुआ है। इस इमारत का प्रवेश द्वार लॉबी सहित अन्य कार्य फरवरी महीने तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद मार्च महीने में इसका उद्धाटन होगा। जिसके बाद नई इमारत में कामकाज शुरू हो जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि मंत्रालय में पहली बार नई तकनीक प्रीफैब एलिमेंट्स के जरिए इमारत तैयार की गई है। जिसमें स्टील फ्रेम और कांच की दीवार को बाहर से तैयार करके लाया गया है। नई इमारत के निर्माण कार्य पर लगभग 109 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। मंत्रालय में फिलहाल सात मंजिला मुख्य इमारत और सात मंजिला विस्तारित इमारत है। लेकिन प्रदेश के कैबिनेट मंत्रियों और राज्य मंत्रियों को बैठने के लिए जगह कम पड़ती है। इसके मद्देनजर सरकार ने मंत्रालय परिसर में ही नई इमारत (विस्तार-2) को बनाने का फैसला लिया है। इसी बीच अधिकारी ने बताया कि नरिमन पाईंट पर समुद्र किनारे स्थित एयर इंडिया इमारत का मरम्मत कार्य के लिए टेंडर जारी किया जाएगा। टेंडर आवंटन के बाद छह महीनों में मरम्मत कार्य होगा। इसके बाद एयर इंडिया की इमारत का इस्तेमाल भी सरकारी कार्यालयों के लिए किया जाएगा। सरकार ने एयर इंडिया की इमारत को 1601 करोड़ रुपए में अधिग्रहण किया है। लेकिन मरम्मत कार्य पर लगभग 400 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।
यह भी पढ़े -कार्तिकी वारी की तैयारियों का उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लिया जायजा; 'वारकरी ही असली वीआईपी'
नई इमारत में सात मंत्रियों की होगी केबिन : राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग नई इमारत में प्रदेश के दो कैबिनेट मंत्री तथा चार राज्य मंत्रियों को केबिन पहली ही आवंटित कर चुका है। प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर पांचवें मंजिल पर बैठेंगे। जबकि प्रदेश के गृह राज्य मंत्री (ग्रामीण) पंकज भोयर, प्रदेश के उद्योग राज्य मंत्री इंद्रनील नाईक, प्रदेश के गृह राज्य मंत्री (शहरी) योगेश कदम चौथी मंजिल पर बैठेंगे। जबकि प्रदेश के नगर विकास राज्य मंत्री माधुरी मिसाल और प्रदेश की ऊर्जा राज्य मंत्री मेघना बोर्डीकर को पांचवीं मंजिल पर केबिन दी गई है। फिलहाल ये सभी मंत्री मंत्रालय की विस्तारित इमारत में बैठते हैं। इसके अलावा नई इमारत में राज्य के चिकित्सा शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और मुख्यमंत्री सहायता निधि कक्ष समेत अन्य कार्यालय होंगे।
यह भी पढ़े -टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस - लॉरेंस बिश्नोई गैंग के फाइनेंस मैनेजर अभिषेक पंडित पर कसा शिकंजा
Created On :  

