बेलगाम रफ्तार!: डिवाइडर तोड़ तीन लोगों को 75 मीटर तक घसीटती चली गई कार, एक की मौके पर मौत - दो गंभीर

  • तीन पलटियां खाते हुए 20 फीट गहरे गड्ढे में गिरी कार
  • एक की मौके पर मौत, दो गंभीर, बाइक के उड़े परखच्चे

डिजिटल डेस्क, नागपुर / कोंढाली प्रतिनिधि। नागपुर-अमरावती राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 पर तेज रफ्तार का एक और खौफनाक मंजर सामने आया। खापरी क्षेत्र में कलकत्ता ढाबे के सामने तेज गति से दौड़ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा की लेन में पहुंची और सड़क किनारे बाइक के पास खड़े तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार तीनों को करीब 50 से 75 मीटर तक घसीटती चली गई। इसके बाद कार तीन पलटियां खाते हुए हाईवे किनारे करीब 15 से 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नागपुर से अमरावती की ओर जा रही कार (क्रमांक एम एच 01 - बी के - 5361) की रफ्तार काफी तेज थी। खापरी परिसर में कलकत्ता ढाबे के सामने चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।

कार डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में जा घुसी। इसी दौरान सड़क किनारे बाइक (क्रमांक एम एच 40- बी यू- 6993) के पास खड़े तीन लोग उसकी चपेट में आ गए। टक्कर से बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में चंदनपर्डी निवासी देविदास खवसे (45) की घटनास्थल पर ही मौत होने की प्राथमिक जानकारी है, वहीं जुनापानी निवासी शामसुंदर ढोबले (62) और वाघोडा, तहसील कारंजा घाडगे निवासी प्रल्हाद गिराले गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल कोंढाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

तीन पलटियां खाकर गड्ढे में समाई कार

तीनों को टक्कर मारने के बाद कार सड़क से नीचे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे की भयावहता देखकर कार में सवार लोगों की जान पर भी खतरा मंडराने की आशंका थी, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चालक सहित चारों युवकों को मामूली चोटें आईं। घायलों का प्राथमिक उपचार चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूजा गायकवाड और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने किया। कार में अनिकेत दिलदार ठाकरे (शांतिनगर, नागपुर), शुभम वाघमारे, शुभम गजभे और शंकर पटेल (सभी निवासी नागपुर) सवार थे। घटना की जानकारी मिलते ही कोंढाली पुलिस और हाईवे सुरक्षा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। कार की गति, चालक का नियंत्रण खोने की वजह और हादसे की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।

आखिर हाईवे पर बेलगाम रफ्तार पर लगाम कब?

इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क किनारे खड़े नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक कार की अनियंत्रित रफ्तार ने एक परिवार से उसका सदस्य छीन लिया, जबकि दो अन्य जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। सवाल यह है कि संवेदनशील स्थानों पर गति नियंत्रण, प्रभावी निगरानी और सड़क किनारे सुरक्षा के इंतजाम कब मजबूत होंगे? हादसों के बाद जांच शुरू करना पर्याप्त नहीं, बल्कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए समय रहते ठोस कदम उठाना भी जरूरी है।

Created On :  

Tags

Next Story