धोखाधड़ी: अस्पताल के चार कर्मचारियों ने किया 10 लाख से अधिक का गबन, सॉफ्टवेयर और बिलिंग में हेराफेरी की

अस्पताल के चार कर्मचारियों ने किया 10 लाख से अधिक का गबन, सॉफ्टवेयर और बिलिंग में हेराफेरी की
  • अस्पताल के बजाय अपने निजी खातों में जमा कराते थे मरीजों से रकम
  • बिलिंग के 7 लाख और फार्मेसी के 3.11 लाख रुपये का किया गबन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। एक निजी अस्पताल में लाखों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। अस्पताल के ही चार कर्मचारियों ने सॉफ्टवेयर और बिलिंग में हेराफेरी कर इस घटना को अंजाम दिया। मरीजों और उनके रिश्तेदारों से अस्पताल शुल्क व दवाइयों के नाम पर वसूली गई रकम अस्पताल के खाते में जमा कराने के बजाय अपने निजी खातों में जमा कराते रहे। इस मामले में सोमवार को लकड़गंज पुलिस ने चारों आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। घटना से अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। गंगाबाई घाट चौक के पास एन.एस.एच. नामक निजी अस्पताल है। यहां बिलिंग और फार्मेसी विभाग में अभिजीत उरकांदे (33), आशुतोष राघोंते (32), प्रफुल सोनसरे (30) और सूरज नारनवरे (31) कार्यरत थे। चारों आरोपी आजाद हिंद नगर, सेनापति नगर, वैष्णोदेवी नगर और पिपला फाटा क्षेत्र के निवासी हैं। आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अस्पताल को आर्थिक नुकसान पहुंचाया।

निजी खातों में जमा कराई रकम

24 मार्च से 28 अक्टूबर 2026 के बीच आरोपियों ने अस्पताल के सॉफ्टवेयर और बिलिंग रिकॉर्ड में हेराफेरी की। मरीजों और उनके रिश्तेदारों से अस्पताल शुल्क व दवाइयों की रकम नकद और ऑनलाइन माध्यम से ली गई, लेकिन इसे अस्पताल में जमा कराने के बजाय अपने निजी बैंक खातों में जमा कराया। इस तरह बिलिंग विभाग के 7 लाख रुपये और फार्मेसी विभाग के 3 लाख 11 हजार 40 रुपये, कुल 10 लाख 11 हजार 40 रुपये का गबन किए जाने का आरोप है।

रिकॉर्ड की जांच में खुला मामला

अस्पताल के व्यवस्थापक भूषण भुतड़ा (28), निवासी रामदासपेठ को जब इस गड़बड़ी की जानकारी मिली, तो उन्होंने कर्मचारियों से हिसाब मांगा। रिकॉर्ड की जांच करने पर लाखों रुपये के गबन का खुलासा हुआ। रकम वापस मांगने पर कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच विवाद तथा आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। इसके बाद मामला लकड़गंज थाने पहुंचा। पुलिस ने अभिजीत, आशुतोष, प्रफुल और सूरज के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Created On :  

Tags

Next Story