Maharashtra News: 100वें मराठी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष पद पर घमासान, मसाप के 21 सदस्यों ने सुझाए तीन नाम

डिजिटल डेस्क, पुणे। अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन का 100वां आयोजन अभी हुआ भी नहीं है, लेकिन इसके अध्यक्ष पद को लेकर महाराष्ट्र साहित्य परिषद (मसाप) में घमासान शुरू हो गया है। परिषद के भीतर चल रहा सत्ता संघर्ष अब साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष के चयन तक पहुंच गया है। कार्यकारिणी के 21 सदस्यों ने अपनी ओर से तीन नामों की सिफारिश कर नया विवाद खड़ा कर दिया है।
इन नामों में वरिष्ठ पत्रकार विजय कुवलेकर, लेखक रमेश पतंगे और साकेत प्रकाशन के बाबा भांड शामिल हैं। खास बात यह है कि इन नामों को आगे रखने वाले सदस्य वही हैं, जिन्होंने परिषद के तीन प्रमुख पदाधिकारियों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। इस गुट ने अखिल भारतीय मराठी साहित्य महामंडल के उपाध्यक्ष डॉ. पुरुषोत्तम सप्रे को पत्र भेजकर इन नामों पर विचार करने की मांग की है। साथ ही महामंडल की बैठक रद्द करने की भी मांग की गई है।
यह भी पढ़े -ग्वालियर में बनेगा टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन, 3,600 करोड़ से अधिक का निवेश प्रस्ताव; 15 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार
पदाधिकारियों के अधिकारों पर सवाल
मसाप के अध्यक्ष योगेश सोमण, प्रमुख कार्यवाह स्वाति महालंक और कोषाध्यक्ष प्रदीप निफाड़कर के खिलाफ 21 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। सदस्यों का आरोप है कि निर्धारित 15 दिनों में विशेष सभा नहीं बुलाई गई। ऐसे में इन पदाधिकारियों को कार्यकारिणी का कामकाज करने का नैतिक और कानूनी अधिकार नहीं रह गया है। इसी दलील के आधार पर सदस्यों ने अध्यक्ष पद के लिए तीन नाम सीधे महामंडल को भेज दिए। इस पत्र पर सुनील महाजन, माधव राजगुरु और राजन लाखे के हस्ताक्षर हैं।
नियमों को लेकर भी उठे सवाल
साहित्य महामंडल के संविधान के अनुसार, घटक संस्थाएं अध्यक्ष पद के लिए अधिकतम तीन नाम भेज सकती हैं। संबद्ध और समाविष्ट संस्थाओं को एक नाम सुझाने का अधिकार है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब मसाप के तीनों प्रमुख पदाधिकारी अपने पद पर बने हुए हैं, तो कार्यकारिणी के अन्य सदस्य सीधे महामंडल को नाम कैसे भेज सकते हैं? दूसरी ओर, महामंडल के उपाध्यक्ष डॉ. पुरुषोत्तम सप्रे के अधिकारों को लेकर भी विवाद सामने आया है। मध्यप्रदेश मराठी साहित्य संघ के कुछ पदाधिकारियों ने उनके उपाध्यक्ष पद पर सवाल उठाए हैं।
यह भी पढ़े -भोपाल पुलिस महकमे में हड़कंप!, अतिरिक्त SP दीपक मिश्रा पर प्रताड़ना और धमकी देने के आरोप, DGP से की शिकायत
28 नवंबर के फैसले से पहले बढ़ी हलचल
साहित्य महामंडल की बैठक 23 और 24 नवंबर को पुणे स्थित महाराष्ट्र साहित्य परिषद में होगी। वहीं, मसाप के अविश्वास प्रस्ताव पर 28 नवंबर को फैसला होना है। ऐसे में अविश्वास प्रस्ताव के नतीजे से पहले ही अध्यक्ष पद के चयन की प्रक्रिया को लेकर दोनों गुट आमने-सामने आ गए हैं।
सीधे महामंडल को नाम भेजने का प्रावधान नहीं
मसाप की प्रमुख कार्यवाह स्वाति महालंक ने कहा कि साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष पद के लिए कोई भी व्यक्ति, यहां तक कि सामान्य पाठक भी नाम सुझा सकता है। लेकिन नाम महाराष्ट्र साहित्य परिषद को भेजना अपेक्षित है। सीधे अखिल भारतीय मराठी साहित्य महामंडल को नाम भेजने का प्रावधान नहीं है। सभी सुझाए गए नामों पर महामंडल की बैठक में चर्चा होगी। इसके बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
Created On :  

