नागपुर शीतसत्र: किसानों की आत्महत्या, महिला अत्याचार और साइबर अपराधों पर होगी चर्चा, नीलम गोऱ्हे ने कहा - सावरकर मामले में माफी मांगे कांग्रेस

किसानों की आत्महत्या, महिला अत्याचार और साइबर अपराधों पर होगी चर्चा, नीलम गोऱ्हे ने कहा  - सावरकर मामले में माफी मांगे कांग्रेस
  • विधानमंडल में नेता प्रतिपक्ष का निर्णय विधानसभा अध्यक्ष व विधानपरिषद के सभापति के अधिकार क्षेत्र में
  • सरकार विदर्भ की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शिवसेना (शिंदे गुट) की नेता व विधान परिषद की पूर्व उपसभापति नीलम गोऱ्हे ने कहा कि विधानमंडल के शीतकालीन अधिवेशन में विदर्भ सहित राज्य के विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। नागपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि कामकाज सलाहकार समिति की बैठक में अधिवेशन के कामकाज को लेकर चर्चा हुई है।

गोऱ्हे ने कहा कि अधिवेशन में किसानों की आत्महत्या, सूखे की स्थिति, विभिन्न विकास परियोजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने, जलवायु परिवर्तन, महिलाओं पर अत्याचार, साइबर अपराध, पेपर लीक और जेलों में बंद महिला कैदियों की स्थिति जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे। सरकार विदर्भ की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

नेता प्रतिपक्ष के बिना अधिवेशन चलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में निर्णय लेना विधान परिषद के सभापति और विधानसभा अध्यक्ष के अधिकार क्षेत्र में आता है। इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

स्वास्थ्य संबंधी कानून पर उन्होंने बताया कि मंत्री प्रकाश आबिटकर की अध्यक्षता में संयुक्त चिकित्सा समिति गठित की गई है। नागपुर में बैठक आयोजित करने का आग्रह किया गया है, ताकि स्थानीय डॉक्टरों की राय भी सुनी जा सके। मरीजों को न्याय, डॉक्टरों के लिए बेहतर कानून और फर्जी डॉक्टरों पर कार्रवाई उनकी प्राथमिकता है।

माइक्रोफाइनेंस कंपनियों द्वारा महिलाओं से वसूली के मामलों पर उन्होंने कहा कि गरीब महिलाओं को झूठे वादों में फंसाकर उनका शोषण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने भी इस मामले में ध्यान दिया है। ऐसी कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मकोका लगाने से भी सरकार पीछे नहीं हटेगी।

टिपू सुल्तान की प्रशंसा संबंधी अमित देशमुख के बयान पर उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि ऐसे बयान उसकी वैचारिक दिवालियापन को दर्शाते हैं। उन्होंने अमित देशमुख से अपना बयान वापस लेने की मांग की।

नागपुर में अधिवेशन का विरोध करने वाले संगठनों पर उन्होंने कहा कि अधिवेशन संवैधानिक व्यवस्था के तहत होगा और विदर्भ की जनता के मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। सावरकर के अपमान को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की।

Created On :  

Tags

Next Story