नागपुर ट्रैफिक पुलिस: 1,500 कबाड़ और बेकार वाहन हटे, सड़कों और फुटपाथों ने ली राहत की सांस!, विशेष मुहिम से वर्षों से जमा कबाड़ साफ

1,500 कबाड़ और बेकार वाहन हटे, सड़कों और फुटपाथों ने ली राहत की सांस!, विशेष मुहिम से वर्षों से जमा कबाड़ साफ
  • सड़क किनारे खाली हुई जगह, पैदल यात्रियों को मिली राहत
  • लावारिस और खराब वाहनों की जानकारी देने के लिए नंबर जारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर की सड़कों और फुटपाथों पर वर्षों से कब्जा जमाकर खड़े लावारिस, कबाड़ और बेकार वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नागपुर शहर यातायात पुलिस की विशेष मुहिम के तहत करीब 1,500 ऐसे वाहनों को हटाया गया है। इस कार्रवाई से कई प्रमुख सड़कों और फुटपाथों पर जमा अतिक्रमण से राहत मिली है। वाहन चालकों के साथ ही पैदल चलने वाले नागरिकों ने भी राहत की सांस ली है।

यातायात पुलिस उपायुक्त आदित्य मिरखेलकर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें कहीं लावारिस या खराब वाहन दिखाई देता है, तो इसकी जानकारी यातायात पुलिस को दें। इसके लिए एक संपर्क नंबर भी जारी किया गया है।

शहर के अनेक इलाकों में सड़कों के किनारे और फुटपाथों पर लंबे समय से खराब वाहन खड़े थे। कई वाहन वर्षों से एक ही जगह पर धूल खाते हुए कबाड़ में तब्दील हो चुके थे। इनके कारण सड़कों की उपयोगी जगह कम हो रही थी। कई स्थानों पर पैदल यात्रियों को फुटपाथ छोड़कर मुख्य सड़क पर चलना पड़ता था, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। यातायात व्यवस्था पर पड़ रहे इस असर को देखते हुए विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया।

विशेष दस्ते ने हटाए 1,500 वाहन

पुलिस उपायुक्त (यातायात) आदित्य मिरखेलकर के मार्गदर्शन में गठित विशेष दस्ते ने शहर के अलग-अलग इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों, मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर अभियान चलाया। इस दौरान करीब 1,500 लावारिस, कबाड़ और खराब वाहनों को हटाया गया। कार्रवाई के बाद कई स्थानों पर सड़क किनारे खाली जगह उपलब्ध हुई और फुटपाथ पैदल यात्रियों के लिए फिर से उपयोगी बन सके।

विशेष दस्ते को सौंपी जिम्मेदारी

इस अभियान की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक गणेश जंगले, एएसआई गुरुप्रसाद त्रिपाठी, विनोद जिराफे, हवलदार कपिल धांडे, सचिन जाउरकर, भास्कर पांडे, पतिराम कौरती तथा पुलिस सिपाही हर्षद वासनिक और मुंजाजी हांगे को सौंपी गई है। दस्ते ने नियोजनबद्ध तरीके से शहर के अलग-अलग हिस्सों में कार्रवाई की।

नागरिक भी बन सकते हैं मुहिम का हिस्सा

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर को अड़चनमुक्त बनाने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नागरिकों से अपील की गई है कि यदि उनके आसपास किसी सड़क या फुटपाथ पर लंबे समय से कोई लावारिस, कबाड़ अथवा खराब वाहन खड़ा है, तो इसकी जानकारी यातायात पुलिस को दें।

इसके लिए 93568 47314 संपर्क नंबर जारी किया गया है। नागरिकों से मिली जानकारी के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस का कहना है कि शहर की सड़कों और फुटपाथों को अड़चनमुक्त रखने के लिए जनसहयोग बेहद जरूरी है।

Created On :  

Tags

Next Story