सब्जी मंडी: बाजार में नए प्याज की आवक शुरू, फिर भी महंगाई से राहत नहीं, खुदरा में 60 से 80 रुपए किलो कीमत

बाजार में नए प्याज की आवक शुरू, फिर भी महंगाई से राहत नहीं, खुदरा में 60 से 80 रुपए किलो कीमत
  • मराठवाड़ा और राजस्थान से शुरू हुई नई फसल की सप्लाई
  • कम उत्पादन के चलते फिलहाल कीमतों में गिरावट के आसार कम
  • कम उत्पादन बना महंगाई का मुख्य कारण

डिजिटल डेस्क, नागपुर. दिवाली के बाद से थोक सब्जी मंडी (कलमना) में मराठवाड़ा और राजस्थान से नई प्याज की आवक शुरू हो गई है। आमतौर पर नई फसल की आवक शुरू होते ही कीमतों में नरमी देखने को मिलती है, लेकिन इस बार आम उपभोक्ताओं को महंगाई से कोई राहत नहीं मिली है। थोक और खुदरा दोनों ही बाजारों में प्याज के दाम अब भी ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं, जिससे आम आदमी की रसोई का बजट बिगड़ रहा है।

थोक और खुदरा बाजार का हाल

नागपुर की थोक मंडी में अच्छी गुणवत्ता वाली प्याज अब भी 2,000 रुपए प्रति मन (40 किलो) यानी 50 रुपए प्रति किलो के आसपास बिक रही है। थोक में ऊंचे दाम होने का सीधा असर खुदरा बाजार पर पड़ रहा है, जहां शहर के विभिन्न हिस्सों में प्याज 60 से 80 रुपए प्रति किलो की दर से बेची जा रही है।

कम उत्पादन बना महंगाई का मुख्य कारण

प्याज के प्रमुख थोक व्यापारी विश्वबंधु गुप्ता ने बाजार की स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि इस वर्ष देश के प्रमुख उत्पादक राज्यों में प्याज का कुल उत्पादन काफी कम हुआ है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले कुछ दिनों तक नागपुर मंडी में मुख्य रूप से गुजरात से प्याज की आवक हो रही थी। अब दिवाली के बाद से मराठवाड़ा और राजस्थान की नई प्याज भी मंडी में पहुंचने लगी है। नई आवक शुरू होने के बावजूद मांग के मुकाबले सप्लाई सीमित होने के कारण कीमतों में कोई गिरावट नहीं आई है और भाव पहले की तरह ही स्थिर हैं। गुप्ता के अनुसार, इस साल उत्पादन में आई कमी को देखते हुए आने वाले दिनों में भी प्याज के दामों में किसी बड़ी गिरावट के आसार बहुत कम नजर आ रहे हैं। फिलहाल उपभोक्ताओं को महंगी प्याज खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, और व्यापारियों का मानना है कि जब तक मंडियों में नई फसल की आवक बड़े पैमाने पर नहीं बढ़ती, तब तक कीमतों में नरमी की उम्मीद कम ही है।

Created On :  

Tags

Next Story