कार्रवाई: नागपुर ग्रामीण में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 लाख का अफीम जब्त, मध्यप्रदेश के दो सगे भाई गिरफ्तार

नागपुर ग्रामीण में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 लाख का अफीम जब्त, मध्यप्रदेश के दो सगे भाई गिरफ्तार
  • बुटीबोरी से भिवापुर तक पुलिस ने किया पीछा
  • 30.65 लाख रुपये का माल और दो वाहन जब्त

डिजिटल डेस्क, नागपुर। ग्रामीण पुलिस की एनडीपीएस टीम ने बुटीबोरी क्षेत्र में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अफीम तस्करी के मामले में मध्यप्रदेश के दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2.003 किलो अफीम बरामद की गई, जिसकी कीमत 10 लाख 1 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो वाहन, पांच मोबाइल और नकदी सहित कुल 30 लाख 65 हजार 500 रुपए का माल जब्त किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, एनडीपीएस टीम बुटीबोरी क्षेत्र में 15 नवंबर को गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मध्यप्रदेश पासिंग की बोलेरो पिकअप और इकोस्पोर्ट कार से करीब एक से दो किलो अफीम लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बेला-सारशी मार्ग पर दोनों संदिग्ध वाहनों को देखा और रोकने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस को देखकर वाहन चालकों ने रफ्तार बढ़ाकर भिवापुर मार्ग की ओर भागने का प्रयास किया। इसके बाद भिवापुर पुलिस की मदद से दोनों वाहनों को नांदा गांव में रोक लिया गया। तलाशी लेने पर इकोस्पोर्ट कार की डिक्की से एक-एक किलो के दो बंडलों में कुल 2.003 किलो अफीम बरामद हुई।

खेत में उगाही गई थी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अफीम उनके लाइसेंसधारक खेत में उगाए गए अफीम के पौधों से प्राप्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन सत्यनारायण पाटीदार (30) और लोकेशकुमार सत्यनारायण उर्फ कालिदास पाटीदार (32), निवासी बसेड़ीभाटी, तहसील जावद, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने 10,01,500 रुपये की अफीम, 20 लाख रुपये के बोलेरो पिकअप और इकोस्पोर्ट वाहन, 61,500 रुपये के पांच मोबाइल तथा 2,500 रुपये नकद जब्त किए हैं। कुल जब्ती 30,65,500 रुपये की है। जब्त माल, आरोपियों और संबंधित दस्तावेजों को आगे की जांच के लिए भिवापुर पुलिस के हवाले किया गया है।

इन अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक डा हर्ष पोद्दार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल मस्के और उपविभागीय पुलिस अधिकारी मयंक माधव के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। ग्रामीण अपराध शाखा पुलिस विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक अंकुश माने के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक पुरुषोत्तम मोहेकर, अजित सिंह देवरे, उपनिरीक्षक प्रवीण भिमटे, हवलदार प्रवीण देव्हारे, प्रकाश ठोके सहित पुलिस टीम ने कार्रवाई की। भिवापुर पुलिस के उपनिरीक्षक सचिन उरकुडे, स्वप्निल गेडाम, रोशन साहारे, सतीश राठोड तथा साइबर सेल की टीम ने भी सहयोग किया।

Created On :  

Tags

Next Story