आखिर सुरक्षा का सवाल है: प्रादेशिक मनोचिकित्सालय की सुरक्षा होगी चाक-चौबंद, लगेंगे 64 नए सीसीटीवी कैमरे, पुणे को अधिक बजट, दूसरे स्थान पर नागपुर

प्रादेशिक मनोचिकित्सालय की सुरक्षा होगी चाक-चौबंद, लगेंगे 64 नए सीसीटीवी कैमरे, पुणे को अधिक बजट, दूसरे स्थान पर नागपुर
  • मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार ने दी 20 लाख रुपये की मंजूरी
  • अस्पताल परिसर में 29 डोम और 35 बुलेट कैमरों से होगी निगरानी
  • राज्य के चार मनोचिकित्सालयों में 267 कैमरे लगाने पर खर्च होंगे 86.39 लाख रुपये

डिजिटल डेस्क, नागपुर। काटोल रोड स्थित प्रादेशिक मनोचिकित्सालय की सुरक्षा व्यवस्था अब और मजबूत होने जा रही है। अस्पताल में मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ ही वार्डों तथा बाहरी परिसर की निगरानी के लिए 64 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए राज्य सरकार ने 20 लाख रुपये की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की है। इस संबंध में सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग की ओर से 4 नवंबर को अधिसूचना जारी की गई है।

29 डोम और 35 बुलेट कैमरों से होगी निगरानी

सरकार की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान राज्य के चार प्रादेशिक मनोचिकित्सालयों नागपुर, पुणे, ठाणे और रत्नागिरी में कुल 267 सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया है। इस पूरी परियोजना पर 86 लाख 39 हजार 145 रुपये खर्च किए जाएंगे। कैमरों की खरीद और स्थापना के लिए नागपुर मनोचिकित्सालय को 20 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। यहां कुल 64 कैमरे लगाए जाएंगे, जिनमें 29 डोम और 35 बुलेट कैमरे शामिल हैं।

पुणे को सबसे अधिक बजट, नागपुर दूसरे स्थान पर

कैमरों की संख्या और बजट के लिहाज से पुणे मनोचिकित्सालय को सबसे अधिक प्राथमिकता दी गई है। यहां 123 कैमरे लगाने के लिए 45 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं नागपुर को 64 कैमरों के लिए 20 लाख रुपये, ठाणे को 60 कैमरों के लिए 15.62 लाख रुपये और रत्नागिरी को 20 कैमरों के लिए 5.77 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।

940 बिस्तरों की क्षमता वाले नागपुर के प्रादेशिक मनोचिकित्सालय में नए कैमरे लगने से अस्पताल के विभिन्न वार्डों और बाहरी परिसर की निगरानी अधिक प्रभावी हो सकेगी। इससे मरीजों की गतिविधियों पर नजर रखने, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और सुरक्षा संबंधी मामलों में त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Created On :  

Tags

Next Story