Maharashtra News: गन्ना कटाई मजदूरी में 100% बढ़ोतरी की मांग

गन्ना कटाई मजदूरी में 100% बढ़ोतरी की मांग
महाराष्ट्र में गन्ना कटाई मजदूरों की मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन तेज हो गया है।

डिजिटल डेस्क, पुणे। महाराष्ट्र में गन्ना कटाई मजदूरों की मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। लोकनेते मुंडेसाहेब गन्ना कटाई मजदूर, मुकादम एवं परिवहन संगठन के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष कृष्णा शिवदास तिड़के ने चेतावनी दी है कि यदि संगठन की मांगें जल्द स्वीकार नहीं की गईं, तो राज्य की सभी चीनी मिलें बंद कर दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि सोलापुर जिले की कुछ चीनी मिलों का काम पहले ही बंद किया जा चुका है। तिड़के मजदूरों की मांगों को लेकर अनशन पर बैठे हैं। तिड़के ने चीनी संघ और राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब चीनी मिलों में बड़े पैमाने पर गन्ने की पेराई और चीनी उत्पादन हो रहा है, तो मजदूरों की मजदूरी बढ़ाने के समय आर्थिक संकट, सूखा और अन्य परिस्थितियों का हवाला क्यों दिया जाता है?

आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025-26 के पेराई सीजन में महाराष्ट्र की 169 चीनी मिलों ने कुल 200.90 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की थी। वहीं, 2026-27 के मौजूदा सीजन में अब तक 161 मिलें शुरू हो चुकी हैं, जिनमें 81 सहकारी और 80 निजी मिलें शामिल हैं। इन मिलों में अब तक 216.75 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई हो चुकी है।

संगठन की प्रमुख मांगों में गन्ना कटाई मजदूरी में 100 प्रतिशत वृद्धि, मुकादम कमीशन में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी, गन्ना परिवहन दर में 100 प्रतिशत वृद्धि, प्रत्येक मजदूर, मुकादम और परिवहनकर्ता को 10 लाख रुपए का बीमा तथा दुर्घटना में मृत्यु होने पर 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता शामिल है। इसके अलावा 19 महीने का समझौता करने की मांग भी की गई है।

तिड़के ने कहा कि गन्ना मजदूर कड़ी धूप, बारिश और ठंड में परिवार सहित खेतों में मेहनत करते हैं। उनके बच्चों की शिक्षा और परिवार का भविष्य भी प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि हम भीख नहीं मांग रहे, बल्कि अपने पसीने और मेहनत का उचित मेहनताना तथा परिवार की सुरक्षा का अधिकार मांग रहे हैं। चीनी उद्योग की तरक्की में मजदूरों का भी बराबर योगदान है।

Created On :  

Tags

Next Story