हाय रे महंगाई!: साल भर में बिगड़ा रसोई का बजट, दाल-चावल-तेल- शक्कर-गेहूं के दाम हुए बेकाबू, प्याज ने निकाले आंसू

डिजिटल डेस्क, नागपुर. उपराजधानी नागपुर के आम नागरिकों की थाली पर महंगाई की दोहरी मार पड़ रही है। शहर की प्रमुख थोक मंडियों के पिछले एक साल (नवंबर 2025 से नवंबर 2026) के आंकड़ों का विश्लेषण करें तो रसोई का पूरा गणित गड़बड़ा गया है। दाल, चावल, गेहूं, शक्कर और प्याज से लेकर खाद्य तेल, दूध और अंडे तक की कीमतों में भारी उछाल आया है। विदर्भ के इस सबसे बड़े व्यापारिक केंद्र में केवल खोपरा तेल ही एकमात्र ऐसा उत्पाद है, जिसने आम आदमी को थोड़ी राहत दी है। थोक मंडियों में आई इस चौतरफा तेजी के कारण मध्यम और निम्न वर्गीय परिवारों का मासिक राशन बजट पिछले साल की तुलना में 25 से 35 प्रतिशत तक बढ़ गया है।
चावल के दाम दोगुना तक बढ़े, दालें भी महंगी
विदर्भ का मुख्य भोजन दाल-चावल और रोटी सबसे ज्यादा महंगा हुआ है। कलमना मंडी में तुअर दाल के थोक भाव 13,000 रुपए से उछलकर 16,500 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं, जिसका सीधा असर खुदरा बाजार में 170-180 रुपए प्रति किलो की कीमतों के रूप में दिख रहा है। चना दाल में भी 2,300 तक की तेजी आई है। वहीं, भंडारा, गोंदिया और चंद्रपुर बेल्ट से आने वाले प्रीमियम चावल के दाम 4,800 से सीधे 9,500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गए हैं, यानी एक साल में कीमत लगभग दोगुनी हो गई है। मिल क्वालिटी गेहूं भी 1,000 रुपए तक महंगा होकर 7,500 रुपए के स्तर पर है।
खाद्य तेल के दामों में भी लगातार बढ़ोतरी
नागपुर के घरों में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले सोयाबीन और सनफ्लावर तेल के दामों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सनफ्लावर तेल 410 और सोयाबीन तेल 230 रुपए प्रति टीन महंगा हुआ है। सबसे बड़ा झटका सरसों तेल ने दिया है, जो प्रति टीन 1,050 रुपए बढ़कर 3,350 रुपए पर पहुंच गया है। फल्ली (मूंगफली) और तिल्ली तेल में भी 550 से 600 रुपए प्रति टीन की तेजी है। इस पूरे सेक्टर में सिर्फ खोपरा तेल (नारियल तेल) के भाव 6,500 रुपए से गिरकर 3,800 रुपए प्रति टीन पर आए हैं।
प्याज 60 और शक्कर 65 रुपए किलो तक पहुंची
कलमना थोक सब्जी मंडी में प्याज की आवक और कीमतों के उतार-चढ़ाव ने आम ग्राहकों को रुला दिया है। पिछले साल नवंबर में जो प्याज 40 किलो की बोरी के हिसाब से 200 से 700 रुपए में बिक रहा था, वह अब 800 से 2,000 रुपए प्रति 40 किलो तक पहुंच गया है। इसके चलते खुदरा बाजार में प्याज 50 से 60 रुपए किलो के पार बिक रहा है। दूसरी ओर, शादी-ब्याह के सीजन के बीच शक्कर भी 1,710 प्रति क्विंटल तक महंगी होकर 6,080 रुपए के स्तर पर पहुंच गई है। खुदरा में शक्कर के भाव 62 से 65 रुपए िकलो के बीच पहुंच गए है, जो पिछले साल 42 से 45 रुपए किलो के बीच थी।
अंडा बाजार, सस्ता प्रोटीन भी महंगा
ठंड की दस्तक के साथ ही अंडे की मांग बढ़ी है, लेकिन कीमतें पिछले साल के मुकाबले काफी ऊपर हैं। थोक बाजार में 100 अंडों की ट्रे का भाव 575 रुपए से बढ़कर 635 रुपए हो गया है। खुदरा में एक अंडा अब 7 से 8 रुपए तक पहुंच गया है, जिससे आम लोगों के लिए सस्ता प्रोटीन भी महंगा हो गया है।
सर्राफा
पिछले नवंबर के मुकाबले सोना 9,600 रुपए, चांदी 12,900 रुपए महंगी
तुलसी विवाह के बाद शादियों की धूम शुरू हो जाएगी, लेकिन इतवारी सर्राफा बाजार के भाव आम परिवारों का पसीना छुड़ा रहे हैं। 24 कैरेट सोना पिछले नवंबर के 1,23,100 रुपए के मुकाबले 9,600 रुपए महंगा होकर 1,32,700 पर पहुंच गया है। वहीं चांदी 12,900 रुपए की छलांग लगाकर 1,68,400 रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर कारोबार कर रही है, जिससे मध्यमवर्गीय परिवारों को शादी के गहनों का बजट या तो बढ़ाना पड़ रहा है या खरीदारी कम करनी पड़ रही है।
Created On :  
Tags
- नागपुर
- महाराष्ट्र समाचार
- Nagpur News
- Maharashtra News
- नागपुर शहर
- नागपुर ग्रामीण
- कामठी
- हिंगना
- कलमेश्वर
- काटोल
- नरखेड़
- सावनेर
- उमरेड
- कुही
- भिवापुर
- मौदा
- पारशिवनी
- रामटेक
- कन्हान
- वाडी
- बुटीबोरी
- कोराडी
- खापरखेड़ा
- मोहपा
- कोंढाली
- वर्धा रोड
- वलनी
- पेंच
- येरखेड़ा
- वडधामना
- बेसा
- मानकापुर
- जरीपटका
- कामठी रोड
- पारडी
- वाठोडा
- हुडकेश्वर
- नंदनवन
- दिघोरी
- बेलतरोड़ी
- मानेवाड़ा
- नरेंद्रनगर
- प्रतापनगर
- सोनेगांव
- अजनी
- धरमपेठ
- सदर
- महाल
- इतवारी
- गंजपेठ
